राजनांदगांव

पश्चिमी विक्षोभ से दिन और रात के तापमान में एकाएक बढ़ोत्तरी
05-Jan-2021 2:06 PM
पश्चिमी विक्षोभ से दिन और रात के तापमान में एकाएक बढ़ोत्तरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 जनवरी।
ठंड के लिहाज से जनवरी का पहला सप्ताह काफी गर्म साबित हो रहा है। पश्चिम विक्षोभ से आसमान में छाए बादलों के चलते दिन और रात के तापमान में एकाएक वृद्धि हो गई है। सर्दीले मौसम में पसीने छूटने से लोग बेचैनी महसूस कर रहे हैं। जनवरी के महीने को कडकाड़ाती महीने के लिए जाना जाता है। मौसम में हुए उतार-चढ़ाव के कारण दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी इजाफा हुआ है। बताया जा रहा है कि अगले 4-5 दिन तापमान में वृद्धि के चलते मौसम के गर्म रहने की संभावना है। फिलहाल लोगों को शाम और सुबह ही सर्दी का अहसास हो रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार विक्षोभ मध्य पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर के ऊपर सक्रिय है। जिसके प्रभाव से प्रदेश में 1.5 किमी से 3.1 किमी तक दक्षिण पूर्व से नमीयुक्त गर्म हवा आ रही है। इस कारण प्रदेश के मध्य और दक्षिणी भाग प्रभावित है। मध्यम स्तर के बादल छाए हुए हैं। जिससे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में वृद्धि संभावित है। प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की भी संभावना जताई जा  रही है। इसके असर से फिलहाल ठंड में कमी होने की आशंका है। आने वाले दिनों में इस सिस्टम में बदलाव होने के बाद तापमान में गिरावट हो सकती है। लंबे समय बाद ऐसी स्थिति निर्मित हुई है कि दिसंबर का पूरा महीना बगैर कड़ाके की ठंड के ही बीत गया। दिसंबर के कुछ दिन ही ऐसे रहे हैं, जब तापमान में गिरावट हुई है।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news