गरियाबंद
राजिम, 11 जनवरी। फिंगेश्वर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार और पिकअप के बीच जोरदार भिड़ंत हुई है। हादसे में दोनों गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घटना फिंगेश्वर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार राजिम-फिंगेश्वर मार्ग में बुधवार को सरगी नाला के पास तेज रफ्तार कार और टाटा मैजिक (पिकअप) वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों गाड़ी के सामने का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि दोनों गाड़ी सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद लोगों के बीच आक्रोश देखा गया। बताया जा रहा है कि खराब सडक़ के चलते यह घटना हुई है। सडक़ के किनारे को उखाड़ दिया गया है और मलबे किनारे पर ही रखा हुआ है। वहीं लापरवाही पूर्वक गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है, जिसके कारण लोगों में आक्रोश देखने को मिला है।