सूरजपुर

अंग्रेजी राज में जैसा था, वैसा ही आज भी दिख रहा है-चुन्नीलाल
31-Mar-2023 9:20 PM
अंग्रेजी राज में जैसा था, वैसा ही आज भी दिख रहा है-चुन्नीलाल

कांग्रेस के पूर्व विधायक ने कहा अंग्रेजों से ज्यादा भाजपा कर रही षड्यंत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 31 मार्च।
बलरामपुर जिला मुख्यालय सर्किट हाउस में आज आयोजित कांग्रेस के प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि अंग्रेजी राज में जैसा था, वैसा ही आज भी दिख रहा है। केंद्र की मोदी सरकार तानाशाही रवैय्या अपना रही है। एक महात्मा गांधी ने अंग्रेजों को हिलाकर रख दिया था, उसी तरह एक अकेला राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार को हिलाकर रख दिया है। आज विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में अपनी बातें रखना गुनाह हो गया है। अपराध हो गया है। कांग्रेस की बातें दबाने के लिए तरह-तरह के षडय़ंत्र रचे जा रहे हैं।

बलरामपुर जिला मुख्यालय सर्किट हाउस में  प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूर्व विधायक व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष चुन्नीलाल साहू ने बीजेपी की केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चार बार के सांसद राहुल गांधी जब संसद में अपनी बातें रखते हैं, तो उन्हें बोलने नहीं दिया जाता है। उनके माइक को बंद कर दिया जाता है। इस तरह से बीजेपी के मंत्री और नेता पूरी ताकत के साथ षडय़ंत्र करने में लगे हुए हैं। 

बीजेपी पर निशाना साधते हुए पूर्व विधायक चुन्नीलाल ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद की सदस्यता रद्द किए जाने पर कहा कि आज तक किसी भी राजनीति दल ने ऐसा कृत्य नहीं किया, जो मोदी सरकार कर रही हैं। विपक्ष को कुचलने का काम बीजेपी कर रहा हैं।

गांधी परिवार को लेकर उन्होंने कहा कि जिस बलिदानी परिवार ने देश को आजाद कराने के लिए अपना सब कुछ बलिदान कर दिया। न्यौछावर कर दिया, उसे बोलने का अधिकार नहीं है। खडग़े और राहुल गांधी जब कोई बात संसद में करते हैं,तो उनकी बात को काट दिया जात है। इसका मतलब ये है कि जो अंग्रेजीकाल में जो फिरंगी किया करते थे, वो आज इस देश में देखने को मिल रहा है। उसकी शुरुआत आज दिखाई दे रही है। मोदी राज में लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश की जा रही है। राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करके उन्होंने तानाशाह पर मुहर लगा दी है। केंद्र के मंत्री सारी गरिमा को ताक पर रखकर गलत बयानबाजी कर रहे हैं। पीएम मोदी की बचाव में पूरी  जनता पार्टी उतर आई है।

 प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री पिछड़ा वर्ग कांग्रेस नचिकेता जयसवाल,अनिल सिंह सदस्य भवन सह निर्माण कर्मकार मंडल छत्तीसगढ़ शासन,  जगत लाल आयाम  जनपद अध्यक्ष प्रतापपुर, नवीन जयसवाल प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग कांग्रेस,अनिल कुशवाहा जिला अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग कांग्रेस कमेटी बलरामपुर,रिफुजीत सिंह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बलरामपुर  सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news