सरगुजा

उप स्वास्थ्य केंद्र रात में बंद, 8 किमी दूर लखनपुर सीएचसी जाने की मजबूरी
27-Aug-2024 8:21 PM
उप स्वास्थ्य केंद्र रात में बंद, 8 किमी दूर लखनपुर सीएचसी जाने की मजबूरी

पानी के अभाव में स्वास्थ्य कर्मी रात में नहीं करते निवास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 27 अगस्त। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अमदला मुख्य मार्ग पर स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र रात में पूर्णत: बंद रहता है। उप स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों के रात में निवास नहीं करने से मरीजों और परिजनों को 8 किलोमीटर दूर लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपचार हेतु लाना पड़ता है। जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उप स्वास्थ्य केंद्र होने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को रात में स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पा रही है। उप स्वास्थ्य केंद्र अमदला के कर्मचारियों ने बताया कि पानी और बिजली के अभाव में कर्मचारी निवास नहीं करते हैं और क्षेत्र की गर्भवती और मरीजों  को उपचार के लिए लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया जाता है।

गौरतलब है कि शासन प्रशासन के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में उप स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से 24 घंटे लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को पास में ही स्वास्थ्य सुविधा मिल सके, परंतु ग्रामीण क्षेत्र के उप स्वास्थ्य केदो के रात में बंद होने के कारण लोगों को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ नहीं मिल पाता है।

आधा अधूरा भवन हैंडओवर

सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अंजली सिंह और एएनएम सुशीला तिर्की ने बताया कि 2017 -18 में आधा अधूरा भवन स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया गया था, तब से उप स्वास्थ्य केंद्र का संचालन किया जा रहा है। 2017-18 से पानी और कुछ महीनो से बिजली के अभाव में रात में कर्मचारी निवास नहीं कर पाते है। उप स्वास्थ्य केंद्र में पानी की पूर्ति के लिए कई बार आवेदन दिया गया, पर आज तक उप स्वास्थ्य केंद्र में पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है। दोपहर में मजदूरों से उप स्वास्थ्य केंद्र में पानी भरवा कर काम चलाया जा रहा है। रात में आने वाले मरीजों को उपचार हेतु लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मजबूरन भेजना पड़ता है।

शासकीय हैंडपंप में बांध रहे मवेशी

उप स्वास्थ्य केंद्र के पीछे पानी की पूर्ति के लिए शासकीय हैंड पंप खुदवाया गया था, परंतु हैंड पंप से पानी नहीं निकला। हैंडपंप के कुछ सामान गायब हो चुके हैं, अब शासकीय हैंडपंप में मवेशी बांधे जा रहे हैं।

पानी की व्यवस्था कराई जाएगी- खंड चिकित्सा अधिकारी

इस संबंध में लखनपुर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओपी प्रसाद से बात करने पर उनके द्वारा कहा गया कि अभी-अभी पदभार ग्रहण किया हंू। आपके माध्यम से मामला संज्ञान में आया है। उप स्वास्थ्य केंद्र अमदला में पानी की व्यवस्था कराई जाएगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news