कोण्डागांव

बढ़ती गाडिय़ों से केशकाल घाट में लग रहा रोज जाम
03-Mar-2023 9:38 PM
बढ़ती गाडिय़ों से केशकाल घाट में लग रहा रोज जाम

केशकाल, 3 मार्च। नेशनल हाइवे 30 केशकाल घाटी में पिछले कुछ दिनों से वाहन चालकों की लापरवाही के चलते आए दिन लग रहे जाम के कारण आवागमन काफी प्रभावित हुआ है। खास तौर पर जब से नारायणपुर में लोहा गिट्टी खदान शुरू हुआ है, घाट में वाहनों का आवागमन बढ़ गया है। बीती रात 11 से आज सुबह 10 बजे तक घाट में रुक-रुककर जाम लगा रहा। केशकाल पुलिस की टीम रात भर घाट में तैनात होकर वन वे करके आवागमन बहाल करवाने में जुटी थी। परिणास्वरूप सुबह लगभग 10 बजे पूर्ण रूप से आवागमन बहाल हुआ। 

इस संबंध में थाना प्रभारी विनोद साहू ने बताया कि नारायणपुर में जब से गिट्टी खदान शुरू हुआ है।  केशकाल घाट में वाहनों का आवागमन बढ़ गया है। साथ ही ट्रक चालकों द्वारा यातायात के नियमों का उल्लंघन भी किया जाता है। यही कारण है कि घाट में आए दिन जाम लग रहा है। जाम की स्थिति में जल्द से जल्द आवागमन शुरू करवाने के लिए केशकाल पुलिस मौके पर तैनात रहती है। साथ ही जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन द्वारा लापरवाह चालकों पर चालानी कार्यवाही करते हुए वाहन चालकों को समझाइश भी दी जा रही है। 

नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर खान ने कहा कि घाटी में वाहनों का आवागमन न्यूनतम हो, इसके लिए बायपास मार्ग का निर्माण करवाया जा रहा था। लेकिन विगत कई वर्षों से बायपास मार्ग का निर्माण कार्य बंद पड़ा हुआ है। ऐसे में पूरा भार घाटी पर आ जाता है। घाट में जाम लगने के कारण यात्रियों के साथ साथ नगरवासियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस ओर शासन प्रशासन को ध्यान देने की आवश्यकता है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news