रायगढ़
फरार चल रहे प्राचार्य गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 14 जुलाई। जिले के सरिया थाना अंतर्गत एक स्कूल के प्राचार्य ने 12वीं की छात्रा को इतना डराया कि उसने खुदकुशी कर ली। परीक्षा देने के बाद छात्रा घर लौटी तो प्राचार्य ने उससे कहा कि गलत उत्तर लिखा है, फेल हो जाएगी। पुलिस ने मामले की जांच की तो मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आज को आरोपी प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया तो बोला कि छात्रा पर नीयत ठीक नहीं थी, उसे डराना चाहता था।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पुजेरीपाली निवासी मनीराम चौहान खेती किसानी करता है। उसकी 18 साल की बेटी सुमित्रा चौहान 12 वीं की छात्रा थी। 18 जून को मनीराम खेत में काम करने के लिए गया था। उसकी पत्नी घर के बाहर बस्ती की ओर घूमने निकली थी। मनीराम शाम करीब 6.30 बजे घर लौटा तो देखा कि किचन में उसकी बेटी का जला हुआ शव पड़ा है, वहीं पास में केरोसिन का जरीकन पड़ा हुआ था।
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। पूछताछ में पता चला कि नियम विरुद्ध शासकीय स्कूल का प्राचार्य शशि कुमार स्वर्णकार अपने स्टाफ पवित्र मोहन पाणिग्राही और दीपक प्रधान के साथ 18 जून को छात्रा के घर पहुंचा। पेपर देकर लौटी छात्रा को डराया कि वह संस्कृत विषय की जगह राजनीति विज्ञान और राजनीति विज्ञान की जगह संस्कृत के उत्तर लिख आई है। इसके चलते छात्रा काफी डर गई थी। आरोप है कि प्राचार्य ने छात्रा को फेल हो जाने का डर दिखाकर आत्महत्या के लिय उकसाया। इसी के चलते छात्रा ने जान दे दी। मामले की पुष्टि और आरोपी प्राचार्य के कबूल नामे के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल दाखिल करा दिया है।