सरगुजा

घने बादल व बारिश की बौछार, गर्मी से मिली राहत
23-Jun-2023 8:26 PM
घने बादल व बारिश की बौछार,  गर्मी से मिली राहत

   किसानों की भी चिंता दूर, खेती की तैयारी में जुटे किसान  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,23 जून।
अंबिकापुर नगर सहित पूरे सरगुजा में घने बादल व बारिश की बौछार से लोगों को हिट वेब से काफी राहत मिली है। बारिश होने के कारण तापमान में 4 डिग्री का अंतर आया है, जिससे वातावरण खुशनुमा हो गया है। वहीं सरगुजा के कई क्षेत्रों में बारिश होने से किसानों की चिंता दूर हो गई है. किसान अब खेती किसानी में जुट गए हैं। 

मौसम विभाग के अनुसार मानसून छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो गया है और अभी बस्तर पहुंचा है, दो-तीन दिनों में उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा पहुंचने की उम्मीद है, जिसके बाद वर्षा का क्रम जारी रहेगा।

भीषण गर्मी के बाद शुक्रवार से राहत मिलनी शुरू हो गई है। शुक्रवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर को हवा और घने बादलों के बाद पहली बारिश के कारण लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। उत्तर छत्तीसगढ़ के आसपास कई स्थानों पर हुई वर्षा के कारण हवा भी ठंडी बहने लगी है। सरगुजा जिले के मैनपाट में मूसलाधार वर्षा हुई है।

गुरुवार से ग्रीष्म लहर समाप्त हो जाने के बाद अब अब तापमान में लगातार गिरावट आएगी। लगातार 40 डिग्री अधिकतम तापमान और न्यूनतम 25 से 30 डिग्री तापमान होने के कारण दिन और रात की गर्मी में ज्यादा अंतर नहीं था। 24 घंटे लोग गर्मी महसूस कर रहे थे। अब न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान में भी दो से चार डिग्री की गिरावट पहले दिन आ गई है। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट के अनुसार गुरुवार को दक्षिण - पश्चिम मानसून में पुन: गति देखने को मिली थी। शुक्रवार को मानसून विदर्भ के बड़े हिस्से सहित पूरे दक्षिण छात्तीसगढ़ तक प्रभावी हो गया है।

मानसून प्रवेश के साथ ही अब खेती किसानी के कामों में तेजी आने वाली है। किसानों सहित लोंगो के चेहरे खिल उठे हैं। मानसून के साथ ही सरगुजा सहित प्रदेश कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news