रायगढ़

महिला पार्षद से झगड़ा, कांग्रेस अध्यक्ष को नोटिस
14-Jan-2022 5:48 PM
महिला पार्षद से झगड़ा,  कांग्रेस अध्यक्ष को नोटिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 14 जनवरी।
नगर निगम के सभापति कक्ष में कांग्रेस पार्षद और महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष के बीच हुए झगड़े की शिकायत पार्षदों द्वारा किए जाने के बाद प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने शहर अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब देने कहा गया है।  

उल्लेखनीय रहे कि सोमवार को नजूल जमीन का अतिक्रमण हटाने के एक मामले के बाद नगर निगम के कांग्रेस पार्षद संजना शर्मा और महिला कांग्रेस अध्यक्ष बरखा सिंह के बीच निगम के सभापति कक्ष में जमकर झगड़ा हुआ। सोशल मीडिया में एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें झगड़े का नजारा दिख रहा था। इसके बाद 18 नगर निगम पार्षदों ने बरखा सिंह की शिकायत जिला कांग्रेस कमेटी, प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी, प्रभारी मंत्री आदि को किया गया था। वहीं शहर अध्यक्ष अनिल शुक्ला के द्वारा भी मामले की रिपोर्ट रायपुर भेजे जाने की जानकारी मिली है।

इसी क्रम में बुधवार को महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने जिला महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष को नोटिस भेजा है। बताया जाता है कि पीसीसी ने इस मामले में एक कमेटी का भी गठन किया है जो रायगढ़ आकर दोनों पक्षों की बात सुनेगी इसके बाद निर्णय किया जाएगा। इस संबंध में दोनों ओर से शिकायत की गई है इसलिए दोनों पक्ष का सुना जाना ही पीसीसी को सही लगा।  

बहरहाल अब मामला तूल पकड़ता दिख रहा है। दोनों में कोई पक्ष हार मानने को तैयार नहीं है। बताया जा रहा है कि जो वीडियो सामने आई है, उसमें सिर्फ बरखा सिंह को दिखाया गया है, दूसरे पक्ष का यह कहना है कि वीडियो जानबूझकर एक तरफा और एडिटेड है, जबकि पार्षदों के कहना है कि वीडियो में जिस तरह के भाषा का इस्तेमाल किया गया है, वह आपत्तिजनक है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news