गरियाबंद

आंबा कार्यकर्ताओं की हड़ताल को भाजपा नेताओं ने दिया समर्थन
25-Feb-2023 3:13 PM
आंबा कार्यकर्ताओं की हड़ताल को भाजपा नेताओं ने दिया समर्थन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 25 फरवरी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ छत्तीसगढ़ द्वारा गरियाबंद जिले के प्रत्येक विकासखंड में अपने 6 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन लगातार जारी है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हड़ताल को समर्थन देने गरियाबंद के जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू एवं रोहित साहू हड़ताल स्थल पहुंचे और आंगनबाड़ी के कार्यकर्ता और सहायिकाओं की जायज मांगों का समर्थन किया।

इस मौके पर अपना पूर्ण समर्थन देकर हड़ताल को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार चुनाव के पूर्व अनेकों घोषणा की थी। किंतु 4 साल से अधिक हो गया एक भी वादा पूरा नहीं किया गया। केवल और केवल झूठे आश्वासन देकर प्रदेश की माताओं बहनों को एवं आम जनमानस को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी जायज मांगों को लेकर विगत कई दिनों से हड़ताल पर है, लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार उनकी मांगों को अनसुना कर रही है।

जिला पंचायत सदस्य रोहित साहू ने कहा कि 6 सूत्रीय मांगे जिसमें भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन 18 हजार एवं सहायिका को 9 हजार प्रतिमाह भुगतान जायज है, साथ ही 9 माह की एरियर्स राशि का भुगतान, असिस्टेंट के आधार पर पदोन्नति तथा वरिष्ठता के आधार पर सहायिका को कार्यकर्ता, कार्यकर्ता को सुपरवाइजर का पद भरने जैसे मांगे जायज है। आप लोगों के साथ संघर्ष करते हुए कंधे से कंधा मिलाकर भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ पूर्ण समर्थन देने की बात कही।

नगर पंचायत फिंगेश्वर के पार्षद किरनेश सोनी ने कहा कि आंगन बड़ी कार्यकर्ता सहायिका न्यूनतम वेतन में सुबह 9 बजे से 3बजे तक कड़ी मेहनत करते है, लेकिन कार्य के आधार पर वेतन वृद्धि सहित सभी मांग जायज है। सरकार को जल्द पूरा करना चाहिए। इस अवसर पर किशोर साहू, हेमंत वर्मा सहित असँख्य आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news