रायपुर
रायपुर, 26 दिसंबर। चंगोराभाठा स्थित दक्षिणामूर्ति विद्यापीठ स्कूल में बदमाशों ने प्रचार्य की पिटाई कर दी। शनिवार को स्कूल में घुसकर कुछ लोगों ने प्राचार्य की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट क्यों हुई ये अभी अज्ञात है। स्कूल में हंगामा के बाद छात्रों को स्कूल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने प्राचार्य की पिटाई करने वालों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर लिया है। डीडी नगर थाना का मामला।
पुलिस ने बताया कि अम्लेश्वर निवासी अविनाश मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह दक्षिणामूर्ति विद्यापीठ स्कूल में प्राचार्य है। शनिवार को स्कूल में खेल कूद प्रतियोगिता चल रहा था। इसी दौरान स्कूल में एक कार घुसी। उसमें से चार लोग उतरे। एक व्यक्ति ने खुद का परिचय सत्यनारायण तिवारी के तौर पर दिया। वह एक छात्रा का रिश्तेदार है। उसने गाली गलौज शुरू कर दी। उसके साथ आए लोगों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया और प्राचार्य मिश्रा के साथ मारपीट की। स्कूल के शिक्षकों ने बीच बचाव किया। उसके बाद आरोपी भाग गए। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। वहीं गाड़ी नम्बर से आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो पाई है।