सरगुजा

मोदी ने भारत को विश्व में नई शक्ति के रूप में प्रस्तुत किया- चंद्रकांत पटेल
13-Apr-2024 9:04 PM
मोदी ने भारत को विश्व में नई शक्ति के रूप में प्रस्तुत किया- चंद्रकांत पटेल

विकसित भारत 2047 की परिकल्पना पर परिचर्चा

अंबिकापुर, 13 अप्रैल। होटल सरगांवा पैलेस में अप्रवासी भारतीय व ओवरसीज फ्रेंड ऑफ़ बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष चंद्रकांत पटेल के मुख्य आतिथ्य, पूर्व केबिनेट मंत्री व बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, भाजपा संभागीय संगठन प्रभारी राजा पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, पूर्व ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी के विशिष्ट आतिथ्य में तथा सीए एच एस जायसवाल के संयोजन व नगर के बुद्धिजीवी वर्ग सीए, डॉक्टर, इंजीनियर तथा अधिवक्तागणों की उपस्थिति में ‘विकसित भारत 2047 की परिकल्पना’ विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर अप्रवासी भारतीय व ओवरसीज फ्रेंड ऑफ़ बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष चंद्रकांत पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश न केवल मजबूत हुआ है, बल्कि विदेशों में देश की छवि भी सुदृढ़ हुई है। अप्रवासी भारतीय के रूप में हमने ये महसूस किया है कि अमेरिका जैसे सुपर पावर देश में भी भारतीय को अब बड़ी इज्जत के साथ देखा जाता है। मोदी जी ने भारत को विश्व में नई शक्ति के रूप में प्रस्तुत किया है जो देशहित में न किसी से डरता है न झुकता है।

 पूर्व कैबिनेट मंत्री व बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सभी देशवासियों के सहयोग से पूरा होगा। 2047 में जब हम अपने आजादी की 100 वी जयंती मनाएंगे तब भारत विश्वगुरु बनकर पूरी दुनिया का नेतृत्व करेगा। बुद्धिजीवी वर्ग को इस महान यज्ञ में न केवल अपना योगदान देना है बल्कि मोदीजी का हाथ मजबूत कर देश को आगे ले जाने के लिए ऊर्जा भी देना है।

भाजपा संभागीय संगठन प्रभारी राजा पांडे ने बुद्धिजीवी वर्ग का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के बुद्धिजीवी वर्ग की प्रतिभा का देशहित में हमेशा सदुपयोग किया है। मोदीजी लगातार बुद्धिजीवी वर्ग से बातचीत करते रहते हैं तथा उनसे सलाह लेकर देश को विकास की राह में आगे ले जाने की योजना पर काम करने में विश्वास करते हैं। हमें विकसित भारत बनाने के लिए आपका साथ चाहिए।

 भाजपा ओबीसी मोर्चा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी ने कहा कि अप्रवासी भारतीय होकर भी अपने देश, समाज व संगठन के लिए सेवा के अनेकानेक कार्यों से चंद्र कांत पटेल जी ने अपनी पहचान बनाई है। हमें गर्व होता है कि सरगुजा का माटी पुत्र आज अमेरिका जैसे देश में अपने देश प्रदेश तथा अंचल का नाम रोशन कर रहा है।

स्वागत उद्बोधन में कार्यक्रम के संयोजक सीए एच एस जायसवाल ने कहा कि पहली बार देश में कोई सरकार बनी है जो सनातन संस्कृति को आत्मसात कर देश को आगे ले जाने का काम कर रही है। अब भारत को विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। कार्यक्रम का संचालन भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश मंत्री मनोज गुप्ता ने तथा आभार प्रदर्शन आदिवासी मोर्चा प्रदेश महामंत्री रामलखन पैकरा ने किया।

 कार्यक्रम को सी ए सुभाष अग्रवाल, सी ए राकेश तिवारी, सी ए संतोष सिंह, अधिवक्ता सुशील शुक्ला तथा इंजीनियर कुनाल दुबे ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर सीए जितेन्द्र सिन्हा, सीए प्रबुद्ध त्रिपाठी, सीए संतोष सिन्हा, महेंद्र सिंह टूटेजा, विद्यानंद मिश्रा, संतोष गुप्ता, संतोष दास, रूपेश दुबे, सीए अतुल गुप्ता, सीए अभय मौर्य,सीए अंकित गोयल,सीए ओम गुप्ता, सीए मितेश गुप्ता, एडवोकेट बच्चू तिवारी, एडवोकेट प्रवीण मित्तल, सी ए विशाल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धगण उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news