कोण्डागांव

स्कूल में व्यवसायिक कौशल शिक्षा की संयुक्त प्रदर्शनी
09-Apr-2022 5:01 PM
स्कूल में व्यवसायिक कौशल शिक्षा की संयुक्त प्रदर्शनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

ओडग़ी,  9 अप्रैल। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय ओडग़ी और कन्या पूर्व माध्यमिक शाला ओडग़ी द्वारा बस्ताविहीन विद्यालय में व्यवसायिक कौशल शिक्षा योजना के तहत संयुक्त प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच गौरी सिंह रही, अध्यक्षता बीआरसीसी नरेंद्र कुमार दुबे ने की, वहीं विशिष्ट आतिथ्य जिला प्रभारी नोडल अधिकारी सीमांचल त्रिपाठी, संकुल प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह, ग्राम मुखिया धर्मराज पटेल द्वारा की गई।

प्रदर्शनी में सांस्कृतिक कार्यक्रम, मिट्टी कला, क्राफ्ट, सिलाई-बुनाई जैसे झूमर प्लेट, ऊन का झालर, झूमर, पायदान, चटाई, गुलदस्ता, टीवी कवर, पेन स्टैंड, फ्रॉक व सलवार सूट इत्यादि प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में सांस्कृतिक कार्यक्रम की उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना अतिथियों ने की।

सरपंच गौरी सिंह द्वारा छात्राओं को नारी सशक्तिकरण की मिसाल बनने एवं शिक्षा के क्षेत्र में ओडग़ी का परचम जिले सहित प्रदेश में फहराने सतत प्रयास करने हेतु प्रेरित किया गया। हमारे जीवन में पूर्व व्यवसायिक कौशल शिक्षा प्रशिक्षण किस प्रकार सहायक सिद्ध हो सकती है, इसके बारे में प्रभारी नोडल अधिकारी सूरजपुर सीमांचल त्रिपाठी द्वारा विस्तार पूर्वक बताया गया।

बीआरसीसी नरेंद्र कुमार दुबे ने उपस्थित छात्राओं को शिक्षा एवं व्यवसायिक कौशल के क्षेत्र मे सतत बेहतर प्रयास किए जाने व परिवार का सहारा बनने हेतु प्रेरित किया।

सीमांचल त्रिपाठी द्वारा स्व लिखित बाल पुस्तिका- बचपना, एकल काव्य संग्रह- स्वच्छंद पंछी, तेलंगाना साहित्य अकादमी द्वारा प्रकाशित समूह काव्य संग्रह- निर्झरिणी की एक-एक प्रति कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के पुस्तकालय हेतु शिक्षिका मैडम को भेंट दी गई।

इस दौरान संजय देव पांडेय जनशिक्षक, सुबरतानी मिंज अधीक्षिका कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय ओडग़ी, राजेश कुमार पैकरा प्रभारी प्रधानपाठक कन्या माध्यमिक शाला ओडग़ी, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय ओडग़ी की शिक्षिका अनुपा तिर्की, सुनैना तिवारी, टीचर सुरेंद्र यादव, एसएमसी अध्यक्ष सहित समस्त सदस्य एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में वार्डन मैडम एवं प्रभारी प्रधान पाठक का सक्रिय सहयोग रहा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news