महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,26 अप्रैल। जेल के भीतर हुई आपसी लड़ाई के दौरान थाली-गिलास से मारपीट मामले में अब दोनों बंदियों को अन्य जेल में स्थानांतरित किया जाएगा। जेल प्रशासन ने न्यायालय में इसे लेकर अपील की है।
मिली जानकारी के अनुसार मारपीट में घायल एक बंदी को जिला अस्पताल से उपचार के बाद वापस जिला जेल भेजा गया था। जबकि, दूसरे बंदी को चिकित्सकों ने रिफर कर दिया था। जहां मेकाहारा में उपचार के बाद उसे राजधानी के ही जेल में रखा गया है। बताया जाता है कि जेल के बैरक नंबर 5 में मंगलवार की शाम विचाराधीन बंदियों को खाना दिया गया। इस दौरान कनेकेरा निवासी इंद्रकुमार 26 वर्ष और सियाराम 21 वर्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों एक दूसरे पर थाली, गिलास से हमला करने लगे। जैसे ही इसकी जानकारी जेल प्रशासन को हुई दोनों को मेडिकल कॉलेज इलाज के लिये भेजा गया। जेलर उत्तम कुमार पटेल ने बताया कि सियाराम को प्राथमिक उपचार के बाद जेल भेज दिया गया है। जबकि, इंद्रकुमार को रायपुर रिफर किया गयाहै। सियाराम को जिला अस्पताल में 3 टांके लगाये गये। जबकि, इंद्रकुमार को 4 टांके लगाये गये हैं।
न्यायालय से की गई अपील
जेल अधीक्षक उत्तम कुमार पटेल ने बताया कि दोनों बंदी धारा 307 के मामले में यहां लाये गये हैं। एक दूसरे पर आरोप लगाने के चलते दोनों में विवाद हुआ है। दोंनों को चोटों में अधिक अंतर नहीं था। उसके बाद भी एक राजधानी रिफर कर दिया। इंद्रकुमार को टांका लगाने के बाद राजधानी के जेल में भेजा गया है।