जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 16 दिसंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या देवी, मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद शुक्रवार की देर रात, गृह ग्राम बगिया पहुंचीं। बगिया में भाजपा के कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया।
कड़ाके की सर्दी की परवाह न करते हुए भारी संख्या में स्वागत के लिए महिला और पुरुष जुटे थे। गाँव में प्रवेश करते ही ग्रामीणों ने कौशल्या देवी को फूल माला से लाद दिया। पूरा गाँव आधी रात को विष्णुदेव साय जिंदाबाद के गगन भेदी नारे से गूंज उठा।
शानदार स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का आभार जताते हुए,कौशल्या देवी ने कहा कि विधान सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जो जीत मिली है, वह छत्तीसगढ़ की जनता और भाजपा के कार्यकर्ताओं की जीत है।
उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय के मुख्यमंत्री बनने से जशपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के विकास को गति मिलेगी। इसकी शुरुआत, कैबिनेट की पहली बैठक में हो चुकी है। सरकार ने 18 लाख से अधिक गरीब परिवारों को पीएम आवास की सौगात दे चुकी है। मुख्यमंत्री ने सस्ती और गुणवत्ता युक्त दवा उपलब्ध कराने के लिए, सभी अस्पतालों में जेनरिक दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश, स्वास्थ्य विभाग को जारी किया है। जनता के हित और प्रदेश के विकास के लिए, सख्त निर्णय का यह सिलसिला, आगे भी जारी रहेगा।