बस्तर

भाजपा किसानों की हितैषी बनने का ढोंग कर रही- जैन
06-Jan-2021 9:11 PM
 भाजपा किसानों की हितैषी बनने का ढोंग कर रही- जैन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर,  6 जनवरी। केंद्र सरकार द्वारा पारित किसान बिल को लेकर आज जगदलपुर कांग्रेस भवन में पत्रवार्ता कर विधायक व संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा किसानों की हितैषी बनने का ढोंग कर रही है।

श्री जैन ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार किसानों का धान समर्थन मूल्य में खरीद रही है। अभी तक लगभग 20 लाख से अधिक किसानों से 54 लाख मेट्रिक टन धान खरीदा है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में किसान विरोधी भाजपा और भाजपा के नेता नरेंद्र मोदी सरकार के तीन किसान विरोधी काला कानून से जनता का ध्यान हटाने के लिए छत्तीसगढ़ में किसानों के धान खरीदी के नाम से राजनीति कर रहे हैं। किसानों के शुभचिंतक होने का ढोंग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि धान खरीदी पर भाजपा नेता लगातार झूठ का सहारा ले रहे हैं। किसानों के हित में ठोस काम करने वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा अभी से झूठ का प्रचार करने लगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसानों और धान का सम्मान किया है। कांग्रेस सरकार ने पहले साल में 80 लाख टन से अधिक और दूसरे साल में 83 लाख टन धान की खरीदी की है। भाजपा की 15 साल की सरकार ने तो 15 लाख से भी कम किसानों से औसत 50 लाख टन धान ही प्रतिवर्ष खरीदा गया। इस साल 21 लाख 50 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन हो चुका है।

कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया, जो भाजपा ने कभी नहीं सोचा था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कहा था कि 2022 तक किसानों की आय दुगुनी करेंगे, लेकिन अभी तक किसानों की आय बढ़ाने के लिए कुछ भी नहीं किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार के किसान हितैषी कार्यों से छत्तीसगढ़ के किसान खुशहाल है। कर्ज माफी का लाभ 20 लाख किसान परिवारों को मिला है। तत्कालीन रमन सरकार ने किसानों के साथ वादा खिलाफी और दगाबाजी की, जिससे किसान अपने खेत खलिहान, पशुधन बेचने पर मजबूर हो गए थे।

प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी पर भी धान खरीदी पर गलत बयानबाजी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा प्रभारी पुरंदेश्वरी छत्तीसगढ़ के किसानों की भलाई चाहती है तो भाजपा के 9 सांसदों, 2 राज्यसभा सदस्यों और भाजपा के 1 विधायक को लेकर दिल्ली जाएं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छत्तीसगढ़ के किसानों से प्रति एकड़ 25 क्विंटल धान खरीदी के अनुपात में चावल लेने की अनुमति लेकर आएं।

इस मौके पर जगदलपुर विधायक के साथ बस्तर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजीव शर्मा, नगर निगम सभापति कविता साहू, महापौर सफिरा साहू समेत अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news