दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 जुलाई। नगर निगम भिलाई के अंतर्गत नेहरू नगर जोन के जल विभाग में गार्ड की नौकरी करने वाले हीरालाल बेहरा (52 वर्ष) ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। स्मृति नगर चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक के तीन बच्चे हैं, इसमें एक बेटी की शादी 20 जून को ओडिशा से करके वो लोग लौटे थे। बेटी की शादी होने के बाद से हीरालाल काफी खुश था।
वह नेहरू नगर जोन के जल शोधन संयंत्र परिसर नेहरू नगर भिलाई के पंप हाउस में चौकीदार का काम करता था और वहीं सर्वेंट क्वार्टर में रहता था। बुधवार दोपहर को खाना खाकर वो ड्यूटी पर गया था। शाम को पत्नी कंचन जब पंप हाउस पति का नाश्ता लेकर पहुंची तो देखा कि वहां लोग भाग रहे हैं।
पूछने पर उन्होंने बताया कि हीरालाल ने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। स्मृति नगर पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।