महासमुन्द

भाजपाईयों ने 4 हजार 800 लोगों की सूची सौंपकर सभी की गिरफ्तारी दर्शाने कहा-कुल 439 गिरफ्तार
17-May-2022 3:23 PM
भाजपाईयों ने 4 हजार 800 लोगों की सूची सौंपकर सभी की गिरफ्तारी दर्शाने कहा-कुल 439 गिरफ्तार

इंटेलिजेंस विभाग की रिपोर्ट में 500 भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 मई।
धरना, प्रदर्शन सहित किसी भी आयोजन के लिए 19 बिंदुओं पर प्रशासन से अनिवार्य रूप से अनुमति लिए जाने के फैसले के विरोध में महासमुंद जिला भाजपा ने भी कल सोमवार को जेल भरो आंदोलन किया और गिरफ्तारी दी। स्थानीय हाईस्कूल मैदान में बनाए गए अस्थाई जेल में भाजपा की ओर से 4 हजार 800 लोगों की सूची सौंपकर सभी की गिरफ्तारी दर्शाने की मांग की गई। लेकिन जमा भीड़ के लिहाज से पुलिस-प्रशासन की ओर से मौके पर नाम, पता और हस्ताक्षर कराने के बाद कुल 439 लोगों को ही गिरफ्तार किया गया। इनमें 100 महिलाएं और 339 पुरुष शामिल थे। वहीं इंटेलिजेंस विभाग ने जो रिपोर्ट तैयार की है, उसके अनुसार जेल भरो आंदोलन में 500 भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे। अस्थाई जेल के सामने सूची के मुताबिक सभी की गिरफ्तारी दर्ज न करने पर भाजपा पदाधिकारियों व अफसरों के बीच बहस भी हुई। झूमाझटकी के बीच यह पूरा प्रदर्शन करीब 3 घंटे तक चला।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, संगठन प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, प्रदेश उपाध्यक्ष सरला कोसरिया, पूर्व मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, परेश बागबाहरा, रामलाल चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह गोल्डी, जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर, संजय शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कौशल्या बंसल सहित भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस दौरान भाजपा नेता थानसिंग दीवान के बाईं हाथ में नाखून से खरोंच के निशान भी मिले। भाजपाई इसे पुलिस वालों की करतूत कह रहे हैं।

बताना जरूरी है कि भाजपा के इस जेल भरो आंदोलन को देखते हुए पुलिस ने रविवार रात से ही हाई स्कूल मैदान के सामने बैरिकेडिंग कर दी थी। नगर पालिका के पास स्थित दूसरे गेट के सामने भी बैरिकेडिंग लगा कर बंद किया गया था। इसके चलते सडक़ के करीब 100 मीटर के हिस्से में एक ओर की सडक़ बंद थी। दूसरी लेन से दोनों ओर से आने जाने वाली गाडिय़ों के चलते ट्रैफिक का दबाव बना रहा। शाम 5.30 बजे आंदोलन समाप्त होने के बाद दोनों स्थानों से बैरिकेडिंग हटा दी गई। इसके बाद शाम 7 बजे तक यातायात व्यवस्था बहाल हो पाई।

इस प्रदर्शन से पहले दोपहर 3 बजे लोहिया चौक में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे। यहां सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सरकार विरोध बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। जबकि हर व्यक्ति को विरोध करने का अधिकार है। पूर्व विधायक डा. विमल चोपड़ा ने कहा कि कांग्रेस सरकार विरोधी नीतियों के खिलाफ भाजपा शुरू से लड़ाई लड़ती आई है। सभा के बाद भाजपाई रैली के रूप में तेजी से कांग्रेस चौक की ओर रवाना हुए। लेकिन सभास्थल से 500 मीटर जाने के बाद हाईस्कूल के ठीक सामने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोका।

भाजपा के जेल भरो आंदोलन के तय कार्यक्रम के अनुसार लोहिया चौक में सभा के बाद भाजपाइयों को कलेक्टोरेट घेराव करने जाना था। लेकिन पुलिस ने सभा स्थल से 500 मीटर दूर ही हाईस्कूल के ठीक सामने बैरिकेडिंग की और यहीं पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर सभी को रोक दिया। भाजपाइयों ने इस दौरान बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश भी की। काफी झूमाझटकी भी हुई लेकिन भाजपाई सफल नहीं हो पाए। इसके बाद सभी को हाईस्कूल मैदान में बने अस्थाई जेल में दाखिल किया गया। यहां पहले से ही मौजूद पुलिस ने एक-एक कर सभी का नाम व पता नोट कर हस्ताक्षर कराकर विधिवत गिरफ्तार किया और फिर सभी को एक साथ रिहा कर दिया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news