बेमेतरा

178 किसानों से 6669 क्विंटल धान की खरीदी बारिश के चलते सिर्फ 21 केंद्रों में ली गई उपज
30-Nov-2023 2:54 PM
178 किसानों से 6669 क्विंटल धान  की खरीदी बारिश के चलते सिर्फ  21 केंद्रों में ली गई उपज

 बुधवार को 108 धान खरीदी केंद्रों में नहीं हुई खरीदी 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 30 नवंबर।
जिले में धान खरीदी बारिश की वजह से प्रभावित हो रही है। जिले के 129 धान खरीदी केन्द्रों में केवल 21 केन्द्रों में धान खरीदी हुई है। मंगलवार को बारिश की वजह से 700 से अधिक किसान धान नही बेच पाए थे। प्रभावित किसानों को आगामी 6 तारीख के बाद का समय दिया गया है। 

ज्ञात हो कि पश्चिम विक्षोभ की वजह से बेमेतरा, साजा, बेरला व नवागढ़ ब्लॉक में बारिश होने के कारण बुधवार को दूसरे दिन धान खरीदी प्रभावित रही। जिले में मंगलवार को कुल 129 धान खरीदी केन्द्रों में धान बेचने के लिए 3761 किसानों को 1 लाख 76 हजार क्विंटल धान बेचने के लिए टोकन जारी किया गया था, जिसमें से 3095 किसान ही धान बेच पाए। बीते दिवस कटई व दाढ़ी को छोडकर 127 केन्द्रों में धान खरीदी की गई।

टोकन प्राप्त किसानों से आगामी दिवस में की जाएगी उपज की खरीदी 
मौसम की वजह से किसान समस्याओं का सामना कर रहे हैं। किसान अशोक यादव ने बताया कि उनके लिए दुविधा की स्थिति है कि वो फसल को बारिश से बचाएं कि धान बेचें। इस वजह से किसान फ ड में धान बेचने के लिए नहीं पहुच रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ फड़ गिला होने के कारण भी धान खरीदी बंद है। बुधवार को जिले की सभी समितियों में धान बेचने के लिए 3386 टोकन जारी किए गए थे। टोकन से जिले के 129 केन्द्रों में 167466 क्विंटल बुधवार को खरीदा जाना था। बुधवार को समिति द्वारा जारी टोकन से 73 किसान एवं एप द्वारा जारी 105 किसान समेत कुल 178 किसानों ने 6669 क्विंटल धान की बिक्री की।

बढ़ रहा आर्थिक बोझ, दो हजार अतिरिक्त लगेगा
बुधवार को ग्राम कुसमी, बेमेतरा, मावलीभाठा, पदुमसरा, खिलोरा, थानखम्हरिया, पदमी, मउ, मोहभटठा, धोटवानी, साजा, गोढ़ीकला, परपोड़ा, दर्री, बसनी, भैसा, भदराली, सुरहोली, लोलेसरा, गोडगिरी व मोहरेगा में धान खरीदी जारी रही, जहां पर 178 किसानों से 6669 क्विंटल धान की खरीदी की गई। किसानों ने कहा कि उन पर आर्थिक भार अधिक हो रहा है। दो दिनों के दौरान जिले में करीब 3200 किसान टोकन जारी होने के बाद भी धान नहीं बेच पाए। जिले के इन किसानों से दो दिन में लगभग 2 लाख क्विंटल धान खरीदी होनी थी, जो अब आने वाले दिवस पर धान बेचेंगे। किसान अशोक यादव व रेवेन्द्र कुमार ने बताया कि जानकारी के अभाव में वो धान लेकर फ ड़ पहुंचे थे। उनके अलावा अनेक ऐसे किसान भी थे, जिन्हे बैंरग वापस लौटना पड़ा। वापस जाने वाले किसानो को दोबारा धान बेचने के लिए ट्रैक्टर, हमाली व रखरखाब पर व्यय लगभग 2000 रुपए का अतिरिक्त भार पड़ेगा।

धान खरीदी के आंकड़े 
129 धान खरीदी केन्द्रों में बुधवार को  21 केन्द्रों में धान खरीदी हुई वहीं 108 केन्द्रों में धान खरीदी बंद रही। बुधवार को 3095  किसानों को टोकन जारी किया गया। 

फसल बचाने की जुगत में लगे हैं किसान 

जिला मुख्यालय, पिकरी, मानपुर, लोलेसरा, बैजी, मुरपार, गागपुर, जहाजपुर सिरवाबांधा, मोहभटठा, मोहतरा, सिधौरी, कोबिया, फरी समेत अनेक गांव के किसान खेतों में रखी फसल बचाने के लिए जुगत करते दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा जिन किसानों ने रबी फ सल की तैयारी कर रहे हैं। उनके द्वारा सजगता से फ सल की देखरेख की जा रही है। सबसे अधिक समस्या साग-सब्जी की खेती कर रहे किसानों के लिए है। मौसम के कारण टमाटर समय से पहले पक रहा है। फ सल पर कीड़ा लगने का भी खतरा है।

जानकारी जुटा रहे हैं 
अनुविभागीय अधिकारी कृषि डॉ. श्यामलाल साहू ने कहा कि फसल की स्थिति की जानकारी विभाग के मैदानी अमलों से ले रहे हैं। क्षेत्र में 90 फीसदी फसल कट चुकी है। काटने के बाद यदि फ सल का करपा खेत में है तो कुछ नुकसान हो सकता है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news