महासमुन्द

मतदान दलों की रवानगी
25-Apr-2024 10:39 AM
मतदान दलों की रवानगी

महासमुंद, 25 अप्रैल। आज गुरुवार की सुबह 5 बजे से कृषि मंडी महासमुंद से मतदान दलों को गंतव्य के लिए रवानगी शुरू हुई है। इन्हें गंतव्य तक पहुंचने के लिए 235 रूट तय किए गए हैं। आज ही शाम 4 बजे तक सभी मतदान दल में शामिल 4320 कर्मियों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। जिन वाहनों से मतदान दल को भेजा जाएगा, उन वाहनों में जीपीएस लगाया गया है। मतदान दल जिस वाहन से जाएंगे, वह रास्ते में कहीं नहीं रुकेगा और सीधे मतदान केंद्र जाकर रूकेगा। कृषि उपज मंडी से वाहन कितने बजे निकली और कितने बजे पहुंची, इसकी मानीटरिंग जीपीएस सिस्टम से की जाएगी।

महासमुंद लोकसभा में मतदान कल 26 अप्रैल को है। जानकारी अनुसार महासमुंद जिले के 85 मतदान केंद्रों में मतदान की पूरी प्रकिया को महिला कर्मी ही संचालित करेंगी। यानी पीठासीन अधिकारी, पोलिंग अधिकारी, पहचानकर्ता और अमिट स्याही लगाने के लिए 340 महिला कर्मचारी ड्यूटी करेंगी। वहीं 4 केंद्रों में दिव्यांग, 20 केंद्रों में युवा कर्मी और 150 मतदान केंद्रों में 2 महिलाएं और 2 पुरुष जिम्मेदारी संभालेंगे। लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत महासमुंद, गरियाबंद और धमतरी के कुल 8 विधानसभाओं में 2146 मतदान केंद्रों में मतदाताओं की कुल संख्या 17 लाख 62 हजार 477 हैं। इसमें 8 लाख 66 हजार 670 पुरुष मतदाता, 8 लाख 95 हजार 773 महिला मतदाता और 34 थर्ड जेंडर मतदाता है। इसमें 17 हजार 383 दिव्यांग मतदाता और 85 वर्ष से अधिक वरिष्ठ नागरिक की संख्या 6 हजार 223 व सेवा मतदाताओं की कुल संख्या 1221 है।   

जिले में चुनाव प्रक्रिया के दौरान निगरानी के लिए उडऩदस्ता 96, स्थैतिक निगरानी दल 182, वीडियो स्थैतिक दल 24, वीडियो अवलोकन दल 16, सहायक व्यय प्रेक्षक 20, विभिन्न कंट्रोल रूम के लिए 37 टीम गठित की गई है। जिले में 11 अंतरराज्यीय व 11 अंतरजिला चेक पोस्ट बनाया गया है। जिले में कुल 1080 मतदान केंद्र हैं। इन केंद्रों की निगरानी के लिए 112 सेक्टर बनाए गए हैं। जहां सेक्टर अधिकारी नजर बनाए रखेंगे। वहीं 111 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं। इन बूथों में मतदान दल समेत सुरक्षा इंतजाम के लिए 6604 कर्मी तैनात होंगे। वहीं 1333 कर्मचारी रिजर्व रखा गया है।  

 जिले में 8 लाख 66 हजार 837 मतदाता है और यहां शत प्रतिशत मतदान को लेकर जिस तरीके से प्रचार-.प्रसार किया गया है। लोगों को उम्मीद है कि जिले में 82 प्रतिशत से अधिक मतदान होगा। कल प्रेसवार्ता में चुनाव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने जानकारी दी कि शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान के लिए जिले के 50 प्रतिशत मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग होगी। कलेक्टोरेट सभाकक्ष से इसकी मॉनिटरिंग की जाएगी। मतदान के दौरान बूथों में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने जिले के 1080 मतदान केंद्रों में से 540 केंद्र सीसीटीवी कैमरे से लैस होंगे। प्रत्येक केंद्रों में दो-दो कैमरे लगाए गए हैं।

मतदान के दौरान कोई गड़बड़ी या कमियां पाई गई तो उसे तत्काल दुरूस्त किया जाएगा। यदि किन्हीं कारणों से ईवीएम मशीन में गड़बड़ी होती है, तो आधे घंटे के भीतर उसे ठीक कर लिया जाएगा, ऐसी व्यवस्था बनाई गई है। गर्मी की वजह से वोटिंग प्रतिशत में कमी आने की आशंका को देखते हुए मतदान केंद्रों में छांव के लिए पंडाल, पानी और आवश्यकतानुसार पंखे और कूलर भी व्यवस्था की जाएगी। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news