सरगुजा

अपने-अपने बूथ में 370 वोट के लक्ष्य को पूरा करना है- अजय जामवाल
10-Apr-2024 10:21 PM
अपने-अपने बूथ में 370 वोट के लक्ष्य को पूरा करना है- अजय जामवाल

चुनाव की तैयारियों पर बीजेपी विधानसभा स्तरीय बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,10 अप्रैल। बुधवार को सरगुजा तथा बलरामपुर जिले के पांच विधानसभा के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक भाजपा क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल तथा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय के मुख्य आतिथ्य में स्थानीय पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ।

कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, संभागीय प्रभारी राजा पाण्डेय, पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, अम्बिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, लोकसभा संयोजक कमलभान सिंह, सह संयोजक अखिलेश सोनी, सरगुजा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, बलरामपुर जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल, प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव, वरिष्ठ नेता भीमसेन अग्रवाल, वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत सिंह सिसोदिया की उपस्थिति में आयोजित लोक सभा चुनाव विधान सभा स्तरीय बैठक में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हम सबको अपने अपने बूथ में 370 वोट के लक्ष्य को पूरा करना है। प्रत्येक बूथ के पालक इस बात की चिंता करें कि हमारा बूथ सबसे मजबूत रहेगा। 

आगे उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि एक माह रोज 8 घंटे विधानसभा क्षेत्र के लिए तथा 2 घंटे अपने अपने बूथ के लिए काम करें। आज भारत देश का डंका पूरे विश्व में बज रहा है तो इसके पीछे पीएम मोदी जैसा केन्द्रीय नेतृत्व और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। 400 पार सीट लाने का मतलब दो तिहाई से अधिक बहुमत है जहां हम जनता के हित में ज्यादा से ज्यादा काम कर पाएंगे और 2024 तथा 2047 का लक्ष्य पूरा करने के लिए हमें भारी बहुमत से सरकार बनाना जरूरी है।  हमें जो जिम्मेदारी मिली है उसमे हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम अपनी अपनी जिम्मेदारी को सौ प्रतिशत पूरा करेंगे।

 हमारा देश विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है, और हमें विराट हृदय के साथ सबका स्वागत करना है।

इस अवसर पर पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाकर आपने छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया आपको ढेरों बधाई।

 आप सब कार्यकर्ताओं के दम पर ही ये सम्भव हुआ अब लोकसभा में भी हम इतिहास रचेंगे। उन्होंने बूथ पर फोकस करते हुए कहा कि सभी च्बूथ विजय संकल्प अभियानज् अंतर्गत 24 बिंदु पर काम करें तथा बूथ जीतने की योजना बनाएं। हम बूथ जीतेंगे तभी चुनाव जीतेंगे।   उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राष्ट्र के लिए काम करती है। हम सबका लक्ष्य भारत को विश्वगुरु बनाना है। जैसे मोदी जी का संपूर्ण जीवन देश के लिए समर्पित है वैसे ही हमें भी अपना बूथ जीतकर देश संगठन के लिए अपना योगदान देना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी कार्यकर्ता माइक्रो डोनेशन जरूर करें।

अपने स्वागत उद्बोधन में भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ता कमर कस कर तैयार हैं। विधानसभा चुनाव की तरह यह चुनाव भी हम भारी बहुमत से जीतेंगे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता ने तथा आभार प्रदर्शन भाजपा बलरामपुर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल ने किया।

बैठक में विधानसभा अंबिकापुर, लुण्ड्रा, सीतापुर, रामानुजगंज तथा सामरी के प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news