दुर्ग

भाजपा कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम कर विधायक का पुतला फूंका, जताया विरोध
21-Jul-2023 3:17 PM
भाजपा कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम कर विधायक का पुतला फूंका, जताया विरोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 21 जुलाई। गुरुवार को विधायक अरुण वोरा की कार्यशैली के खिलाफ पटेल चौक पर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को रोके जाने से सुरक्षा में तैनात पुलिस जवानों और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी की स्थिति भी निर्मित हुई, जिससे आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पटेल चौक पर चक्काजाम कर विधायक अरुण वोरा का पुतला दहन कर विरोध जताया।

चक्काजाम से जीई रोड पर करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा। इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। पेयजल संकट, खराब सडक़ों के अलावा अन्य समस्याओं से जनता परेशान है। शहर में विकास कार्य अधूरे पड़े हुए हैं। भ्रष्टाचार का बोलबाला बढ़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान जिला प्रशासन की ओर से ज्ञापन लेने पहुंचे संयुक्त कलेक्टर को भाजपा नेताओं द्वारा विधायक अरुण वोरा के खिलाफ आरोप पत्र सौंपा गया ।

प्रदर्शन को लेकर भाजपा कार्यकर्ता गुरुवार की सुबह ग्रीन चौक में बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। वहां से वे जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में रैली की शक्ल में अग्रसेन चौक, हरनाबांधा, पोलसायपारा, फरिश्ता कांप्लेक्स चौक, इंदिरा मार्केट, पुराना बस स्टैंड होते हुए पटेल चौक पहुंचे। पटेल चौक से भाजपा कार्यकर्ताओं की कलेक्ट्रेट  कूच करने की तैयारी थी, लेकिन सुरक्षा में तैनात पुलिस जवानों द्वारा उन्हें रोक लिया गया। भाजपा नेताओं द्वारा पटेल चौक पर ही जिला प्रशासन को विधायक के खिलाफ आरोप पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई।

जिला प्रभारी राजीव अग्रवाल,  विधानसभा प्रभारी प्रीतम साहू के साथ भाजपा के चारों मंडल गंजपारा सदर, चंडी शीतला, पटरीपार एवं बोरसी कसारीडीह के कार्यकर्ताओं ने जोश दिखाते हुए प्रदर्शन किया।

इस दौरान चंद्रिका चंद्राकर, ललित चंद्राकर, सुरेंद्र कौशिक, नटवर ताम्रकार, विनायक नातू, केएस चौहान, कांतिलाल जैन, शिव चंद्राकर, कांतिलाल बोथरा, राजा महोबिया, अजय वर्मा, जीत हेमचंद यादव, अनूप गटागट, गजेंद्र यादव, नितेश साहू, देवनारायण चंद्राकर, शेखर चंद्राकर, नरेश तेजवानी, मनीष साहू, ओम प्रकाश सेन, अरुण सिंह, अजीत वैद्य, कविता तांडी, पुष्पा गुलाब वर्मा, कुमारी बाई, गायत्री साहू, सतविंदर सिंह सहित बड़ी सं या में भाजपा के कार्यकर्ता कार्यकर्ता मौजूद थे।

जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि कांग्रेस विधायक अरुण वोरा के झूठे वादों और आश्वासन से शहर की जनता त्रस्त हो चुकी है। सुराना कॉलेज एवं महावीर खेल मैदान के पास बनाए गए कचरा सेंटर से उठती प्रदूषण युक्त बदबू से विद्यार्थी और वृद्धजन लगातार बीमार हो रहे हैं। साफ-सफाई के अभाव में शहर के तालाबों का अस्तित्व खतरे में है। पटरीपार की आबादी के लिए कालेज बनवाने का वादा आज तक अधूरा है।

पिछले साढ़े 4 साल में अरुण वोरा के कायर्काल में दुर्ग शहर को ऐसी कोई उपलब्धि हासिल नहीं हुई जिसे लेकर यहां की जनता को गर्व हो सके।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news