धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 3 मार्च। पारिवारिक कलह के चलते पति ने टंगिया से मारकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद अर्जुनी थाना पहुंचकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। 3 मार्च को गिरफ्तारी की कार्रवाई कर आरोपी को जेल भेजा है।
अर्जुनी के पीपरछेड़ी में गुरुवार को युवक लालजी देशमुख अपनी पत्नी खिलेश्वरी के साथ मनरेगा में काम करने के लिए गया था। घर में उसके पिता अर्जुन देशमुख (59) और मां शारदा देशमुख (53) दोनों थे। सुबह 10 बजे जब उसकी पत्नी खिलेश्वरी बाई मनरेगा काम से वापस लौटी तो घर का दरवाजा बंद था। उसने संकल खोलकर देखा तो उसकी सास जमीन पर खून से लथपथ पड़ी थी। घर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ लग गई।
उधर, पत्नी की हत्या करने के बाद अर्जुन देशमुख सीधे अर्जुनी थाना पहुंचकर अपने आप को सरेंडर कर दिया। पुलिस को उसने बताया कि वह अपनी पत्नी की हत्या कर आया है तो पुलिस भी सकते में आ गई। तत्काल पीपरछेड़ी गांव में संपर्क कर कंफर्म किया। इसके बाद टीआई गगन वाजपेयी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और पंचनामा कार्रवाई की। परिजनों का बयान दर्ज किया। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भिजवा दिया।