जशपुर

कर्ज से परेशान युवक ने की खुदकुशी तीन समूहों से लाखों का कर्ज
30-Nov-2023 8:30 PM
कर्ज से परेशान युवक ने की खुदकुशी तीन समूहों से लाखों का कर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 30 नवंबर। जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के घुघरी गांव में  कर्ज से परेशान होकर तीस वर्षीय युवक ने खुदकुशी कर अपनी जान दे दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार घटना बुधवार शाम 6 बजे की है। जब मृतक अमीर राम पिता फूलचंद अपने घर में था।अचानक उसे उल्टियां शुरु हो गईं और उसके मुंह से झाग निकलने लगा। मृतक के पिता फूलचंद ने सबसे पहले इसे देखा और एम्बुलेंस को फोन करके मदद की गुहार लगाई। एम्बुलेंस आते ही युवक को गंभीर हालत में बगीचा अस्पताल लाया गया। रास्ते में एम्बुलेंस पंचर होने के कारण मृतक रात्रि 9 बजे के आसपास बगीचा अस्पताल पहुंचा जहां लगभग एक घंटे के इलाज के बाद युवक ने दम तोड़ दिया।

मृतक के पिता ने बताया कि उसके बेटे पर लगभग एक लाख पांच हजार का कर्ज था जिसको लेकर वह काफी परेशान था। उन्होंने बताया कि अलग-अलग समूहों से बीस हजार, पैंतीस हजार व पचपन हजार के कर्ज तले वह दबा हुआ था, जिसकी वसूली के लिए समूह के लोग उसे रोजाना परेशान कर रहे थे। पिछले दो दिन पहले भी समूह के द्वारा कर्ज की वसूली के लिए उसपर दबाव भी बनाया गया था। तब से वह मानसिक रुप से परेशान था।

पिता ने बताया कि अमीर शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। बांस का काम करके अपना जीवन यापन करते हैं। कई बार कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने भी अमीर की मदद की है। इस बार कर्ज की राशि अधिक होने के कारण वे उसकी मदद नहीं कर पाए। उनके पास जमीन जायदाद भी नहीं है।

बगीचा पुलिस मामले में मर्ग कायम कर विवेचना में जुटी हुई है। डॉ नीरज गुप्ता व डॉ. अमोल सिंह के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। डॉ. नीरज ने बताया कि पीएम के दौरान प्रथम दृष्टया शरीर में जहर के अंश पाए गए हैं। बिसरा जांच के बाद विस्तृत जांच रिपोर्ट पुलिस को सौंपने की बात उन्होंने कही है।

बगीचा थाना प्रभारी एसके सोनवानी ने बताया कि उक्त मामले में प्रथम दृष्टया जहर से मौत की बातें सामने आई हैं। कर्ज को लेकर तनाव की बात अब तक सामने नहीं आई है। विवेचना के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा, पुलिस हर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news