कारोबार

उरला में अग्निशमन केन्द्र स्थापित करना जरूरी-गर्ग
12-Apr-2024 2:19 PM
उरला में अग्निशमन केन्द्र स्थापित करना जरूरी-गर्ग

रायपुर, 12 अप्रैल। उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्विन गर्ग  ने बताया कि उरला औद्योगिक क्षेत्र प्रदेश के सबसे पुराने औद्योगिक क्षेत्र में से एक है एवं भनपुरी, रावांभाटा एवं सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र भी उरला औद्योगिक क्षेत्र से लगे हुए है एवं उरला औद्योगिक क्षेत्र के चारों ओर बीरगांव नगर निगम का सघन अबादी क्षेत्र एवं रहवासी बस्तियां है। औद्योगिक क्षेत्र में 1000 से अधिक सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम श्रेणी के उद्योग स्थापित है जिनमें लगभग 1.5 लाख से अधिक कर्मचारी कार्यरत है एवं साथ ही बीरगांव नगर निगम की सीमा में भी लगभग 2 लाख से अधिक जनता रहती है। 

श्री गर्ग ने बताया कि उरला के उद्योगों एवं बीरगांव नगर निगम के रहवासी क्षेत्र में आगजनी की घटना होती रहती है, आग लगने की स्थिति में रायपुर से अग्निशमन वाहन के आने व कार्य प्रारंभ करने में न्युनतम 1 से 2 घंटे का समय लग जाता है और इतने समय में कोई भी अनहोनी घटना घटित हो सकती है। बीरगांव नगर निगम का गठन हुए लगभग 15 वर्ष होने के पश्चात भी नगर निगम की अनिवार्य सेवा अग्निशमन केन्द्र स्थापित नही हो पायी है। अभी हाल ही में गुढिय़ारी भारत माता चौक सी.एस.पी.डी.सी.एल. के स्टोर में भयंकर आगजनी की घटना हुई है अत: ऐसी स्थिति उरला में निर्मित होने पर नियंत्रण पाने हेतु उरला औद्योगिक क्षेत्र में अग्निशमन केन्द्र स्थापित किया जाना अति आवश्यक है।

श्री गर्ग ने बताया कि अग्निशमन केन्द्र स्थापना हेतु शासन एवं प्रशासन से पिछले कई वर्षों से निरंतर उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के द्वारा मांग की जाती रही है। हमारी मांग पर सी.एस.आई.डी.सी. के द्वारा जमीन का आबंटन भी किया जा चूका है। सी.एस.आई.डी.सी. ने उरला पुलिस थाना के बाजु में जमीन चिन्हाकिंत की थी पर अग्निशमन केन्द्र स्थापना हेतु लम्बे समय तक मंजुरी न मिलने के कारण उसे इंडस्ट्रीयल पार्किंग यार्ड बना दिया गया। छ.ग. शासन के बजट में भी दो बार अग्निशमन केन्द्र स्थापना हेतु बजट आबंटित किया जा चूका है पहली बार की आबंटित राशि अधिकरियों की लापरवाही की वजह से निरस्त हो गयी। 

श्री गर्ग ने बताया कि पूर्ववर्ती राज्य शासन द्वारा उरला औद्योगिक क्षेत्र में अग्निशमन स्थापना हेतु 4,36,05,000/- आबंटित किया गया है एवं सी.एस.आई.डी.सी. ने भी मेटल पार्क में जमीन आबंटित कर दी है अत: हमारा शासन से अनुरोध है कि इस कार्य मे विलम्ब न करते हुए अतिशीघ्र उरला औद्योगिक क्षेत्र में अग्निशमन केन्द्र स्थापित किया जाना चाहिए।
 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news