राजनांदगांव

बूथों में मंत्री-कांग्रेस के दिग्गजों का कार्यकर्ताओं संग बैठक का सिलसिला शुरू
30-Jun-2023 12:09 PM
बूथों में मंत्री-कांग्रेस के दिग्गजों का कार्यकर्ताओं संग बैठक का सिलसिला शुरू

  खैरागढ़ में अकबर, डोंगरगढ़ में रूद्र गुरू और नांदगांव में पटेल ने कार्यकर्ताओं को किया चार्ज  

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 30 जून।
तीन माह बाद चुनावी रण में मुकाबले के लिए कांग्रेस बूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चार्ज करने के संग चुनावी मूड में दिख रही है। कार्यकर्ताओं के जरिये दूसरी बार राज्य में सत्तासीन होने के लिए कांग्रेस ने रूटचार्ट तैयार कर लिया है। राजनांदगांव जिले के अलावा खैरागढ़ जिले में कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स देने के लिए प्रदेश सरकार के मंत्री मोहम्मद अकबर, रूद्र गुरू और उमेश पटेल एक ही दिन अलग-अलग बूथों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं को चुनाव में कमर कसकर तैयार रहने के लिए चुनावी गुर सिखाए। भाजपा को चुनावी मुकाबले से बाहर रखने के लिए मंत्रियों में कांग्रेस सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के  लिए कार्यकर्ताओं को संगठित किया।

राजनीतिक रूप से यह चुनाव कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सत्ता से बाहर भाजपा सरकार पर काफी हमलावर है।  भाजपा के आक्रामक नीति का माकूल जवाब देने के लिए कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का काम शुरू कर दिया है। खैरागढ़ विधानसभा के पेंडारवानी में मोहम्मद अकबर ने कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत लगाकर चुनावी मैदान में उतरने तैयार रहने की अपील की। अकबर को एक अच्छा चुनावी रणनीतिकार माना जाता है। राजनंादगांव में उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।   पटेल ने चुनाव जीतने के लिए कार्यकर्ताओं को एक तरह से संगठित किया। इसी तरह डोंगरगढ़ शहर में पहुंचे रूद्र गुरू ने भी बैठक की। डोंगरगढ़ के दूसरे बूथ में संसदीय सचिव विकास उपाध्याय भी पहुंचे।

कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने साल के आखिरी में होने वाले चुनाव से पहले अपनी तैयारी शुरू कर दी। बूथों के जरिये दिग्गज नेताओं का कार्यकर्ताओं को साधने का क्रम शुरू हो गया। जिले के सभी विधानसभा सीटों पर गुरुवार को दिग्गज कांग्रेस नेताओं का दौरा शुरू हो गया। खैरागढ़ में मोहम्मद अकबर, डोंगरगढ़ में रूद्र गुरू, राजनांदगांव में मंत्री उमेश पटेल, खुज्जी में विजय जांगिड, डोंगरगांव में चंदन यादव की मौजूदगी रही। एक दिवसीय दौरे में दिग्गज नेताओं ने बूथों में चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न आयोजनों में शामिल हुए। जिले की सभी सीटों में गुरुवार को दिनभर राजनीतिक माहौल देखने को मिला। इन नेताओं ने अलग-अलग विधानसभा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते कार्यक्रमों में शामिल हुए।

मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव में पहुंचे  मंत्री उमेश पटेल बूथ चलो अभियान के तहत रेवाडीह का दौरा किया। वहीं शहर के म्युनिसिपल स्कूल परिसर में दो वार्डों की बैठक ली। इस बैठक में दो वार्ड के कार्यकर्ता शामिल हुए।मंत्री श्री पटेल ने बूथों की बैठक में कार्यकर्ताओं को राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की असफलताओं को भी जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू करें। इस दौरान महापौर हेमा देशमुख, युवा आयोग अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, कुलबीर छाबड़ा, निखिल द्विवेदी समेत अन्य कांग्रेसी शामिल थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news