राजनांदगांव

अनुशासन के साथ संगठनात्मक कसावट बहुत जरूरी
05-Nov-2022 3:30 PM
अनुशासन के साथ संगठनात्मक कसावट बहुत जरूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 नवंबर।
प्रदेश भाजपा के आह्वान पर शुक्रवार को उत्तर एवं ग्रामीण भाजपा की एक आवश्यक बैठक विधानसभा प्रभारी एवं पूर्व विधायक डॉ. बालमुकुंद देवांगन के विशेष मार्गदर्शन में संपन्न हुई। जिसमें संगठनात्मक चर्चा के साथ-साथ आने वाले चुनाव में सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा भी संपन्न हुई।

बैठक में नवनियुक्त जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल ने बैठक की प्रस्तावना रखते कहा कि सभी मंडलों के कार्यकर्ताओं को चुनाव की दृष्टि से बूथ सशक्तिकरण की महत्वपूर्ण जवाबदारी भी समझाई गई एवं चुनाव की दृष्टि से विस्तार पुस्तिका, मंडल एवं शक्ति केंद्रों की बैठकें, स्थानीय मुद्दों पर आंदोलन करने की योजना तथा प्रबुद्धजनों से भेंट कर वर्तमान सरकार के खिलाफ अपनी बात रखने की योजना बनाना। साथ ही पूर्व के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की रणनीति के तहत आज चर्चा की गई। साथ ही महिला मोर्चा के बड़े आंदोलन के लिए भी रूपरेखा तैयार की गई।

मीडिया सेल के अनुसार बैठक को पूर्व विधायक डॉ. देवांगन ने संबोधित करते कहा कि आने वाले समय में महिला मोर्चा का एक बड़ा कार्यक्रम तय हुआ है। जिसमें हुंकार रैली के माध्यम से प्रदेशभर की महिलाएं सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेगी। साथ ही संगठनात्मक कसावट लाने के लिए अनुशासन के साथ-साथ पूर्व कार्यकर्ताओं के साथ आपसी तालमेल कर वर्तमान सरकार के खिलाफ जनता को जागृत किया जाएगा और जिन कार्यकर्ताओं के अंदर यह उर्जा होगी उन्हें पद देकर आगे बढ़ाया जाएगा। डॉ. देवांगन ने कहा कि आज प्रदेश में चारों ओर अराजकता का वातावरण है। विकास कार्य शून्य हो चुके हैं, किसान अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है। श्रमिक कल्याण की योजनाएं बंद पड़ी है, 15 वर्ष के भाजपा शासनकाल की तुलना करें तो भूपेश सरकार बहुत कमजोर साबित हुई हैं, परंतु जनता जनार्दन होती है उसे भूपेश सरकार की कथनी और करनी में अंतर स्पष्ट दिख रहा है। आने वाले चुनाव में कार्यकर्ता सजग होकर अपनी भूमिका का निर्वहन करें। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा संगठनात्मक कसावट के साथ चुनाव लड़ा जाएगा।

इस अवसर पर अतुल रायजादा, ऋषि देव चौधरी, नरेंद्र हंसा, कमलेश लहरे, गगन आइच सहित बड़ी संख्या में उत्तर एवं ग्रामीण मंडल के भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे। उक्त जानकारी सोशल मीडिया प्रभारी कमल सोनी ने दी है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news