सरगुजा

मोदी के कार्यकाल के 9 वर्ष युग परिवर्तनकारी, देश ने जिन ऊँचाइयों को छुआ है, वह निस्संदेह ऐतिहासिक- अनुराग
09-Jun-2023 8:23 PM
मोदी के कार्यकाल के 9 वर्ष युग परिवर्तनकारी, देश ने जिन ऊँचाइयों को छुआ है, वह निस्संदेह ऐतिहासिक- अनुराग

  4 लाख लोगों से होगा सीधा संपर्क, पुरखौती सम्मान यात्रा आज से  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,9 जून।
संकल्प भवन भाजपा कार्यालय अंबिकापुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने कहा कि भारत के  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल के शानदार  9 वर्ष पूरे किए हैं। ये नौ साल वास्तव में भारत के लिए युगपरिवर्तनकारी रहे हैं। इस कालखंड में देश ने जिन ऊँचाइयों को छुआ है, वह निस्संदेह ऐतिहासिक हैं।

बीते 9 वर्ष वास्तव में भारत के नवनिर्माण के, गरीब कल्याण के 9 वर्ष रहे हैं। आज पूरी दुनिया कह रही है कि 21वीं सदी भारत की सदी है। बीते 9 सालों में भारत ने पॉलिसी पैरालिसिस से ‘डिसाइसिव पॉलिसी’ और अर्थव्यवस्था में ‘फ्रेजाइल फाइव’ से ‘टॉप फाइव’ की यात्रा की है। भारत ने बीते 9 साल में एक पार्टी के ‘अपना परिवार अपना विकास’ की नीति को दरकिनार कर ‘सबका साथ, सबका विकास’ की कहानी लिखी है।

भारतीय जनता पार्टी इस अवसर को एक महोत्सव के रूप में मनाने जा रही है। पार्टी ने ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ के मोदी जी के मंत्र को जन-जन तक पहुँचाने की योजना बनाई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने 31 मई से 30 जून तक एक महासंपर्क अभियान कार्यक्रम शुरू किया है। 31 मई को राजस्थान के अजमेर से प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  एक महारैली करके इस महासंपर्क अभियान का शुभारंभ करेंगे। अगले एक महीने में देश भर में इस तरह की 51 महारैली आयोजित की जाएगी।

23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्य तिथि के दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी डिजिटल रैली के माध्यम से 10 लाख बूथों पर समर्थकों, समाज में काम करने वाले लोगों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद एवं संपर्क करेंगे। 30 दिनों के इस महा जनसंपर्क के अंतर्गत पूरे देश भर में 500 से अधिक सभाएं और 600 से अधिक प्रेसवार्ता आयोजित होगी। इस दौरान 500 से अधिक लोकसभा और 4,000 से अधिक विधानसभों में 5 लाख से अधिक विशिष्ट परिवारों और हर लोक सभा में 1,000 विशिष्ट परिवारों से संपर्क साधा जाएगा।

भाजपा ने 543 लोक सभाओं को 144 क्लस्टरों में बांटा है। हर क्लस्टर में तीन से चार लोक सभा को शामिल किया गया है। हर क्लस्टर में भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेता 8 दिन गुजारेंगे। पार्टी नेताओं और एवं कार्यकर्ताओं की दो टोलियां बनाई गई है। केंद्रीय मंत्रियों एवं पार्टी पदाधिकारियों जैसे 288 बड़े नेता इस टोली में रहेंगे। ये 288 नेता हर विधानसभा में एक हजार मुख्य परिवारों से मिलेंगे, उन्हें श्री नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियों की बुकलेट देंगे और उनसे समर्थन भी मांगेंगे।

23 जून को प्रधानमंत्री 10 लाख मतदान केंद्रों के कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित
वार्ता के दौरान प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने कहा कि 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के 10 लाख मतदान केंद्रों के कार्यकर्ताओं को वर्चुवल रूप से संबोधित करेंगे। घर-घर संपर्क अभियान पार्टी द्वारा 20 से 30 जून के मध्य पूरे देश के प्रत्येक मतदान केंद्रों में घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा।

पार्टी ने नौ वर्ष की उपलब्धियों को लेकर एक वेबसाइट 94earsofseva.bjp.org  भी लॉन्च की है। भाजपा ने जन संपर्क एवं जनता से समर्थन के लिए एक मिस्ड कॉल नंबर 9090902024 भी लॉन्च किया है। सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण का मंत्र जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी की विकास यात्रा के यही समय है, सही समय है और रुके नहीं, आगे बढ़े के संदेश को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

11 विधानसभा से गुजरेगी पुरखौती सम्मान यात्रा
वार्ता में अनुराग ने बताया कि पद्मश्री माता राजमोहिनी देवी की जनजाति पुरखौती सम्मान यात्रा 10 जून को दोपहर 01 बजे स्थान- गोविंदपुर, जिला सूरजपुर आश्रम से पूजा-अर्चना करते हुए प्रारंभ होगी। यात्रा को केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते हरी झंडी देकर रवाना करेंगे। 12 जून को छत्तीसगढ़ के सह प्रभारी नितिन नवीन भी सरगुजा में मौजूद रहेंगे। 

यात्रा प्रतापपुर, चलगली, मानिकपुर, तातापानी, बलरामपुर, महाराजगंज, चांदो, सामरी, कुसमी, रेहडा, डीपाडीह, चिरई, शंकरगढ़, कमारी, राजपुर, बरियों, धवरपुर, करौली, लुण्ड्रा, बरगिड़ीह, बतौली, माजा,  नवानगर, दरिमा, सलका, लहपटरा, लखनपुर, अंधला, जमंगला, उमेश्वरपुर, परशुरामपुर, कूड़ेली, बचरापौड़ी, खडग़ावा, डोमनहिल, हल्दीबाड़ी सरभोका, नागपुर, शिवपुर, चरचा, बैकुंठपुर, मोहरा, शिवप्रसादनगर, भैयाथान, चेद्रा, लटोरी, सिलफिली, होते हुए 16 जून को यात्रा अंबिकापुर पहुंचेगी जहां माता राजमोहनी देवी सभा भवन में कार्यक्रम का समापन होगा। 

अनुराग ने बताया कि इस यात्रा के माध्यम से सरगुजा संभाग के 11 विधानसभा क्षेत्र के 4 लाख लोगों से संपर्क किया जाएगा। प्रेस वार्ता में बीजेपी जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, पूर्व सांसद कमलभान सिंह, आदिवासी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष राम लखन पैकरा, बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अरुणा सिंह, आदिवासी मोर्चा जिलाध्यक्ष धन राम नागेश सहित अन्य उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news