राजनांदगांव

समिति प्रबंधक लौटे काम पर
05-Nov-2022 3:25 PM
समिति प्रबंधक लौटे काम पर

धान खरीदी में अब नहीं होगी दिक्कतें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 नवंबर।
जिले में धान खरीदी सुचारू रूप से चल रही है । कलेक्टर डोमन सिंह धान खरीदी केन्द्रों का स्वयं सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वे धान खरीदी केंद्रों में पहुंचकर धान खरीदी केन्द्र की व्यवस्था की जांच कर रहे हैं । उन्होंने शुक्रवार को धान उपार्जन केन्द्र तुमड़ीबोड़ और भानपुरी केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्र प्रभारी से कहा कि केंद्र में सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित हो और किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने इस दौरान अब तक खरीदे गए धान की मात्रा, धान के रखरखाव, केंद्र की साफ-सफाई, हमाल की व्यवस्था, ऑनलाइन टोकन इत्यादि की जानकारी ली।

कलेक्टर सिंह ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते नई व्यवस्था बनाते लोक सेवा केंद्रों में किसानों के लिए ऑनलाइन टोकन कटाने की व्यवस्था की है। जिले के किसान जो उपार्जन केंद्र में धान बेचना चाहते हैं, वे अपनी नजदीकी लोक सेवा केंद्र में पहुंचकर ऑनलाइन टोकन कटा सकते हैं । यह व्यवस्था बनने से किसानों को धान बेचने में बड़ी सुविधा मिलेगी। समिति प्रबंधक जो धान खरीदी से अपने को पृथक कर लिए थे, वे कलेक्टर की पहल पर अपने काम पर वापस लौट आए हैं। समिति प्रबंधक धान खरीदी केंद्रों में अपनी उपस्थिति दे दिए हैं। कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान तुमड़ीबोड़ के समिति प्रबंधक छबील निषाद व भानपुरी के प्रबंधक रेवाराम साहू उपस्थित मिले।

समिति प्रबंधकों के धान खरीदी केंद्रों में लौटने से सुचारू रूप से धान उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी नियमित रूप से हो सकेगी। कलेक्टर ने कहा कि समिति प्रबंधकों द्वारा लिया गया निर्णय जिले के किसानों के लिए मददगार साबित होगा। समिति प्रबंधकों ने काम पर लौटने के साथ ही धान खरीदी में अपनी योगदान देना शुरू कर दिया है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार, जिला खाद्य अधिकारी भूपेन्द्र मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news