राजनांदगांव

ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियों में गुटीय समीकरण के जरिये संतुलन बनाने की कवायद
04-Jan-2021 1:49 PM
ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियों में गुटीय समीकरण के जरिये संतुलन बनाने की कवायद

नांदगांव में विधायकों और संगठन से जुड़े नेताओं की पसंद पर लगी मुहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जनवरी।
राजनांदगांव जिले में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों की बहुप्रतिक्षित सूची में विधायकों और संगठन से जुड़े नेताओं की पसंद का पूरा ख्याल रखा गया है। जिलेभर के दर्जनभर ब्लॉक अध्यक्षों के मनोनयन के पीछे क्षेत्रीय नेताओं की अहम भूमिका रही। वहीं राजनांदगांव मुख्यालय के शहरी नेताओं के पसंद के मुताबिक नियुक्तियां की गई है।  

राजनांदगांव दक्षिण ब्लॉक के अध्यक्ष बने सूर्यकांत जैन मौजूदा शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा के करीबी हैं। छाबड़ा की सिफारिश को प्रदेश नेतृत्व ने उचित महत्व दिया है। राजनांदगांव मेयर हेमा देशमुख की पसंद आसिफ अली रहे हैं। उन्हें दोबारा उत्तर ब्लॉक  का अध्यक्ष बनाया गया। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्र अंबागढ़ चौकी में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। उनकी ब्लॉक अध्यक्ष के तौर पर तीसरी बार ताजपोशी हुई है। वह खुज्जी विधायक छन्नी साहू के नजदीकी माने जाते हैं। 

इसी तरह छुरिया ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में रितेश जैन को जिम्मेदारी दी गई है। वह कांग्रेस के कद्दावर नेता रमेश जैन के सगे भतीजे हैं। छुरिया में उनकी अच्छी पैठ मानी जाती है। लालबहादुर नगर के ब्लॉक अध्यक्ष बने हीरा सोनी विधायक दलेश्वर साहू के कट्टर समर्थक माने जाते हैं। इधर मुढ़ीपार ब्लॉक अध्यक्ष कोमल साहू पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवाज खान के काफी करीबी रहे हैं। नवाज को पद से हटाए जाने के बाद संगठन ने उनकी पसंद के मुताबिक कोमल साहू को मनोनीत किया है। 

बताया जा रहा है कि जिले में हुई नियुक्तियों में ब्लॉक अध्यक्ष पद पर काबिज हुए नेताओं को क्षेत्रीय एवं जातिगत समीकरण को साधते हुए प्रदेश संगठन ने मनोनीत किया है। मिली जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव ब्लॉक अध्यक्ष बने घनश्याम देवांगन के नाम को लेकर जिलाध्यक्ष पदम कोठारी ने काफी कोशिश की। उनकी पसंद पर देवांगन की नियुक्ति हुई है। इसी तरह गंडई ब्लॉक के अध्यक्ष बने रमेश साहू प्रभारी मंत्री मो. अकबर की पसंद पर मनोनीत हुए हैं।  लंबे समय से ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियां अटकी हुई थी। जिले में ब्लॉक स्तरों पर काफी फेरबदल होने की संभावना थी।
 
बताया जा रहा है कि कुछ अध्यक्षों के मनोनयन को लेकर पार्टी में मतभेद भी उभरे हैं। डोंगरगढ़ शहर अध्यक्ष संजीव गोमास्ता की नियुक्ति को लेकर स्थानीय नेताओं में नाराजगी उभरी है। बताया जा रहा है कि जिले में हुई नियुक्तियों को व्यक्ति विशेष के पसंद के अनुरूप माना जा रहा है। नियुक्तियों में खैरागढ़ की यशोदा वर्मा, छुईखदान से रामकुमार पटेल, डोंगरगढ़ ग्रामीण से सुरेश सिन्हा, मोहला ब्लॉक अध्यक्ष   नेहरूराम कुरेटी, मानपुर से लच्छूराम सांवले, घुमका से रतन यादव, कुमर्दा से अब्दुल खान, खैरागढ़ नगर अध्यक्ष भीखमचंद छाजेड़, डोंगरगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष चेतन साहू शामिल हैं। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news