बिलासपुर

दस बरस में पहली बार छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में पेंडेंसी बढऩे के बजाय घटी
06-Dec-2023 7:46 PM
दस बरस में पहली बार छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में पेंडेंसी बढऩे के बजाय घटी

चीफ जस्टिस सिन्हा के पदभार ग्रहण करने के बाद मुकदमों के निपटारे में 30 फीसदी की वृद्धि हुई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर 6 दिसंबर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में पहली बार मुकदमों की पेंडेंसी बढऩे के बजाय कम हो रही है। बीते साल जहां 9 महीने में लंबित मामलों में 6.38 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी, वहीं इस साल इसी अवधि में यह 1.47 प्रतिशत कम हो गई है। इसके बावजूद अब भी लंबित मुकदमों की संख्या 90 हजार से अधिक है।

लगभग 8 माह पहले छत्तीसगढ़ में पदभार ग्रहण करने के बाद मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा ने लंबित  मामलों के निराकरण विशेष रुचि ली है, जिसका लाभ याचिकाकर्ताओं और आम लोगों को मिल रहा है। 

इसे इस आंकड़े से समझा जा सकता है कि 29 मार्च 2022 की स्थिति में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में 84651 प्रकरण लंबित थे। एक दिसंबर 2022 को इसकी संख्या बढक़र 90051 हो गई। इस तरह से सन 2022 की इस अवधि में लंबित मामलों की संख्या 6.38 प्रतिशत बढ़ गई। वही 29 मार्च 2023 की स्थिति में लंबित मामले बढक़र 92316 हो गए थे किंतु एक दिसंबर 2023 की स्थिति में इनकी संख्या घटकर 90959 रह गई। इस तरह से बीते 10 वर्षों में पहली बार छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में पेंडेंसी घटी।

यदि पिछले वर्ष और इस वर्ष की समान अवधि की तुलना करें तो हैं  मामलों की संस्था 28526 (वर्ष 2022 में) थी और वही 29 मार्च 2023 से 1 दिसंबर 2023 की अवधि में 28583 थीं। इस प्रकार, इसी अवधि के दौरान मामलों के पंजीयन में भी लगभग 0.20 फीसदी की वृद्धि हुई। दूसरी ओर मामलों के निपटारे में भी वृद्धि हुई। यदि समान अवधि के दौरान तुलना की जाए तो यह क्रमश: 23 हजार 126 मामले और 29 हजार 940 मामले होते हैं। इस प्रकार, यद्यपि उपरोक्त दोनों अवधि के दौरान मामलों के रजिस्ट्रेशन में लगभग 0.20 फीसदी की वृद्धि हुई है, लेकिन निपटारे में भी 29.46 फीसदी की वृद्धि हुई। इस दौरान मुख्य न्यायाधीश ने एकलपीठ में कुल 2117 तथा खंडपीठ में 4381 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। कुल 29940 मामलों के निस्तारण में से मुख्य न्यायाधीश ने अकेले कुल 6498 मामलों का निपटारा किया है, जो कुल मामलों का 22फीसदी है। इससे यह भी पता चलता है कि मुख्य न्यायाधीश के साथ कुशल न्यायाधीशों की एक टीम हैं, जो अधिक से अधिक मामलों का निपटारा करने के एकमात्र उद्देश्य के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में निपटारे के प्रतिशत में 29.46 फीसदी की वृद्धि उल्लेखनीय सफलता है। इस दौरान मुख्य न्यायाधीश ने न केवल बड़ी संख्या में मामलों का निपटारा किया है, बल्कि रोस्टर बनाने और  न्यायाधीशों में उत्साह पैदा करने के प्रयास भी किए। जजों ने इस उच्च न्यायालय की समग्र प्रभावकारिता को बढ़ाया है। वे लगातार काम करके उदाहरण स्थापित कर रहे हैं, जिससे उच्च न्यायालय के सभी न्यायाधीशों, अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेरणा मिल रही है। इससे उच्च न्यायालय की कार्य संस्कृति उभरी है और अंतत: बड़े पैमाने पर जनता को लाभ हो रहा है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news