छत्तीसगढ़ » गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 12 जनवरी। भारत सरकार द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान चलाया जा रहा है। नगर पालिका परिषद गरियाबंद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर सोमवार 15 जनवरी को प्रात: 10 बजे से शाम 06 बजे तक जिला मुख्यालय के गांधी मैदान में आयोजित किया जायेगा। जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए नवीन आवेदन एवं पीएम स्वनिधि लोन के लिए आवेदन लिये जायेंगे। इसी प्रकार प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के नवीन पंजीयन एवं पूर्व में प्राप्त हितग्राहियों को सामग्री वितरण किया जायेगा। साथ ही प्रधानमंत्री मुद्रा लोन के लिए आवेदन, आयुष्मान कार्ड ऑनलाईन पंजीयन एवं वितरण, आधार कार्ड अपडेशन, श्रम कार्ड पंजीयन एवं नवीनीकरण तथा निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण किया जायेगा। उन्होंने नगरवासियों से अपील की है कि वे केन्द्र सरकार के योजनाओं का लाभ के लिए आवश्यक दस्तावेज, फोटो, आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक एवं मोबाईल लेकर संकल्प यात्रा शिविर में पहुंचकर केन्द्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 12 जनवरी। जिले में पदस्थापना के बाद कलेक्टर दीपक कुमार अग्रवाल ने आज समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी का निरीक्षण करने धान खरीदी केन्द्र मरौदा पहुंचे। केन्द्र में जारी धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मौके पर मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों से किसानों से सुचारू तरीके से धान खरीदी की सुविधाओं का भी मूल्याकंन किया।
धान खरीदी केन्द्र में उन्होंने नमी मापक यंत्र से धान का नमी मापकर देखा, साथ ही धान की बोरियों में भी हाथ लगाकर नमी आदि की जांच की, साथ ही अपने सामने ही धान तौलाई का अवलोकन किया।
कलेक्टर ने मौके पर तौलाई में गड़बड़ी, धान में नमी एवं समिति में सुचारू व्यवस्था नहीं होने पर मौके पर अधिकारी-कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं सहित समिति प्रबंधक, एवं सुपरवाईजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि किसानों से धान खरीदी पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। लापरवाही पाये जाने पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने धान बेचने में किसानों को किसी भी परेशानी न हो, यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस दौरान अपर कलेक्टर अविनाश भोई, जिला खाद्य अधिकारी सुधीरचन्द्र गुरु, डीएमओ अमित चन्द्राकर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर अग्रवाल ने गरियाबंद तहसील के ग्राम मरोदा के धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर खरीदी केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में धान आवक रजिस्टर पंजी, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, किसानों के ऋण पुस्तिका की जानकारी, आर्द्रतामापी यंत्र, पुराने, नये बारदाने, धान के परिवहन की जानकारी सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपार्जन केन्द्रों में धान बेचने आये किसानों से चर्चा करते हुए कहा कि उन्हें धान बेचने की व्यवस्थाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्र में स्वयं ही बोरो में रखे धान के नमी स्तर आर्द्रतामापी यंत्र से जांचा और भरे हुए धान बोरों के वजन दोबारा कराया। इस पर तौल में सही वजन नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने समिति के कर्मचारियों को किसानों के धान निर्धारित मात्रा में तौलने के निर्देश देते हुए कहा कि धान तौलने, भरने, स्टेकिंग करने में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। प्रतिदिन धान खरीदी होने के उपरांत उसे सिलाई कर स्टेकिंग कराये।
जहां कहीं अनियमितता है, उसे सुधार करे। उन्होंने संबंधित अधिकारी को स्टॉक वेरिफिकेशन करने के निर्देश दिये। साथ ही जिले के धान खरीदी केन्द्र में कार्य करने वाले कर्मचारियों, मजदूरों के लिए परिचय पत्र बनाये।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 12 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव जी से रायपुर जिला के मंडल अध्यक्षों ने सौजन्य मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों के बारे में विचार विमर्श किया गया। मंडल अध्यक्षों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष द्वारा कहा गया कि भाजपा संगठन में अध्यक्षीय प्रणाली होने के कारण संगठन के सभी स्तरों पर अध्यक्षों का विशेष महत्व होता है।
इसमें मंडल अध्यक्ष के द्वारा ही संगठन के कार्यों का संचालन किया जाता है तथा समस्त कार्यप्रणाली की दशा और दिशा तय की जाती है। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश व आह्वान का क्रियान्वयन करने के लिए मंडल अध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व होता है। विपक्ष में रहने के दौरान जो संघर्ष मंडल अध्यक्षों द्वारा किया गया है उसे भी याद रखना होगा और अब सत्ता में बैठने के बाद संगठन के द्वारा सेवा कार्य की गति बढ़ाने की जरुरत भी है। सत्ता और संगठन में बेहतर समन्वय स्थापित करने के बारे में भी प्रदेश अध्यक्ष द्वारा आश्वस्त किया गया।
मंडल अध्यक्षों ने प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव का अभिनंदन किया गया। इस दौरान तिल्दा शहर मंडल अध्यक्ष ईश्वर यदु, तिल्दा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भागबली साहू, नवापारा मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, अभनपुर मंडल अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, तामासिवनी चंपारण मंडल अध्यक्ष नारायण यादव, धरसीवां मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार वर्मा, विधानसभा मंडल अध्यक्ष भरत सोनी, खरोरा मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र ठाकुर, वरिष्ठ भाजपा नेता मनीष देवांगन आदि उपस्थित थे।
नवापारा-राजिम, 12 जनवरी। गोबरा नवापारा नगर पालिका में अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में भाजपा पार्षदों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। पार्षदों ने नगर पालिका अध्यक्ष के कार्यों और विचारधार से असंतुष्ट है। यहां धनराज मध्यानी नगर पालिका अध्यक्ष, चतुर जगत पालिका उपाध्यक्ष और प्रसन्न शर्मा नेता प्रतिपक्ष हैं।बता दें गोबरा नवापारा में कुल 21 वार्ड है, जिनमें 11 सीटे कांग्रेस के पास, 8 सीटे भाजपा के पास और 2 सीट में निर्दलीय पार्षद काबिज है। दोनों निर्दलीय पार्षद भी भाजपा के समर्थित है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने पर नगर पालिका के भाजपा पार्षदों ने नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और अविश्वास प्रस्ताव के लिए आवेदन दिया है। पार्षदों ने कलेक्टर को नगर पालिका अध्यक्ष धनराज मध्यानी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने परिषद की बैठक बुलाने की मांग की है।
नवापारा-राजिम, 12 जनवरी। अभनपुर के नवपदस्थ एसडीएम नवीन ठाकुर बुधवार को नवापारा मंडी प्रांगण में स्थित धान खरीदी केंद्र पर आकस्मिक निरीक्षण हेतु पहुंचे। जहां पर उन्होंने धान खरीदी का जायजा लिया। बारदाना, तौल की स्थिति एवं धान के उठाव का बारीकी से निरीक्षण किया। यहां धान के उठाव का कार्य अत्यंत धीमा चल रहा है। इस पर उन्होंने सभी राइस मिलर्स को निर्देश दिया कि धान उठाने की प्रक्रिया थोड़ी तेज गति से की जाए। इस दौरान उनके साथ नवापारा तहसीलदार सूरज बंछोर भी उपस्थित थे। निरीक्षण पश्चात तहसील ऑफिस पहुंचे जहां निर्माणाधीन भवन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान तहसीलदार सूरज बंछोर, नयाब तहसीलदार द्वय वसुमित्र दीवान, अशोक जांघेल के साथ विशेष चर्चा की।
नवापारा-राजिम, 12 जनवरी। अंचल के प्रसिद्ध कृषि उपज मंडी नवापारा में पिछले दिनों तौलैया हमाल संघ के पदाधिकारीयों का चुनाव संपन्न हुआ। जिसमें नवापारा के मजदूर नेता मेघनाथ साहू को तौलैया हमाल संघ के अध्यक्ष चुना गया। वहीं उपाध्यक्ष के पद पर भागवत साहू, महामंत्री राम प्रसाद साहू, कोषाध्यक्ष मोतीलाल साहू व सदस्य छन्नू साहू,कामता साहू, ईश्वर साहू सहित अन्य पदाधिकारीयों का मनोनयन हुआ। इस अवसर पर सभी मजदूरों ने एवं नगरवासियों ने नए पदाधिकारीयों को बधाई शुभकामनाएं दी हैं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 12 जनवरी। भारत सरकार की योजनाओं से नागरिकों को जागरूक करने एवं शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा की मोबाइल वैन जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायतों में पहुंच रही है। विकसित भारत संकल्प यात्रा से गांव-गांव तक केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं पहुंचाई जा रही है और लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी - कर्मचारी, ग्रामीणजन एवं हितग्राही विकसित भारत के निर्माण के लिए शपथ ले रहे है। इस दौरान सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों गांव के वरिष्ठ नागरिकों के द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में ग्रामीणों को ग्रामीणों को ओडीएफ प्लस होने पर अभिनंदन पत्र सहित अन्य योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। संकल्प यात्रा में महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत बच्चों के लिए सुपोषण किट एवं गोद भराई कार्यक्रम अंतर्गत गर्भवती माताओं को सुपोषण किट प्रदान किया जा रहा है।
धरती कहे पुकार के अंतर्गत जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए नाट्य प्रस्तुति देकर रासायनिक खेती के दुष्प्रभाव के बारे में बताया जा रहा है। ग्रामवासी उत्साहपूर्वक बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाएं गये स्टालों में जा कर केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी ले रहे है। साथ ही अधिकारियों द्वारा मंच के माध्यम से केन्द्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित कर रहे है।
संकल्प यात्रा के दौरान चलचित्र के माध्यम से विकसित भारत के उद्देश्य की सामान्य जानकारी दी जा रही है। वैन के माध्यम से कृषि गतिविधि, ड्रोन डेमोंस्ट्रेशन व स्वाईल हेल्थ कार्ड डेमोंस्ट्रेशन का प्रदर्शन किया जा रहा है। केन्द्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों ने ’’मेरी कहानी मेरी जुबानी’’ के माध्यम से अपने अनुभव साझा कर रहे है। कृषि विभाग के अधिकारी किसानों को प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा छुटे हुए लोगों का आयुष्मान कार्ड तथा स्थल पर ही मरीजों को उपचार एवं दवाइयां वितरण कर रहे है। डाक विभाग द्वारा महिला सम्मान बचत पत्र, सुकन्या समृद्धि योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, ग्रामीण डाक जीवन बीमा के संबंध में जनसामान्य को जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, वन विभाग, उद्योग विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को लाभ लेने की अपील कर रहे है।
गरियाबंद, 12 जनवरी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक अग्रवाल के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ रीता यादव के मार्गदर्शन में स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान शुरू लगातार चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में जिले के सभी विद्यालय एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा रैली निकाली जा रही है तथा स्वीप कार्यक्रम के तहत गरियाबंद जिले में शत प्रतिशत मतदान का लक्ष्य और 18 वर्ष की उम्र के सभी लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए मतदाता जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन लगातार किया जा रहा है।
इसके तहत विद्यार्थियों द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए रैली निकालकर लोगों को संदेश देते हुए कहा कि सब काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो। इस अवसर पर अधिकारियों ने स्वीप कार्यक्रम मनाने का उद्देश्य बताते हुए कहा कि लोगों में मतदान के प्रति जागरूकता लाना आवश्यक है। आगामी मतदान के दिन जब आप मतदान करने जाएं तो परिचय पत्र (इपिक कार्ड) एवं फोटोयुक्त मतदाता पर्ची अवश्य लेकर जाये।
सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में प्रत्येक मतदाता का वोट अमूल्य है तथा मतदान करना प्रत्येक मतदाता का कर्तव्य है।
इसी तरह जिले में विशेष अभियान के तहत स्वीप कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रतिदिन विविध जागरूकता सम्बन्धी गतिविधियां संपादित की जा रही है। इसके तहत विद्यार्थियों ने शत प्रतिशत मतदान के लिए शपथ लेकर अपने घरों तथा पड़ोसियों मतदान कराने का संकल्प लिया। साथ ही जिलावासियों को भी अपने मताधिकार का उपयोग करने प्रेरित किया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 11 जनवरी। अभनपुर विधानसभा चुनाव की कुल 240 बूथों में से भाजपा मंडल तामासिवनी चम्पारण के ग्राम टीला बूथ क्र.69 को सर्वाधिक लीड बूथ का चयन किया गया, जिससे मंडल के सभी कार्यकर्ता हर्षित एवं गौरवान्वित महसूस कर रहें हैं।
इन्डोर स्टेडियम रायपुर में आयोजित संभागस्तरीय कार्यकर्ताओं का अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने कर कमलों से नवनिर्वाचित विधायक इन्द्र कुमार साहू, जिला मंत्री परदेशी राम साहू, मण्डल अध्यक्ष नारायण यादव, महामंत्री टीकाराम साहू तथा बूथ अध्यक्ष अरूण पटेल को शील्ड व पुष्प माला से सम्मानित कर जीत की बधाई दी है।
उक्त मतदान केंद्र में कुल मतदान 1044 में भाजपा 777 कांग्रेस 242 शेष अन्य, इस तरह 535वोट की लीड पूरे विधानसभा में सर्वाधिक लीड घोषित किया गया। भाजपा मंडल की ओर से सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं एवं मतदाताओं का आभार प्रकट करते है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 11 जनवरी। जिला कलेक्टर गरियाबंद दीपक अग्रवाल एवं सीईओ रीता यादव निर्देशन में शत प्रतिशत मतदान का लक्ष्य और 18 वर्ष की उम्र के सभी लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए मतदाता जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
इसी तारतम्य में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बिजली में शिक्षकों व छात्र छात्राओं द्वारा रैली निकालकर बच्चों ने लोगों को संदेश देते हुए कहा कि सबका यह अरमान है, करना सब मतदान है। प्रजातंत्र से नाता है, भारत के मतदाता है। इस अवसर पर पूरन लाल साहू प्राचार्य ने कहा कि लोगों में मतदान के प्रति जागरूकता फैलाना आवश्यक है। लोकतंत्र की नींव मताधिकार पर ही रखी जाती है। जिस देश में जितने अधिक नागरिकों को मताधिकार प्राप्त होता है उस देश को उतना ही अधिक जनतांत्रिक समझा जाता है।
उन्होंने आगे कहा कि 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के युवक युवतियों का नाम मतदाता सूची में जोडऩे के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय में अध्धयन रत 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले छात्र व छात्राओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के अलावा स्कूली बच्चों को अपने गाँव, टोलों में लोगों को जागरूक करते हुए किसी भी मतदाता का नाम न छूटे उसके लिए बच्चों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य पूरन लाल साहू, व्याख्याता दिनेश कुमार साहू, नरेन्द्र कुमार वर्मा, संतोषी गिलहरे, सत्या मिश्रा, शिक्षक नकुल राम साहू, रुद्रप्रताप साहू, क्लर्क दुष्यंत साहू, तोमन साहू, भृत्य आकाश सूर्यवंशी एवं छात्र छात्राएं उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 11 जनवरी। गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक के इंदागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीआरपीएफ की 211वीं बटालियन द्वारा मंगलवार को कमांडेंट संजीव रंजन तथा अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में नक्सल प्रभावित क्षेत्र इंदागांव में सिविक एक्शन प्रोग्राम एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
सीआरपीएफ 211वीं बटालियन के द्वारा थाना इंदागांव में नक्सल विरोधी अभियान के अलावा समय-समय पर जनकल्याण हेतु कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है। सीआरपीएफ का मुख्य उद्देश्य आम जनता की सुरक्षा के साथ-साथ सहायता प्रदान करना भी है, जिससे जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम जनों का विकास हो सके।
211 बटालियन कमांडेंट संजीव रंजन के मार्गदर्शन की उपस्थिति में मंगलवार को ग्राम पंचायत इंदिरा गांव में सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया, जिसमें कोयला भट्टी ऊपर पारा बाजारपारा केंदु मिल एवं थाना पारा के ग्रामीणों के मध्य जन कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायत इंदागांव के आश्रित मोहल्ले के जरूरतमंद लोगों में कंबल कढ़ाई चम्मच मच्छरदानी लूंगी साड़ी के साथ-साथ मेडिकल कैंप लगाकर एक सौ दस ग्रामीणों का बीपी, शुगर, सर्दी-खांसी बुखार एवं अन्य बीमारियों का उपचार एवं दवाइयां वितरण की गई। इस अवसर पर डॉ. देवनेनि तपस्विनी सहायक कमांडेंट सुनील कुमार थाना प्रभारी इंदागांव महेश कुमार साहू उप निरीक्षक केसरी सिंह ध्रुव सरपंच पंचायत के पंच एवं अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इस आयोजन की बहुत ही सराहना की।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 11 जनवरी। नवापारा में बुलडोजर की कार्रवाई अभी भी जारी है। बुधवार को अवैध अतिक्रमण हटाने प्रशासन की टीम बुलडोजर के साथ नवापारा पं. जवाहरलाल नेहरू पुल के पास पहुंची। जानकारी के मुताबिक कुर्रा से महानदी पुल तक होने वाले फोरलेन निर्माण का कार्य द्रुत गति से चल रहा है। लेकिन महानदी पुल के अप्रोच रोड में अवैध कब्जाधारी द्वारा दुकान निर्माण कर दिया गया है, जिसके कारण निर्माण कार्य आगे बढ़ाने में दिक्कत हो रही थी। कब्जाधारियो को हटाने बुधवार को प्रशासनिक टीम बुलडोजर लेकर पहुंची।
पूर्व में दिया जा चुका है नोटिस
ज्ञात हो कि कब्जाधारियों को पूर्व में कई बार नोटिस दिया जा चुका है परंतु नोटिस देने के बाद भी कब्जा खाली नहीं किया जा रहा था। इसी तारतम्य में बुधवार को पीडब्ल्यूडी, तहसीलदार, टीआई, पुलिस प्रशासन, एवं नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारियों द्वारा संयुक्त कार्यवाही करने टीम जेसीबी लेकर पहुंची। तब कब्जाधारियों ने खुद से कब्जा हटा लेने का हवाला देते हुए कुछ घंटों का समय मांगा। जिसके बाद अपने नुकसान के डर से अवैध कब्जाधारियों ने स्वयं अपना कब्जा हटाया।
अवैध कब्जे के कारण पूर्व में हो चुकी है कई मौत
पुल के अप्रोच रोड में एक ओर ये दुकानें दूसरी ओर सब्जी वाले अपना पसरा लगा लेते है जिससे ट्रैफिक व्यवस्था पूर्णत: ध्वस्त हो चुकी है। सबसे व्यस्त मार्ग होने से बड़ी-बड़ी गाडिय़ों से लेकर मिनी बस, मालवाहक, कार, बाइक बड़ी संख्या में चलती है। इन कब्जों के कारण मार्ग अत्यंत संकरा हो जाने से कई बार जाम कि स्थिति निर्मित हो जाती है । आपको बता दे कि पूर्व में इसी स्थान पर दुर्घटना से कई मौतें हो चुकी है।
नवापारा-राजिम, 11 जनवरी। नवापारा में शराब पीने-पिलाने को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया है। युवक को इलाज के लिए नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया है। मामला गोरबा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार नवापारा बस स्टैण्ड के पास रहने वाले विनोद दुलानी बुधवार सुबह 9.30 बजे के आसपास अपने दोस्त दिनेश ऊर्फ बरी साहू के साथ शराब पीने गया था। जहां दोनों ने शराब पी। फिर शराब पीने-पिलाने को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दिनेश ऊर्फ बरी साहू ने गुस्से में आकर विनोद पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। वहीं विनोद घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। जिसके बाद डायल 112 की मदद से विनोद को इलाज हेतु नवापारा सरकारी अस्पताल लेकर गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया है। पीडि़त के बहन ने घटना की जानकारी देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 11 जनवरी। मैनपुर संचालन आयुष विभाग के निर्देशन एवं कार्यालय जिला आयुर्वेद अधिकारी निकिता ध्रुव के मार्गदर्शन में विकासखंड मैनपुर में द्वितीय विकासखंड स्तरीय आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन दुर्गा मंच मैनपुर में किया गया। शिविर का उद्घाटन भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेश शर्मा ने किया।
क्षेत्रीय होम्योपैथिक डॉ. सुमन बागची ने पुष्प गुच्छ देकर अतिथियों का स्वागत किया मैनपुर में सोमवार को निशुल्क आयुष स्वास्थ्य रोग निदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 215 होम्योपैथी एवं 225 आयुर्वेदिक ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर औषधि वितरित की गई तथा दिनचर्या एवं मौसमी बीमारियों से बचाव व आयुर्वेदिक अनुसार दिनचर्या योग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, साथ ही एचडब्ल्यूसी में होने वाली गतिविधियों के बारे में जानकारी देते हुए उसके लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
उक्त शिविर में भाजपा मंडल अध्यक्ष दुलार सिन्हा भाजपा महामंत्री दिलीप साहू कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला जगत डॉ. संगीता कौशिक, डॉ. राजकुमार कनौजे डॉ. मिथिलेश ठाकुर संतराम बलराम ध्रुव सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
राजिम, 11 जनवरी। फिंगेश्वर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार और पिकअप के बीच जोरदार भिड़ंत हुई है। हादसे में दोनों गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घटना फिंगेश्वर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार राजिम-फिंगेश्वर मार्ग में बुधवार को सरगी नाला के पास तेज रफ्तार कार और टाटा मैजिक (पिकअप) वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों गाड़ी के सामने का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि दोनों गाड़ी सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद लोगों के बीच आक्रोश देखा गया। बताया जा रहा है कि खराब सडक़ के चलते यह घटना हुई है। सडक़ के किनारे को उखाड़ दिया गया है और मलबे किनारे पर ही रखा हुआ है। वहीं लापरवाही पूर्वक गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है, जिसके कारण लोगों में आक्रोश देखने को मिला है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 10 जनवरी। नाबालिग के साथ रेप करने वाले आरोपी को बेंगलुरु कर्नाटक से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। मामला थाना छुरा का ग्राम रसेला का है, जहाँ दो नाबालिक बहने बिना बताये घर से चली गई थी परिजनों को नाबालिग लड़कियों के घर एवं परिवार में नहीं होने पर खोजबीन किया गया। नाबालिगलड़कियों का कोई पता नहीं चलने पर थाना छुरा में रिपोर्ट दर्ज करायी गई। छुरा पुलिस द्वारा नाबालिग के पिता के रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस टीम द्वारा संदेही एवं नाबालिगों के मोबाइल लोकेशन के आधार पर विशेष टीम का गठन कर बेंगलुरु कर्नाटक रवाना किया गया, जहां ईट भटटा में मजदूरी कर रहे बालिकाओं को ग्राम ददलापुर थाना डोडावलापुरा बेंगलुरु कर्नाटक में दस्तयाव किया गया। संदेही आरोपी टंकेश्वर विश्वकर्मा (23) गरियाबंद को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर 7 जनवरी को जेल भेजा गया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 10 जनवरी। गोबरा नवापारा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ रायपुर जिला ग्रामीण संयोजक विजय गोयल ने रेलयार्ड निर्माण के चलते प्रभावित हो रहे इंदिरा मार्केट निवासियों के व्यवस्थापन हेतु मदद के लिए आगे आये हैं। गोयल मानवीय दृष्टिकोण से व्यवस्थापन को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उन्होंने सभी प्रभावित लोगों की ओर से आग्रह किया है कि छत्तीसगढ़ में रायपुर जिले के अतंर्गत राजिम रेलयार्ड का निर्माण कार्य प्रगति पर है, निश्चित तौर पर उक्त कार्य जनहित में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार को सादर धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने कहा कि नगर के वार्ड क्र. 5 (इंदिरा मार्केट) में लगभग 300-350 परिवार वर्षों से निवासरत है, जो कि रेलयार्ड निर्माण क्षेत्र के रेलवे की रिक्त भूमि में निवासरत है। रेलवे यार्ड के निर्माण की वजह से उन्हें बेदखल करने की सूचना रेल प्रशासन द्वारा प्राप्त हो चुकी है, वे लोग बिना शर्त के सहर्ष भूमि को खाली करने के लिए तैयार भी है। गोयल ने निवेदन करते हुए कहा कि उक्त स्थल पर लगभग 350 परिवार अत्यंत ही गरीब मजदूर तबके के लोग है, उन्हें मानवता के दृष्टिकोण से गोबरा-नवापारा (सीमा क्षेत्र) में ही व्यवस्थापन करने हेतु छत्तीसगढ़ सरकार के प्रमुख सचिव से पत्राचार कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने की कृपा करेंगे।
वही इस पहल के लिए वार्डवासियों ने पूर्व पालिका अध्यक्ष का हृदय से आभार प्रकट किया हैं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 10 जनवरी। पिछले दिनों स्थानीय स्टेशन पारा निवासी प्रदीप सोनी के निधन पर पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू उनके निवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।
श्री साहू ने कहा कि स्वर्गीय प्रदीप सोनी काफी समय से संघ से जुडक़र स्वयंसेवक के रूप में कार्य करते रहे हैं। वे बहुत ही सरल मिलनसार के साथ-साथ कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति थे।
मौके पर पूर्व मंत्री श्री साहू के अलावा कृपाराम साहू,सुधीर रजक,शोकाकुल परिवार संतोष सोनी,मनोज सोनी, प्रवीर सोनी,प्रवीण सोनी सहित अन्य परिजन मौजूद थे। स्वं.सोनी बाल्यकाल से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक थे। उन्होंने संघ के कुटुम्ब प्रबोधन गतिविधि के सह प्रान्त प्रमुख व वन बंधु परिषद के गरियाबंद अंचल प्रमुख के रूप में दायित्व का निर्वहन किया। माधव सेवा समिति नवापारा के कोषाध्यक्ष व सरस्वती शिशु मंदिर नवापारा समिति में सदस्य थे।
धर्मस्व मंत्री ने किया विशेष पहल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 10 जनवरी। सोमवार 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होगी। इसे लेकर देश, प्रदेश सहित सभी जगहों में उत्साह का माहौल को देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में राजिम क्षेत्र में भी 22 जनवरी को ऐतिहासिक बनाने भव्य तैयारी किया जा रहा है। धर्मस्व, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने 22 जनवरी को राजिम त्रिवेणी संगम किनारे एक लाख से अधिक दिए जलाकर ऐतिहासिक बनाने निर्देश दिए हैं।
मंत्री के निर्देश पर पूर्व ओ.एस.डी गिरीश बिस्सा मंगलवार सुबह राजिम पहुंचे और आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल, नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सोनकर के प्रतिनिधि जितेन्द्र सोनकर, समाज सेवी एवं भाजपा नेता अनिल जगवानी, वरिष्ठ पत्रकार रमेश पहाडिय़ा, श्याम किशोर शर्मा, लीलाराम साहू, युवराज साहू, भाजयुमो नेता मुकुंद मेश्राम सहित नगर पालिका के सीएमओ संतोष विश्वकर्मा, सिंचाई विभाग के एसडीओ एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बिस्सा ने नेता एवं अधिकारियों के साथ त्रिवेणी संगम क्षेत्र महानदी और पैरी नदी के तट किनारो का निरीक्षण किया एवं कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बिस्सा ने बताया कि धर्मस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने आह्वान किया है कि इस बार राजिम कुंभ का आयोजन भव्य रूप से किया जाएगा। जिसका प्रारंभ 22 जनवरी से ऐतिहासिक दीपोत्सव का पर्व मनाया जाएगा। त्रिवेणी संगम में एक लाख से दीप जलाया जाएगा, सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। महानदी आरती की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे और इस पुण्य काम में अपनी सहभागिता बनाएंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन को लेकर मंगलवार को अफसरों के साथ उन्होंने त्रिवेणी संगम, महानदी क्षेत्र और विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया एवं कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश एि।
उन्होंने कहा कि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल एवं शासन के मंशा अनुरूप यह कार्यक्रम बेहतर रूप से होगा। बिस्सा ने बताया कि वे मंगलवार को व्यापक जनसंकर्प कर सामाजिक संस्थानों, जन प्रतिनिधियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और धार्मिक संस्थाओं से भेंट कर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की भावना से अवगत कराया तथा कार्यक्रम की सफलता के लिए सक्रिय सहयोग मांगा। इस दौरान विधायक रोहित साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय से मुलाकात कर इस संबंध में चर्चा भी की।
नगर पालिका नवापारा के पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल ने बताया कि भगवान श्रीराम कई वर्षों बाद अयोध्या में विराजमान होंगे। 22 जनवरी को मंदिर में भगवान राम का प्राण प्रतिष्ठा किया जाएगा। इस ऐतिहासिक क्षण का पूरे देश इंतजार कर रहा है।
पूरे देश में खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के संस्कृति, धर्मस्व एवं पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल जी किसी भी स्तर से पीछे रहने वाले नहीं हैं। वे हर कार्यों को ऐतिहासिक बनाने में लगे रहते हैं। इस बार राजिम कुंभ मेले का आयोजन होना है। उससे पहले एक बहुत ही अच्छा अवसर मिला है भगवान राम की सेवा करने का। जो मंत्री अग्रवाल के मार्गदर्शन में ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 10 जनवरी। केन्द्र सरकार द्वारा संचालित विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत गरियाबंद जिले के विभिन्न गांवों में शिविरों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। जिले में अब तक 187 ग्राम पंचायतों से अधिक गाँवों में संकल्प यात्रा शिविर पहुंच चुका है। इसमें ग्रामीणजन शामिल होकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी ले रहे हैं।
साथ ही लोगों को शिविर स्थल में ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। इसके अलावा ग्रामीण मौके पर ही स्वास्थ्य जांच की सुविधा का भी लाभ ले रहे है। विकसित भारत संकल्प यात्रा ग्राम गोढ़ीयारी, कुरूसकेरा, भैसमुड़ी, डोहेल, दर्रीपारा, मुड़ागांव, कोसमी, रावनडिग्गी, सुरसाबांधा, खरता में शिविर का आयोजन किया गया। सुरसाबांधा शिविर में राजिम विधायक रोहित साहू ने शामिल होकर ग्रामीणों को संकल्प यात्रा के बारे में जानकारी दी। साथ ही आमजनों की समस्याओं को सुनकर तत्काल निराकरण के निर्देश सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को दिए।
उन्होंने केन्द्र सरकार की योजनाओं के लाभ और योजना में शामिल होने के प्रक्रिया की जानकारी भी दी। अतिथियों द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना अंतर्गत हिताग्रहियों को गैस कनेक्शन वितरण, कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री किसान क्रेडिट कार्ड वितरण एवं आयुष्मान कार्ड वितरण कि या गया। विधायक के साथ अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संकल्प यात्रा शिविर में भाग लेकर ग्रामीणों को केन्द्र सरकारी की योजनाओं के बारे में जागरूक किया।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित शिविरों में मेरी कहानी मेरी जुबानी के अंतर्गत हितग्राही केन्द्र सरकार की योजनाओं से हुए लाभ के बारे में जानकारी दे रहे हैं। ग्राम सुरसाबांधा की इंद्राणी साहू ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि मुझे पीएम उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर मिला है। पहले मिट्टी के चूल्हे खाना पकाती थी लेकिन अब गैस सिलेंडर में खाना पका रही हूँ। इससे समय की बचत होती है और जल्दी खाना भी बन जाता है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। इसी तरह विभिन्न लाभान्वित हितग्राहियों ने अपना अनुभव साझा करते हुए शासन-प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 10 जनवरी। राज्य सरकार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 1 नवंबर 2023 से लगातार की जा रही है। कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने गत दिवस अधिकारियों की बैठक लेकर धान उपार्जन अवधि के दौरान ओडिशा प्रांत से जिले के धान उपार्जन केन्द्रों में विक्रय के लिए आने वाले धान की रोकथाम एवं कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिये गये हैं। एसडीएम देवभोग सुअर्पिता पाठक ने बताया कि विगत 3 दिनों में तीन गाडिय़ां सहित लगभग 200 पैकेट धान जब्त किया गया है। इनमें दो पिकअप एवं एक ट्रैक्टर शामिल है।
उन्होंने बताया कि देवभोग अनुभाग में धान के अवैध परिवहन एवं भण्डारण करने पर अब तक लगभग 3800 पैकेट धान एवं 15 वाहन जब्त कर कार्रवाई की गई है। साथ ही चेकपोस्ट पर चौबीस घंटे ड्यूटी पर लगे अधिकारी-कर्मचारियों की टीम द्वारा वाहनों की सतत् जांच की जा रही है। जिसके मद्देनजर अवैध धान के परिवहन एवं भण्डारण में कमी आई है। उन्होंने बताया कि देवभोग अनुभाग में ओडिशा सीमा पर 15 चेकपोस्ट बनाया गया है। इनमें कैटपदर, धूपकोट, नागलदेही,खुटगांव, सागौनभाड़ी, खोकसरा, झिरीपानी, केन्दुबन, कोदोभांठा, उसरीपानी, बरही, अमाड़ मगररोड़ा, पोटापारा एवं ठीरलीगुड़ा शामिल है। जिला प्रशासन द्वारा अन्य प्रांत से आने वाले अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
गरियाबंद, 10 जनवरी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले में विभिन्न मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। वर्तमान में मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान जारी है। इसके तहत मतदाता सूची में नाम जोडऩे, हटाने एवं संशोधन का कार्य जारी है। लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करने विभिन्न मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है।
इसी तारतम्य में छुरा के स्कूली बच्चों ने रैली निकालकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का संदेश दिया। इसके अलावा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए स्थानीय बोली में मुनादी भी की जा रही है। जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों देवभोग, झाराबहाल, मोखागुड़ा एवं सहसखोल, आदि क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ी के साथ-साथ ओडिय़ा भाषा में भी मतदाता जागरूकता तथा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए मुनादी की जा रही है।
स्कूली बच्चों द्वारा निकाले गये रैली में जागरूकता संदेश से संबंधित बैनर, पोस्टर, फ्लेक्स के द्वारा लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने का संदेश दिया गया। मतदाता जागरूकता रैली में स्कूली बच्चों ने मतदाता जागरूकता से संबंधित नारे ‘नागरिकों की है पहचान, सबसे पहले मत का दान’, ‘सबका यह अरमान है, करना सब मतदान है’, ‘आओ मिलकर अलख जगाएं शत प्रतिशत मतदान कराएं’ लिखे तख्तियों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का संदेश दिया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 10 जनवरी। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम सेंदर में हत्या के मामले में मुख्य नगरपालिका अधिकारी सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना तीन माह पूर्व दीपावली त्यौहार के समय की है। ग्राम पंचायत सेंदर में सीएमओ सहित चार आरोपियों ने एक स्वास्थ्य कर्मचारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। आरोप है कि चारों ने जुआ खेलने के विवाद में कर्मचारी की हत्या की है।
दिवाली की छुट्टी मनाने गाँव आए थे
जानकारी के अनुसार आरंग क्षेत्र के समोदा नगर पंचायत में पदस्थ सीएमओ केशराम साहू और गोहरापदर में पदस्थ स्वास्थ्य कर्मचारी नेम सिंह ध्रुव दोनों सेंदर गांव के रहने वाले हैं। दीपावली त्यौहार के समय छुट्टियों में दोनों गांव आए थे। 13 नवम्बर 2023 को करीबन 10 बजे नेम सिंग ध्रुव गौरा-गौरी देखने गया था, उसी दौरान ग्राम सेंदर के बाजार चौक के पास कुछ लोग ताश खेल रहे थे, केशलाल साहू भी वहां मौजूद था। नेमसिंग ध्रुव ने सीएमओ केशराम साहू को देखकर हार-जीत के बारे में पूछा, तो केशराम भडक़ गया और दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर केशराम साहू, रोशन साहू, टेमन साहू, देवराज साहू एवं नोस साहू सभी ने मिलकर नेमसिंग ध्रुव को गाली गलौज कर हाथ मुक्का, कोहनी से मारपीट किया। जिससे नेमसिंग ध्रुव का स्वास्थ्य अचानक बिगडऩे लगा। उसे तत्काल परिजनों ने शासकीय जिला अस्पताल महासमुंद ईलाज हेतु ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
एसडीओपी पुष्पेंद्र नायक ने बताया कि, फिंगेश्वर क्षेत्र में 13 नवंबर को स्वास्थ्य कर्मचारी की हत्या की गई थी। वारदात के बाद आरोपी सीएमओ केशराम साहू और उसके दोस्त भाग निकले थे। इन लोगों में जुआ खेलने के दौरान हिसाब पूछने को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में सीएमओ केशराम सहित उसके दोस्तों टेमन साहू, नोशराम साहू, देवराज और रोशन को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। एसडीओपी ने बताया कि सीएमओ को उसके ही दफ्तर से हिरासत में लिया गया है। थाने से जांच फाइल ट्रांसफर होने में देरी हुई। इसके साथ ही पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मारपीट से मौत का खुलासा नहीं हुआ था। एसएसएल रिपोर्ट में मारपीट से मौत की पुष्टि होने के बाद गिरफ्तारी की गई है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 10 जनवरी। अग्रवाल प्रोडक्शन हाऊस मुंबई द्वारा सूरत में आयोजित इंडियाज टॉप मॉडल सीजन-5 आयोजित की गई। जिसमें छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए नवापारा के होनहार युवा निमित्त जैन ने पूरे देश भर से आये प्रतिभागियों को पीछे करते हुए इंडियाज टॉप मॉडल का खिताब अपने नाम कर नवापारा सहित पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रौशन किया। निमित्त जैन नवापारा में व्यवसायी जिनेन्द्र जैन के पोते और निशांत जैन के सुपुत्र हैं।
अग्रवाल प्रोडक्शन हाऊस मुंबई के आकाश मित्तल एवं उनकी टीम में पूर्व में रायपुर में इंडियाज टॉप मॉडल में ऑडिशन लिया था। जिसमें 12 से 18 वर्ष के वर्ग में पूरे छत्तीसगढ़ से निमित्त जैन का चयन हुआ। जिसका फायनल सूरत में हुआ जो तीन दिन की एक्टिविटी के रुप में हुआ। निमित्त ने पहले दिन की एक्टिविटी में केसियो प्लेयर बजाकर जजों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दूसरे दिन फिटनेस एक्टिविटी में भी निमित्त की सहभागिता काबिले तारीफ रही। अंतिम दिन रैम्प वॉक एक्टिविटी में भी शानदार प्रस्तुति दी। तीनों दिनों की एक्टिविटी के आधार पर रिजल्ट घोषित हुआ जिसमें निमित्त जैन को इंडियाज टॉप मॉडल का विजेता घोषित किया गया। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, उत्तरप्रदेश और महाराष्ट्र के भी प्रतिभागी शामिल थे। निमित्त जैन ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, दादा-दादी व गुरुजनों को दिया। निमित्त की इस सफलता पर दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष किशोर सिंघई, डॉ.राजेन्द्र गदिया, रमेश पहाडिय़ा, अशोक गंगवाल, सुरित जैन, अखिलेश जैन, अनिल चौधरी, रमेश चौधरी, संजय चौधरी, जय चौधरी, अतुल जैन, प्रभात जैन, स्वप्न चौधरी, डॉ.अनुज जैन सहित परिवारजनों, दोस्तों व अंचल के गणमान्य नागरिकों ने बधाई दी है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 10 जनवरी। गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना अंतर्गत रजाडेरा गाँव अंर्तगत जंगल में माओवादियों के कैम्प को केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 65वीं बटालियन की टुकड़ी एवं डीआरजी की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर नष्ट कर दिया।
9 जनवरी को एसपी जिला गरियाबंद को तकनीकी आसूचना/एलबीएस के आधार पर मैनपुर तहसील के कुल्हाड़ीघाट से लगभग 14 किमी दूर अति दुर्गम घने जंगल नक्सल प्राभिवत क्षेत्र राजाडेरा (राजापाबा) माओवादी होने की पुख्ता सूचना प्राप्त हुई। इस सूचना पर कार्रवाई करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक /पुलिस उप महानिरीक्षक गरियाबंद एवं केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 65 वीं बटालियन के कमाण्डेन्ट विजय कुमार सिंह, के नेतृत्व में ई/65 कम्पनी के जवानों ने डीआरजी की 2 टीमों के साथ लगभग 5 बजे निर्धारित स्थान पर छापा मारा, लेकिन छापा मारने से पहले ही सभी माआवादी मौका पाकर भाग निकले। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस की टीम ने माओवादियों के कैम्प का घेराव किया एवं गहन तलाशी अभियान चलाया, जिसमें माओवादियों के दैनिक उपयोग के जरुरी सामान, किराना का सामान, सर्दियों के कपडे, छाता, साहित्य एवं बर्तनों को बरामद करने के पश्चात मौके पर ही जला कर नष्ट कर दिया गया।
केन्द्रीय रिजर्व पुलिस की टीम की कमान पी. वैरवनाथन, उप कमाण्डेन्ट द्वारा सम्भाली गई। बल द्वारा इस प्रकार के अभियान इस क्षेत्र में हो रही नक्सली गतिविधियां समाप्त करने के साथ-साथ अमन और कानून की स्थिति बनाये रखने के लिए समय समय पर किये जाते रहे हैं।