जशपुर

ओम माथुर ने नेताओं से कहा-90 दिनों तक जनता के बीच समय बिताएं
26-Aug-2023 2:57 PM
ओम माथुर ने नेताओं से कहा-90 दिनों तक जनता के बीच समय बिताएं

 जशपुर जिला कार्यसमिति की बैठक में 3 सौ से अधिक ने भाजपा प्रवेश किया, सोगड़ा आश्रम भी गए माथुर 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 26 अगस्त ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव सह संगठन प्रभारी नितिन नबीन एक दिवसीय प्रवास पर जशपुर पहुँचे. शहर के पुलिस ग्राउंड स्थित हेलीपेड मे सांसद गोमती साय, केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्य विष्णु देव साय, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, प्रदेश मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव और जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने स्वागत किया.हेलीपेड से प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष सीधे सोगड़ा स्थित सर्वेवरी आश्रम पहुँचे और माँ काली का दर्शन कर, अघोरेश्वर गुरुपद सम्भव बाबा से आशीर्वाद लिया। लगभग आधा घंटा आश्रम मे रहने के बाद जिला भाजपा कार्यालय पहुँचे।

यहाँ इन नेताओं की उपस्थिति मे साढ़े 3 सौ लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करने वालों में स्वैच्छिक सेवानिृत्ति लेने वाले,कलेक्टर कार्यालय के सहायक ग्रेड 2 उमेश प्रधान और कांग्रेस के जशपुर शहर ब्लाक उपाध्यक्ष मनोज सोनी, सेवानिवृत्त व्याख्याता बानेश्वर कश्यप,उरांव समाज के कार्यकारी अध्यक्ष अनिकेत बैरागी प्रभा प्रधान, बीडीसी, दिनेश राम पटेल,शिक्षक पद से त्यागपत्र देकर,ग्राम पंचायत लोदाम की सरपंच देवकी प्रधान, राधे श्याम भगत, उरांव समाज के सचिव मुनेश्वर भगत,उरांव समाज के अध्यक्ष सूर्यनारायण भगत,जिला पंचायत के पूर्व कर्मचारी आरआर पैंकरा शामिल हैं। 

इससे पहले, जशपुर जिले में पहली बार आए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर का स्वागत भाजपा कार्यकर्ताओं ने पारम्परिक तरीके से किया। स्थानीय विश्राम गृह से भाजपा कार्यालय तक लाया। इस दौरान उत्साह से भरे भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहना कर जमकर नारेबाजी की।

जिला कार्यसमिति की बैठक का शुभारंभ भारत माता और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैल चित्र पर दीप प्रज्जवलित कर किया। इस दौरान ओम माथुर ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिलीप सिंह जूदेव के साथ व्यतीत किये समय को याद करते हुए,उन्हें स्मरणाजंलि अर्पित की। 

मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने सीधे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा। उन्होंने ईडी और सीबीआई जैसे केन्द्रीय जांच एजेंसियों के राजनीतिक हित के लिए दुरूपयोग किये जाने के मुख्यमंत्री के आरोप पर पलटवार करते हुए कहा कि यूपीए सरकार के दौरान भी कांग्रेस के तात्कालिन मंत्रियों और नेताओं के घर में छापे पड़ते थे। अगर, कांग्रेसियों ने किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं की तो उन्हें न तो डरने की जरूरत है और ना ही व्यर्थ के बयानबाजी करने की। जिस पर कांग्रेस के शासनकाल में भाजपा नेताओं ने सांवैधानिक जांच एजेंसियों और न्यायालय पर भरोसा रख कर,जांच का सामना किया,उसी प्रकार कांग्रेस के नेताओं को भी करना चाहिए। 

पार्टी में विधानसभा टिकट को लेकर चल रहे उठापटक के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होनें कहा कि चुनाव में जिस पार्टी की सरकार आने की संभावना अधिक होती है,उसमें टिकट को लेकर अधिक संघर्ष की स्थिति देखने को मिलती है। यह भाजपा के लिए शुभ संकेत हैं। 

उन्होंने कहा कि बीते तीन चार महिने के दौरान,पूरे प्रदेश में भाजपा के पक्ष में तेजी से राजनीतिक महौल ने करवट ली है। इससे पहले तक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस पार्टी को गुमान था कि विरोधी दल,जमीन में कहीं नहीं है। लेकिन अब उन्हें भी अहसास हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तैयारी और रणनीति के साथ चुनावी मैदान में आ रही है। 

ओम माथुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार और केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर चुनाव में उतरेगी।

कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए ओम माथुर ने कहा कि किसी भी चुनाव में जीत का रास्ता बूथ से हो कर जाता है। उन्होनें पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील किया कि वे अगले 90 दिनों तक बूथ और जनता के बीच अपना अधिक से अधिक समय व्यतीत करें।

इस दौरान पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय,पूर्व संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह,संभागिय प्रभारी संजय श्रीवास्तव,पूर्व मंत्री गणेश राम भगत,जिला भाजपा अध्यक्ष सुनिल अध्यक्ष,जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनि भगत,पूर्व विधायक राजशरण भगत,शिव शंकर साय पैंकरा,भरत साय,जिला महामंत्री द्वय भरत सिंह,मुकेश शर्मा,ओमप्रकाश सिन्हा,जिला भाजुयुमो अध्यक्ष शौय प्रताप सिंह जूदेव,यश प्रताप सिंह जूदेव,जिला प्रभारी राम किशुन सिंह,सह प्रभारी भरत सिंह सिसोदिया,विधानसभा प्रभारी रमन अग्रवाल सहित जिला पदाधिकारी,मंडल अध्यक्ष,महामंत्री,सभी प्रकोष्ट व मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news