छत्तीसगढ़ » सरगुजा
अंबिकापुर, 14 जनवरी। दो अलग-अलग घटनाओं में 2 लोगों की मौत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है। जानकारी के अनुसार उदयपुर क्षेत्र के बिशुनपुर की राधा यादव 55 वर्ष कल गोरता रिश्तेदारी में गई थी। वहां से जब वह घर आने के लिए तैयार हो रही थी, उसी दौरान चक्कर खाकर गिर पड़ी। स्थानीय अस्पताल से उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरे मामले में राजपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी सहदेव 40 वर्ष बुधवार को अपने ससुराल फूलझर जा रहा था। रास्ते में आमगांव शंकरगढ़ के समीप सोल्ड पिकअप वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाकर दाखिल कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अम्बिकापुर, 14 जनवरी।छत्तीसगढ़ राज्य के शासकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में क्राफ्टसमेन ट्रेनिंग स्कीम के तहत अखिल भारतीय व्यवसायिक परीक्षा हो रही है। इसके लिए प्रायोगिक परीक्षक हेतु इच्छुक आवेदकों को ऑनलाईन पंजीयन 20 जनवरी 2021 तक करना होगा। पंजीकृत प्रायोगिक परीक्षकों को पत्रता एवं आवश्यकतानुसार प्रायोगिक परीक्षक नियुक्त किया जाएगा। इसके लिए प्रति प्रशिक्षणार्थी 75 रूपए की दर से मानदेय देय होगा। प्रायोगिक परीक्षा हेतु जिले के अंतर्गत संचालित आई.टी.आई. की व्यवसायवार जानकारी एनसीव्हीटी एमआईएस पोर्टल के होमपेज पर देखा जा सकता है।
अंबिकापुर, 14 जनवरी। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कोरोना संक्रमित तीन और लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सूरजपुर जिले के 52 वर्षीय पुरुष को 6 जनवरी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर किया गया था, यहां आज सुबह 5:30 बजे के लगभग उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरी मौत सूरजपुर जिले के ही एक 34 वर्षीय महिला की हुई, उसे भी 6 जनवरी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के कोविड-19 वार्ड के आईसीयू में दाखिल कराया गया था। एक अन्य मौत नगर के केनाबांध क्षेत्र के 42 वर्षीय महिला की हुई, उसे बुधवार को दोपहर में आईसीयू में लाकर दाखिल कराया गया था ,जहां आज तडक़े उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अम्बिकापुर, 14 जनवरी। कलेक्टर संजीव कुमार झा के द्वारा आज जिले के 40 अनुसूचित जनजाति महिलाओं को गोदना कला के विभिन्न डिजाईनों का 3 महीने का प्रशिक्षण उपरांत प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
हथकरघा की प्रशिक्षण लेने वाली महिलाओं से कलेक्टर श्री झा ने कहा कि आप लोग गोदना कला में पूर्ण निपुण हो गई हैं।
आगे अपना व्यवसाय बढ़ाने के लिये पूँजी की आवश्यकता होने पर बिचौलियों के माध्यम से किसी प्रकार का लोन न लें। लोन के लिए सीधे प्रबंधक से संपर्क करें। वे आपके लोन का प्रबंध बैंक के माध्यम से कराएंगे। आप लोग घर में ही अपनी कला के अनुसार हेंडीक्राफ्ट बनाइये और उसे बाजार के माध्यम से बेचकर आय अर्जित करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा उपयोग आने वाली वस्तुओं जैसे गमछा, रुमाल, पर्स , साड़ी, घड़ी, पेन स्टैंड, मोमेंटो आदि का निर्माण ज्यादा से ज्यादा करें ताकि उनकी बिक्री कर अधिक आय अर्जित हो सके। अपने कला में वेराइटी लाइये तथा सामानों को कलरफ़ुल बनाने का प्रयास करे। गोदना कला के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रदर्शनी में रखी वस्तुओं को देखा तथा उनकी सराहना की। इस दौरान गोदना आर्ट में बने घड़ी की प्रशंसा करते हुए उसे सर्किट हॉउस में सभी कमरों में लगाने की बात कही। इस अवसर पर हस्तशिल्प विकास बोर्ड द्वारा कलेक्टर को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
जिले में गोदना कला के संवर्धन और संरक्षण के साथ ही स्थानीय कलाकारों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड अम्बिकापुर द्वारा भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के विकास आयुक्त कार्यालय के सहयोग से आयोजित 3 महीने का गोदना शिल्प प्रशिक्षण जिला मुख्यालय अम्बिकापुर स्थित हस्तशिल्प विकास बोर्ड कार्यालय में 12 अक्टूबर 2020 से 14 जनवरी 2021 तक कुल 75 दिवस का प्रशिक्षण का आयोजन किया गया था। इस प्रशिक्षण को प्राप्त कर अब महिलाओं को गोदना कला के विभिन्न डिजाईनों पर काम करने मौका मिलेगा।
हस्तशिल्प विकास बोर्ड के संभागीय प्रबंधक राजेन्द्र राजवाड़े ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में गोदना कला के विभिन्न डिजाईनों का प्रशिक्षण विकास आयुक्त से इम्पेनल्ड डिजाईनर डॉ. प्राची एवं राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त गोदना शिल्पकार श्रीमती अनिता राजवाडे के द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रशिक्षणार्थियों को 300 रूपए की प्रति दिवस के मान से वेज कम्पनसेशन भी दिया गया जिसे आरटीजीएस के माध्यम से उनके बैंक खातों में जमा किया गया। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री विश्वदीप सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
धरना-प्रदर्शन के बाद पैदल मार्च करते हुए राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 13 जनवरी। भाजपा के द्वारा विधानसभा स्तरीय धरना प्रदर्शन राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल कृष्ण मिश्रा, व्यापार एवं सहकारिता स्थाई समिति के सभापति राजेश यादव एवं हजारों किसानों की उपस्थिति में स्थानीय लरंग साय कम्युनिटी हॉल में किया गया। जहा वक्ताओं ने भूपेश बघेल सरकार पर जमकर भड़ास निकालते हुए किसान विरोधी सरकार बताया। धरना प्रदर्शन के बाद पैदल मार्च करते हुए राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर किसानों को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने कहा कि आप सब किसानों का यहां इतनी संख्या में आना इस बात को दर्शाता है कि छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार से आप सब किसान कितने परेशान हैं। आपकी पीड़ा आपके चेहरे पर स्पष्ट दिखती है। कांग्रेस सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। किसानों का कर्ज माफी, 2500 रु. क्विंटल धान लेने का झूठा वादा करके किसानों को सिर्फ और सिर्फ परेशान करने का काम कांग्रेस सरकार कर रही है। श्री नेताम ने आरोप लगाया कि किसान अपना धान जहां 10-12 बार रुपए किलो बेचने को मजबूर हैं, वहीं कांग्रेस के नेता उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, झारखंड से धान लाकर 25 किलो बेच रहे हैं।
जिला उद्योग एवं सहकारिता स्थाई समिति के सभापति राजेश यादव ने कहा कि आज कांग्रेस के 2 साल के कार्यकाल में ही किसान कांग्रेस सरकार की नीतियों से बौखला गए हैं। किसानों को सिर्फ परेशान करने का काम कांग्रेस की सरकार कर रही है। किसानों के साथ अन्याय हम सब बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम सब किसानों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल कृष्ण मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसानों के साथ हो रहे अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी हम हर स्तर पर किसानों के साथ हो रहे अन्याय का प्रतिकार करेंगे एवं उनके साथ खड़े रहेंगे। धरना प्रदर्शन को शैलेश गुप्ता एवं लालमन यादव के द्वारा भी संबोधित किया गया।
इस दौरान कन्हैया लाल अग्रवाल, अरुण केसरी, शैलेश गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि धीरज सिंह देव, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बी लाल गुप्ता जिला भाजपा मीडिया प्रभारी गौतम सिंह सांसद प्रतिनिधि अमित गुप्ता मंटू दिलीप सोनी सुदीप विश्वास अश्वनी गुप्ता अजय यादव विक्रम गुप्ता नंदकिशोर गुप्ता, संतोष यादव पलगी, अशर्फी यादव इरफान अंसारी अनुज यादव महबूब आलम, सहित हजारों की संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन दिवाकर मुखर्जी एवं भानु प्रकाश दीक्षित ने किया।
रामविचार नेताम ने आरोप लगाया कि किसानों के साथ पग पग पर अवैध वसूली हो रही है पहले गिरदावरी के नाम पर किसानों से अवैध वसूली की गई उसके बाद अब धान बेचने के लिए बोरा लेने से धान बेचने तक किसानों को चढ़ावा चढ़ाना पड़ रहा है स्थिति ऐसी है कि किसानों से पैसा लेकर भी किसानों का कार्य नहीं हो रहा है किसान बहुत ही परेशान है।
श्री नेताम ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं को हताश एवं निराश होने की जरूरत नहीं है जिस प्रकार से भाजपा कार्यकर्ताओं को चुन चुन कर अधिकारियों के द्वारा प्रताडि़त करने का कार्य किया जा रहा है इसका रिकॉड मेरे पास है कार्यकर्ता हमें हर एक चीज से अवगत कराते हैं श्री नेताम ने अधिकारियों को चेताया कि आपका रिकॉर्ड हमारे पास है इसे हम देखेंगे।
अपने उद्बोधन में रामविचार नेताम ने स्थानीय विधायक को भी जमकर निशाने पर लिया। श्री नेताम ने विधायक पर कई गंभीर आरोप एक के बाद एक लगाते चले गए। श्री नेताम ने कहा कि कांग्रेस को लूट का लाइसेंस मिल गया है।
रामविचार नेताम ने कहा कि किसानों की पीड़ा हमें नहीं देखी जा रही है यदि हमारी सरकार होती तो ऐसा दिन किसानों को नहीं देखना पड़ता। 15 वर्ष हम लोगों के द्वारा धान खरीदी की गई परंतु कभी भी किसान इतने परेशान नहीं रहे। आज कांग्रेस के 2 साल के कार्यकाल में ही किसान त्रस्त हो गए हैं।
रैपिड रिस्पांस टीम गठित करने के निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,13 जनवरी। कलेक्टर संजीव कुमार झा ने आज अम्बिकापुर जनपद के ग्राम सकालो स्थित शासकीय पॉल्ट्री फार्म का बर्ड फ्लू के मद्देनजर निरीक्षण किया। उन्होंने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को बर्डफ्लू के नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु शीघ्र कार्यवाही हेतु तत्काल रैपिड रिस्पॉस टीम का गठन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सभी मैदानी अमलों को बर्ड फ्लू से एहतियात बरतने के लिए सक्रिय करें। कहीं भी पक्षियों या मुर्गियों पर किसी प्रकार के बीमारी से मरने की खबर मिलती है तो उस पर तत्काल कार्यवाही करने मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि बीमारी के संबंध में जन जागरूकता हेतु शहरी क्षेत्रों के साथ ही साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यापक अभियान चलाएं।
उन्होंने कहा कि जिले के सभी विकासखण्ड एवं क्षेत्र अधिकारियों को निर्देशित करने की वे अपने क्षेत्र में कुक्कुट पक्षियों के असामान्य बीमारी अथवा असामान्य मृत्यु के संबंध सतत सर्वेक्षण कर प्रतिवेदन एवं बीमार पक्षियों के शरीर के नमुने जांच हेतु अन्वेषण प्रयोगशाला भेंजे।
उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि प्रवासी पक्षियों जिले में बर्डफ्लू के नियंत्रण हेतु विभाग के मैदानी अमलों को सतत रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही जिले में कुक्कुट पक्षी पालकों को बीमारी की सामान्य जानकारी कुक्कुट पालकों को अपने प्रक्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों, वाहन एवं अन्य सामग्री के आने जाने में प्रतिबंध लगाने एवं मृत्य पक्षियों के असामान्य संख्या को निकटतम पशु चिकित्सालयों में सूचित करने तथा मृत पक्षियों के शवों एवं अपशिष्ट का समुचित प्रबंधन करने कहा गया है।
वाड्रफनगर, 13 जनवरी। बलरामपुर जिले के रघुनाथ नगर थाना क्षेत्र के ग्राम सरना जमतिमोड़ के पास अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार दो व्यक्ति की मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक व्याप्त है। ग्राम पंचायत रामनगर निवासी शुभलाल पिता धर्मपाल और सहदेव पिता शिवबालक उत्तरप्रदेश के जिला सोनभद्र ग्राम बभनी गए हुए थे, और वहाँ से लौटते वक्त रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरना जमतिमोड़ के पास अज्ञात वाहन की ठोकर से सडक़ हादसे का शिकार हो गए। दोनों घायलों को 108 के जरिए वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में लाया गया, लेकिन दोनों की हालत बेहद गंभीर होने की वजह से तत्काल अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज रिफर कर दिया गया था। वहीं अंबिकापुर ले जाते समय सहदेव की मौत घाट पेंडारी के पास हो गई और शुभलाल की इलाज के दौरान अंबिकापुर में मौत हो गई।
अंबिकापुर, 13 जनवरी। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कोरोना संक्रमित एक और वृद्ध की उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बलरामपुर क्षेत्र निवासी 65 वर्षीय वृद्ध को 1 जनवरी को आइसोलेशन में लाकर दाखिल कराया गया था। जहां रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर 3 जनवरी को कोविड-19 अस्पताल में दाखिल कराया गया था। जहां आज सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार उसे डायबिटीज और बीपी की शिकायत थी।
अम्बिकापुर, 13 जनवरी। एकीकृत बाल विकास परियोजना अम्बिकापुर ग्रामीण के अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्रों के 3 से 6 वर्ष के बच्चों के गणवेश कपड़े की सिलाई हेतु आवेदन महिला स्वयं सहायता समूह से 15 जनवरी 2021 तक बाल विकास परियोजना कार्यालय अम्बिकापुर में समय शाम 5.30 बजे तक आमंत्रित किया गया है।
अम्बिकापुर, 13 जनवरी। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण तथा छत्तीसगढ़ में संपादित विधानसभा उप निर्वाचन 2020 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रत्येक विधानसभा से 1-1 बी.एल.ओ. को पुरस्कृत करने हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय चयन समिति का गठन किया गया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार लंगेह एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े को सदस्य बनाया गया है। इसी प्रकार नोडल प्राध्यापक स्वीप महाविद्यालय को पुरस्कृत करने के लिए जिला स्तरीय चयन समिति में जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार झा को अध्यक्ष तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े एवं राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अम्बिकापुर के प्राचार्य डॉ. एस.के. त्रिपाठी को सदस्य बनाया गया है।
अम्बिकापुर, 13 जनवरी।संयुक्त संचालक एवं मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक ने बताया है कि अम्बिकापुर के 29 वर्षीय महिला, 42 वर्षीय पुरूष, सूरजपुर जिले के 36 वर्षीय पुरूष, 60 वर्षीय पुरूष, कोरिया जिले के 45 वर्षीय पुरूष तथा जशपुर जिले के 70 वर्षीय पुरूष को 5 दिन के हॉस्पिटलाईजेशन होने के उपरांत लक्षण रहित पाए जाने पर आज डिस्जार्च कर दिया गया है। कोविड अस्पताल अम्बिकापुर में 13 जनवरी की स्थिति में 35 मरीज भर्ती हैं जिनका ईलाज जारी है। इनमे सरगुजा जिले के 17, सूरजपुर जिले के 8, बलरामपुर जिले के 7, कोरिया जिले के 1 एवं जशपुर जिले के 2 मरीज शामिल हैं।
अम्बिकापुर, 12 जनवरी। संयुक्त संचालक ने बताया है कि सरगुजा के 55 वर्षीय महिला, 32 वर्षीय पुरूष, 35 वर्षीय पुरूष, 63 वर्षीय पुरूष को 5 दिन के हॉस्पिटलाईजेशन होने के उपरांत लक्षण रहित पाए जाने पर आज डिस्जार्च कर दिया गया है। कोविड अस्पताल अम्बिकापुर में 12 जनवरी की स्थिति में 35 मरीज भर्ती हैं जिनका ईलाज जारी है। इनमे सरगुजा जिले के 16, सूरजपुर जिले के 9, बलरामपुर जिले के 6, कोरिया जिले के 1 एवं जशपुर जिले के 3 मरीज शामिल हैं।
अम्बिकापुर, 12 जनवरी। छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत 12 जनवरी 2021 को रात्रि 9:35 बजे दुर्ग अम्बिकापुर एक्सप्रेस रायपुर से प्रस्थान कर 13 जनवरी 2021 प्रात: 7 बजे अम्बिकापुर रेल्वे स्टेशन पहुँचेंगे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 12 जनवरी। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण समिति अंबिकापुर द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती पर जनजागरण के लिए मंगलवार को नगर में भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। रामभक्तों द्वारा मां महामाया मंदिर में पूजा अर्चना करने के पश्चात महामाया पहाड़ ऑक्सीजन पार्क स्थित गणपति धाम में आशीर्वाद लेकर रैली आगे बढ़ते हुए गर्दन पाठ, श्रीगढ़, नवागढ़, घुटरापारा, चांदनी चौक, गुरुनानक चौक, महामाया चौक, संगम चौक, विवेकानंद चौक पहुंचकर स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा में माल्यार्पण कर संपन्न हुई।
इस अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान के जिला संयोजक अशोक अग्रवाल ने रामभक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि जन जन के आराध्य प्रभु श्रीराम जी का भव्य राम मंदिर अयोध्या जी में 491 वर्षों के बाद पुन: बनने जा रहा है, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास द्वारा पूरे देश में 15 जनवरी से 27 फरवरी तक निधि समर्पण अभियान चलाया जा रहा है, छत्तीसगढ़ में यह अभियान 31 जनवरी, 1 और 2 फरवरी को होगा, जिसमें अभियान से जुड़े कार्यकर्ता टोलियों में सभी घरों तक पहुंचेंगे और भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण में समर्पण का आह्वाहन करेंगें। अभियान के जिला पालक राजेश तिवारी ने मोटर सायकल रैली में आए रामभक्तों को अभियान के संदेश को सभी वार्ड और मोहल्ला तक ले जाने की बात कही, उन्होनें आगे कहा की रैली में प्रत्येक वार्ड से बड़ी संख्या में युवा आएं हैं, इसे देखते हुए अंबिकापुर नगर का वातावरण राममय हो गया है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से ठाकुर राम यादव, गोरांगों सिंह, भगवानदास बंसल, अजय मिश्रा, राजकुमार यादव, ललन प्रताप सिंह, भारत सिंह सिसौदिया, जिला सह संयोजक अरविंद मिश्रा, रामप्रसाद गुप्ता, गौतम विश्वकर्मा, निलेश तिवारी, जन्मेजय मिश्रा, आलोक दुबे, विकास पांडेय, रोचक गुप्ता, अनिरुद्ध मिश्रा, संजीव वर्मा, नकुल सोनकर, निश्चल प्रताप सिंह, सिकंदर जायसवाल, दिनेश शुक्ला, शानू कश्यप, सिंधु सोनी, अजय सोनी, संजय सोनी, मनोज कंसारी, जितेंद्र सोनी, शरद अभिषेक प्रताप सिंह,हर्ष जयसवाल सोलू सिंह, दीपक यादव, चंदन शुक्ला, संजीव सेठ, पंकज गुप्ता, पुरषोत्तम अग्रवाल, सतीश सिंह, गोलू यादव, सक्षम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभागीय झांकी का नहीं होगा आयोजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 12 जनवरी। गणतंत्र दिवस समारोह का जिला स्तरीय समारोह 26 जनवरी को राजीव गांधी शासकीय स्नात्कोत्तर महाविद्यालय अम्बिकापुर के मैदान में प्रात: 9 बजे से आयोजित होगा। कोविड 19 के संक्रमण से बचाव हेतु जारी गाईड लाईन का अनुपालन करते हुए इस बार स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी तथा विभागीय झांकी का आयोजन नहीं किया जाएगा। कलेक्टर संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में आज यहां कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित गणतंत्र दिवस आयोजन की तैयारी बैठक में यह निर्णय लिया गया। कलेक्टर ने इस दौरान गणतंत्र दिवस के सफल एवं गरिमामय आयोजन हेतु अधिकारियों को दायित्व सौंपा।
कलेक्टर ने कहा कि इस वर्ष कोरोना गाईडलाईन को धन्य में रखते हुए गणतंत्र दिवस समारोह हेतु सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा दिशा-निर्देश जारी किया गया है। निर्देशानुसार जिला स्तर पर मुख्य अतिथि के द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। ध्वजारोहण पश्चात पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों की टुकडिय़ों के द्वारा सलामी दी जाएगी। मुख्य अतिथि के द्वारा मुख्यमंत्री द्वारा जनता के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा। कार्यक्रम में कोरोना वॉरियर्स डाक्टर, पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वच्छताकर्मियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। मास्क पहनना तथा सामाजिक दूरी का पालन अनिवार्यत: किया जाएगा। बैठक में सहायक कलेक्टर विश्वदीप, डीएफओ पंकज कमल, ए.एल. धु्रव एवं संतनदेवी जांगड़े आदि अधिकारी उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 12 जनवरी। आगामी 12 से 14 फरवरी तक प्रस्तावित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव में इस बार स्थानीय एवं बाहर के कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रस्तुति के साथ ही तीन दिन तक सरगुजा के लोक नृत्य सुआ, सैला और कर्मा नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मैनपाट में चिन्हांकित नए पर्यटन स्थलों में पहुंच मार्ग के साथ अन्य सुविधाओं का विस्तार होगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने यह निर्देश आज यहां कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में दिए।
कलेक्टर श्री झा ने कहा कि मैनपाट महोत्सव में पूर्व वर्षो की भांति सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा ही इसके साथ तीन दिन तक सुआ, सैला और करमा, लोकनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले जनपद स्तर पर तीनों नृत्यों के लिए एक-एक दल का चयन करें। प्रत्येक जनपद से चयनित नर्तक दलों का महोत्सव में अलग-अलग दिन में प्रतियोगिता होगा। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले नर्तक दलों सहित प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी नर्तकों के प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। कलेक्टर ने सभी जनपदों के सीईओ को जनपद स्तर पर नर्तक दलों के चयन हेतु अभी से प्रविष्टि लेना शुरु करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैनपाट में चिन्हांकित नए पर्यटन स्थलों जैसे किंग पॉइंट, आमगांव जलप्रपात आदि में पहुंच मार्ग, सामुदायिक शौचालय सहित अन्य सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मैनपाट की सडक़े चाहे वह लोकनिर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई या सीएमजीएसवाई के हो सभी का पेच रिपेयरिंग कर पूरी मरम्मत कराएं। सडक़ के दोनों ओर के पेड़ों पर पेंट कराये। इसके साथ ही सभी पर्यटन पॉइंट जाने के रास्तों में दिशा एवं दूरी सूचक रेडियम के संकेतक लगवाएं। बाहर से आने वाले पर्यटकों को सभी पर्यटन बिंदुओं की जानकारी के लिए नक्शा तैयार प्रवेश मार्गों पर लगाये। उन्होंने मैनपाट में पर्यटकों को ट्रेकिंग का लुत्फ उठाने के लिए ट्रेकिंग पॉइंट चिन्हांकित कर विकसित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने धान खरीदी की समीक्षा करते हुए कहा कि अभी 320 गठान नया बरदान प्राप्त हुआ है इसके साथ ही करीब 1 हजार गठान की और आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि पीडीएस दुकानों से करीब 4 लाख 50 हजार बारदाने जमा करना शेष है। इसीप्रकार मिलरो से भी बारदाने बड़ी मात्रा में जमा करना शेष है। पीडीएस दुकानों एवं मिलरों से शीघ्र बारदाना जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि अगले एक दो दिन में बारिश की भी संभावना है। बारिश में धान को भीगने से बचाने के लिए कैप कव्हर एवं तिरपाल की व्यवस्था कर लें। कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी एवं वर्मी कम्पोस्ट निर्माण की समीक्षा करते हुए जिन गोठानो में कम गोबर खरीदी हो रही है उनमें खरीदी की मात्रा बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक कलेक्टर विश्वदीप, डीएफओ पंकज कमल, अपर कलेक्टर द्वय ए.एल. धु्व एवं सुश्री संतनदेवी जांगड़े सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
राष्ट्रीय युवा दिवस पर 42 युवाओं का सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 12 जनवरी। स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर आज यहां कलेक्टोरेट सभाकक्ष में नेहरू युवा केन्द्र और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन किया गया। आयोजन में सामाजिक, रचनात्मक,शिक्षा, सांस्कृतिक एवं खेल-कूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के 42 युवाओं को प्रशस्ति पत्र देकर राष्ट्रीय युवा प्रतिभा से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर युवाओं को शपथ भी दिलाई गई।
कलेक्टर संजीव कुमार झा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने सम्पूर्ण मानव जाति को रास्ता दिखाया है। आप जिस भी कार्य में हैं अपने कार्य में गर्व कीजिये। सपने कभी भी छोटे नहीं देखने चाहिए। कभी भी हिम्मत नहीं हारना चाहिए। क्या मिलेगा इसकी चिन्ता किए बिना अपने क्षेत्र में बेस्ट प्रदर्शन करें।
कलेक्टर श्री झा ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का हमारे जीवन मे महत्व के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद ने भारतीयता एवं सनातन संस्कृति की महत्ता को स्थापित किया। हिंदुस्तानियों को अपने आप पर गर्व करना सिखाया। शिकागो सम्मेलन में पूरी दुनिया को गौरवशाली भारतीय परंपरा के बारे में बताया। स्वामी विवेकानन्द के विचार और आदर्श वर्तमान समय में भी प्रासंगिक हैं।
अम्बिकापुर, 12 जनवरी। मनरेगा से जहां ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है वहीं किसानों को स्थायी परिसंपति के रूप में कूप, तालाब, कुक्कुट आश्रय से स्वरोजगार प्राप्त हो रहा है। हितग्राहियों को आजीविकामूलक गतिविधियों से जोडक़र आर्थिक मजबूती, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। मनरेगा के कुँआ निर्माण योजना के अन्तर्गत बाड़ी तथा खेतों में कृषि हेतु सिंचाई उपलब्ध कराने के लिए वृहद स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में जनपद पंचायत अम्बिकापुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम करैया निवासी किसान चिंताराम को मनरेगा के तहत कूप निर्माण से सिंचाई की सुविधा मिली तो सब्जी की खेती शुरू की। अब साल भर में करीब 30 हजार रुपये तक की सब्जी की बिक्री कर रहे हैं। सब्जी की खेती से चिंताराम को परिवार के गुजर-बसर के लिए अतिरिक्त आय मिल रहा है जिससे उनकी चिंता दूर हुई है।
किसान चिंताराम घर की बाड़ी में एक कुँआ निर्माण के लिए वर्ष 2018 में आवेदन किया। आवेदन करने के पश्चात उन्हें कूप खनन की स्वीकृति प्राप्त हुई। मनरेगा के तहत शासन के द्वारा उनके बाड़ी में कुँआ निर्माण का कार्य कराया गया। कुँआ बन जाने से वे अपने बाड़ी में टमाटर, गोभी, मटर, पालक, मेथी, धनिया पत्ती तथा अन्य साग-सब्जी का उत्पादन करते हैं। उत्पादित सब्जी को गुदरी बाजार अम्बिकापुर में ले जाकर बेचते हैं।
किसान चिंताराम ने बताया कि कुँआ निर्माण से मुझे जीविकोपार्जन का साधन मिला। सब्जी बेचकर हुई आमदनी से परिवार का खर्च चलता है। इससे मेरे आय में वृद्धि के साथ-साथ आर्थिक स्थिति सदृढ़ करने में सहायता होती है। मुझे राजीव गांधी किसान न्याय योजना से अंतर की राशि लगातार प्राप्त हो रही है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण अंचल के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है जिसमें ग्रामीणों को स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की राह सुदृढ नजर आती है।
अम्बिकापुर, 11 जनवरी। केन्द्रीय जेल अम्बिकापुर के अशासकीय संदर्शक समिति की बैठक 9 जनवरी को जेल अधीक्षक कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में अशासकीय संदर्शक समिति संदीप गुप्ता, अधिवक्ता सी.डी. कुमार, ज्योति सिंह, निखिल कुमार गुप्ता, एवं सुनील मिश्रा उपस्थित थे।
बैठक में जेल अधीक्षक राजेन्द्र गायकवाड़ द्वारा भारत सरकार गृह मंत्रालय द्वारा जारी निर्देश 24 जुलाई 2015 अनुसंधन करने, वृत्त चित्र बनाने बंदियों का साक्षात्कार लेने आदि के लिए व्यक्तियों एवं गैर सरकारी संगठन, कम्पनी, प्रेस को जेल में प्रवेश की अनुमति देने के सम्बंध में दिशा निर्देश एवं जेल मैन्युअल के भाग सत्रह जेलों के आगंतुकों की नियुक्ति एवं मार्गदर्शन नियम-814 अधिकारिक एवं अनाधिकारिक आगंतुक, 815 - अनाधिकारिक परिदर्शक को नियुक्त करने संबंधी राज्य शासन की शक्तियां, 816- परिदर्शक द्वारा अतिरिक्त निरीक्षण एवं 817 - परिदर्शकों के कर्तव्य के विषय पर विस्तृत जानकारी दी गई। संदर्शकों द्वारा जेल का भ्रमण के दौरान बंदियों से उनकी समस्याएं पूछी गई, साथ ही जेल के अनुशासन और साफ-सफाई की प्रशंसा की गई।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 11 जनवरी। छत्तीसगढ़ पंचायत सचिव संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल को आज भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों ने धरना स्थल पर जाकर समर्थन दिया।
इस अवसर पर पंचायत सचिवों की दो वर्ष की परीवीक्षा अवधि पूर्ण होने पर शासकीय कर्मचारी घोषित किए जाने की लम्बित मांग को सही ठहराते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने अपने पार्टी की ओर पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने धरने को संबोधित करतेे हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की वर्तमान भूपेश सरकार ने सरकार बनने के पश्चात शासकीय कर्मचारियों की किसी भी मांग को पूरा नहीं किया है, फिर भी सरकार से उम्मीद है कि पंचायत सचिवों की मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर कर्मचारियों के हित में निर्णय हो।
धरने को वरिष्ठ भाजपा नेता त्रिलोक कपूर कुशवाहा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, विष्वविजय तोमर, आकाश गुप्ता, छोटू थामस सर्वेस तिवारी, संजय सोनी, शानु कश्यप , तथा चंदन, विशेष रूप से उपस्थित थे।
अम्बिकापुर, 11 जनवरी। संयुक्त संचालक एवं मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक ने बताया है कि कोविड अस्पताल अम्बिकापुर में 11 जनवरी की स्थिति में 36 मरीज भर्ती हैं, जिनका इलाज जारी है। इनमें सरगुजा जिले के 17, सूरजपुर जिले के 9, बलरामपुर जिले के 6, कोरिया जिले के 1 एवं जशपुर जिले के 3 मरीज शामिल हैं।
अम्बिकापुर, 11 जनवरी। कोरोना के कारण लॉकडाउन लगने से शासकीय कार्यालय एवं व्यावसायिक संस्थान बंद होने से व्यवसायिक गतिविधियों पर बुरा असर पड़ा, लेकिन लॉकडाउन में छूट देने के साथ आर्थिक गतिविधियां धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। जमीन की खरीदी बिक्री हेतु पंजीयन कार्यालय में लोगों का आना-जाना बढ़ा है।
जिले में इस वित्तीय वर्ष के 9 माह में 4 हजार 957 दस्तावेजों के पंजीयन से 18 करोड़ 89 हजार 700 रूपए का राजस्व पंजीयन विभाग को प्राप्त हुआ है। पांच डिसमिल से कम जमीन की रजिस्ट्री शुरू होने से भी राजस्व में वृद्धि हुई है।
जिला पंजीयक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार उप पंजीयक कार्यालय अम्बिकापुर अंतर्गत 4 हजार 566 दस्तावेजों के पंजीयक से 17 करोड 21 लाख 57 हजार 901 तथा उप पंजीयक कार्यालय सीतापुर अंतर्गत 413 दस्तावेजों के पंजीयक से 79 लाख 31 हजार 799 रूपए का राजस्व प्राप्त हुआ है। इस वर्ष 29 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
तैयारी के लिए अफसरों को दिए निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 11 जनवरी। कलेक्टर संजीव कुमार झा ने आज मैनपाट के रोपखार स्थित मैनपाट महोत्सव स्थल का निरीक्षण किया और आगामी फरवरी माह में प्रस्तावित महोत्सव की तैयारी के लिये अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
उन्होंने पूरे क्षेत्र की साफ-सफाई, जलाशय की सफाई सहित विभिन्न आयोजनों हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शैला रिजॉर्ट का भी निरीक्षण किया तथा रिजॉर्ट के कमरों के मरम्मत रंग-रोगन कराने के निर्देश दिये। इसके साथ ही रिसोर्ट एरिया की साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके पश्चात उन्होंने नर्मदापुर में गृह निर्माण मंड़ल द्वारा अधिकारी, कर्मचारियों के लिए निर्माणाधीन आवास का निरीक्षण किया। उन्होंने आवास निर्माण कार्य मे तेजी लाकर समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष 12 से 14 फरवरी तक तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का आयोजन प्रस्तावित है। महोत्सव के सफल आयोजन हेतु अभी से तैयारी प्रराम्भ कर दी गई है।
निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर विश्वदीप, एसडीएम सीतापुर दीपिका नेताम सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
अम्बिकापुर, 11 जनवरी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार लंगेह से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पंचायत सरगुजा के सामान्य प्रशासन समिति की बैठक 18 जनवरी को प्रात: 11 से 1 बजे तक एवं सामान्य सभा दोपहर 2 बजे से जिला पंचायत सरगुजा के सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी।
सामान्य सभा की बैठक का मुख्य एजेण्डा मनरेगा के कार्यों की समीक्षा, पंचायत के एसेटस रजिस्टर पर चर्चा, स्वच्छ भारत मिशन तथ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा, 15वां वित्त योजना के जीपीडीपी निर्माण के संबंध में चर्चा की जाएगी। इसी प्रकार सामान्य प्रशासन की बैठक में बजट 2021 पर चर्चा, धान एवं मक्का खरीदी पर चर्चा, गन्ना कृषकों के पंजीयन व तैयारी पर चर्चा, जिला पंचायत कार्यालय के रंगाई एवं पोताई कार्य के व्यय के अनुमोदन के संबंध में, अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष कक्ष का उन्नयन कार्य, जिला पंचायत कार्यालय के विद्युत सुधार कार्य, जिला पंचायत कार्यालय के जनरेटर का मरम्मत कार्य सहित अन्य विषयों पर चर्चा की जाएगी।
छत्तीसगढ़ संवाददाता
अम्बिकापुर, 10 जनवरी। रघुनाथपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत गांव निवासी नाबालिग लडक़ी से मुंह बोले मामा द्वारा रेप करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार नाबालिग लडक़ी 29 दिसम्बर 2020 से घर से बिना बताए निकल गई थी। लडक़ी के पिता ने रघुनाथपुर चौकी आकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पिता की शिकायत के बाद रघुनाथपुर पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश करने जुट गई। वहीं 3 जनवरी 2021 को रघुनाथपुर पुलिस द्वारा नाबालिग लडक़ी को कोरिया जिले के ग्राउंड दफाई से बरामद कर नाबालिग लडक़ी के बयान के आधार पर मुंहबोले मामा द्वारा शादी का झांसा देकर शारीरिक सम्बन्ध जबरन बनाया गया था। जिसके आधार पर रघुनाथपुर पुलिस ने आरोपी विशाल कुजुर को कई धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड से जेल दाखिल किया गया।