राजनांदगांव

10 सालों में हद से ज्यादा बढ़ी है महंगाई - प्रियंका
22-Apr-2024 3:22 PM
10 सालों में हद से ज्यादा बढ़ी है महंगाई - प्रियंका

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका ने मोहड़ में जनसभा को किया संबोधित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 अप्रैल।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी मोहड़ डोंगरगांव की जनसभा को संबोधित करते कहा कि 5 साल छग में कांग्रेस सरकार ने भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रदेश की जनता आर्थिक रूप से मजबूत बनी। इन्होंने दिन-रात मेहनत कर किसान, युवा, महतारियों के लिए काम कर रोजगार के संसाधन उपलब्ध कराएं हैं, जिसे भाजपा बंद कर रही है। हमारा जो स्वतंत्रता संग्राम था गांधी ने उसका नेतृत्व किया और बड़े-बड़े नेता थे, अगर एकजुट नहीं होते, अगर इस देश की जनता एकजुट नहीं होती तो हमें आजादी कभी नहीं मिलती, यह जो आजादी है हमारा स्वतंत्र देश है, यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है, आपको अधिकार मिलते है। 

उन्होंने कहा, संविधान में सबको अधिकार मिलता है। किसी भी वर्ग के हो आपको संविधान ने बहुत अधिकार दिया है, उनमें एक अधिकार यह है कि आप वोट डाल सकते हैं। अभी चुनाव का समय है। वोट डालने का समय है। महंगाई पिछले 10 सालों में हद से ज्यादा बढ़ी है। ये आपकी सबसे बड़ी समस्या है। बेरोजगारी 45 सालों में देश में सबसे ज्यादा हो चुकी है। बेरोजगारी इतनी बढ़ गई है कि आप अपने बच्चों को कितना भी पढ़ाएं, लेकिन आपको यह गारंटी नहीं मिल सकती कि पढऩे-लिखने के बावजूद रोजगार मिलेगा कि नहीं, किसानों की बहुत समस्याएं है, किसान महंगाई से जूझ रहा है। 

मोदी सरकार जनता को कोई सुविधा नहीं दे पा रही है। भाजपा लोगों के अधिकारों को कमजोर करना चाहती है। इसी संविधान आपको वोट करने का अधिकार, आदिवासियों के संस्कृति को बचाकर रखा। 

मोदी उद्योगपतियों का कर्जा माफ करते है, पर किसानों का कर्जा माफ नहीं करते। किसान आंदोलन करते है तो उन पर कानून लगा देते है, जिससे किसान पीसेगा ओर बड़े-बड़े उद्योगपतियों का फायदा होता है। देश की बिजली, सडक़े, हवाई अड्डे ये सब दो बड़े उद्योगपतियों को सौंप दिए गए हैं।

कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि छत्तीसगढ़ और देश में बदलाव की लहर दिख रहा है। देश में हुए प्रथम चरण के मतदान का जो रूझान दिखने को मिल रहा है भाजपा बैकफुट में आ गई है। प्रियंका गांधी पूरे देश में पार्टी के लिए चुनाव प्रचार कर रही है। प्रियंका गांधी को जो एहसास हो रहा है, पूरा देश बदलाव चाहता है। मोदी के 10 साल के सरकार ने सिर्फ जुमले और वादे दिए हैं। जबकि कांग्रेस ने मनरेगा, खाद्य का अधिकार, शिक्षा का अधिकार, जैसे कानून दिए। 

वहीं भाजपा किसानों पर तीन काले कानून थोपने, नोटबंदी, जीएसटी लगाने का काम किया है। भाजपा और मोदी अपने लिए 15 साल मांग रहे और युवाओं को 4 साल में रिटायरमेंट दे रही है, इसलिए कांग्रेस पार्टी ने वादा किया है, संकल्प लिया है किसानों के हित के लिए कानून बनाएंगे, हर गरीब परिवार की महिलाओं को 1 लाख प्रतिवर्ष देंगे। 30 लाख नौकरियां देंगे, युवाओं को आगे लेकर जाएंगे। भाजपा बोलती है 400 पारख् जब 4 तारीख को रिजल्ट आएगा तो भाजपा दक्षिण से साफ और उत्तर से हाफ, भाजपा का अहंकार टूटेगा। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मेहनत रंग लाएगी।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा प्रत्याशी भूपेश बघेल ने कहा कि पांच साल पहले जब राहुल गांधी आए थे। 2018 में तब किसानों से वादा किया था, किसानों का कर्जा माफी होगा, 2500 प्रति क्विंटल में धान खरीदी होगा, 35 किलो राशन सभी परिवार को मिलेगा और बिजली बिल हाफ सब को मिलेगा। केंद्र सरकार के अडंगा के बावजूद भी, करोनाकाल के बावजूद भी कांग्रेस के छत्तीसगढ़ सरकार किसान, मजदूर, गरीब, महिला, नौजवान के साथ खड़े थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news