गरियाबंद

मोदी और शाह छत्तीसगढ़ में आकर झूठ बोलकर जाते हैं-खडग़े
04-Nov-2023 7:40 PM
मोदी और शाह छत्तीसगढ़ में आकर झूठ बोलकर जाते हैं-खडग़े

कहा- ये केवल देश की संपत्ति बेचने का काम कर रहे हैं, इन्हें गरीबों की कोई चिंता नहीं है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 4 नवंबर। शुक्रवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के गोबरा नवापारा में आमसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने बहुत अच्छा काम किया है, लेकिन मोदी और शाह यहां माहौल खराब करने आ रहे हैं। मोदीजी और शाह छत्तीसगढ़ में आकर झूठ बोलकर जाते हैं। ये केवल देश की संपत्ति बेचने का काम कर रहे हैं। इन्हें गरीबों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि मोदी जी गालियां देने और झूठ बोलने का कारखाना हैं। पहले के भाजपाई इंदिरा गांधी और नेहरू जी का सम्मान करते थे, लेकिन मोदी जी तो कांग्रेसियों को केवल गाली देने का काम करते हैं। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वोट देकर ज्यादा से ज्यादा सीटे जिताएं जब आपके मुंह से ही इस बार 75 पार निकला है तो करके दिखाएंगे भी। कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार बढिय़ा काम कर रही है। आप कह रहे है कि भूपेश बघेल आगे बढ़ो हम तुम्हारे साथ है तो ये मुझे बहुत ही अच्छा लगा। श्री खडग़ेे ने कहा कि पिछले चुनाव में सोनिया और राहुल ने जो वादा किया था उसे भूपेश से पूरा करवाया। कर्ज माफ कांग्रेस ने की। कर्मचारियों की पुरानी पेंशन कांग्रेस ने लागू की। आत्मानंद अंग्रेजी मीडियम स्कूल कांग्रेस ने खोले। बिजली बिल हाफ भी हमने किया। गरीब के बच्चों को अच्छी पढ़ाई का जिम्मा हमने उठाया। केजी से पीजी तक की शिक्षा फ्री करने का ऐलान हमने किया। 500 रुपए की गैस सिलेंडर की सब्सिडी और 200 यूनिट तक की बिजली फ्री का ऐलान हमने किया।

श्री खडग़े ने कहा कि मोदी जी ने कहा था विदेश से काला धन वापस लाऊंगा हर किसी के खाते में 15 लाख डालूंगा। मोदी सरकार में न 2 करोड़ बेरोजगारों को नौकरी मिली और न 15 लाख लोगों के खातों में आए। मोदी जी झूठ बोलते हैं इसलिए उन्हें झूठों का सरदार कहते हैं। भाजपा में जिला पंचायत चेयरमैन बनाने के लिए लड़ाई होती है। लेकिन कांग्रेस में प्रधानमंत्री पद के लिए भी त्याग दिया जाता है।
श्री खडग़े ने कहा कि भूपेश बघेल पिछड़े वर्ग से आते है फिर उनके पीछे मोदी क्यों पड़े हुए है जब अपने आपको भी पिछड़े वर्ग का बोलते है तो। मोदी के लिए आज सैकड़ों हेलीकॉप्टर उड़ते हैं। उनकी सुरक्षा में लग्जरी और महंगी कारों का काफिला चलता है। इसके बावजूद मोदी जी कहते हैं बैकवर्ड से हूं। ये बोलकर वो हमेशा लोगों को अपनी गरीबी का अहसास दिलाते हैं। भूपेश बघेल क्या अपर कास्ट वाले हैं। उनके पीछे क्यों लगे रहते हैं।

खडग़े ने कहा कि कांग्रेस का 100 साल से ऊपर का इतिहास है। अंग्रेजो से लडक़र देश को आजाद कराया। कांग्रेस के लोग देश के लिए बलिदान दिया है। सूली पर चढ़े। लेकिन क्या कभी आरएसएस के लोग जेल गए। ये केवल बड़ी-बड़ी बातें करने में माहिर हैं। देश की आजादी में इनका कोई योगदान नहीं। देश को कांग्रेस ने लूटा होता तो आज देश में बड़े-बड़े इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज नहीं खुलते। लाखों लोगों को नौकरी दिलाने का काम कांग्रेस ने किया। एयरपोट्र्स, कारखाने बनाए। लेकिन सरकारी संपत्तियों को बेचने का काम भाजपा के लोग कर रहे। हमने कमाने का काम किया ये बेचने का काम कर रहे। 

कहते है कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया? कांग्रेस ने बहुत किया जिस स्कूल में मोदी और शाह पढ़े है उस स्कूल को तो कांग्रेस ने ही बनाया। मोदी जी गुजरात में साढ़े 13 साल तक राज किए क्या किया वहां और भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में 5 साल में क्या किया इसे पहले देख लें। कका भूपेश बघेल सबसे मिलते है परंतु मोदी जी दूर से दर्शन देने वाले है किसी से मिलते नही है। कहा कि गरीबो के बारे में सोचने वाली पार्टी कांग्रेस को साथ दे तो भारत मजबूत होगा।

खडग़े ने कहा कि आज आदिवासी तड़प रहे हैं। मणिपुर में कितना नुकसान हो रहा है। लोग एक दूसरे से लड़ रहे हैं। लेकिन मोदी जी वहां एक बार भी नहीं पहुंचे। उन्हें केवल छत्तीसगढ़ में ईडी, सीबीआई और आईटी के लोगों को भेजने की चिंता रहती है। लेकिन छत्तीसगढ़ के लोग डरने वाले नहीं है। यहां फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी।

भाजपा के लोग बहुत से उद्योगपतियों का मदद करते हैं। लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं करते। मेरी अपील है की जो रोड बेच रहा है, माइनिंग बेच रहा है उसको वोट न दें। देश में हमने उद्योग लगाया, हरित क्रांति लाई लेकिन उल्टा ये हमसे सवाल करते हैं कि क्या किया।

पीएम को सिर्फ उद्योगपतियों का विकास दिखता है - सीएम बघेल
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, कल पीएम मोदी कांकेर आए थे। उन्होंने कहा कि विकास नहीं हो रहा है। कांग्रेस और विकास का ‘‘36 का आंकड़ा’’ है। बताओ विकास कैसा दिखता है। उन्हें आम लोगों का विकास नहीं दिखता, उन्हें सिर्फ उद्योगपतियों का विकास दिखता है। हम उद्योगपतियों को खदानें और नगरनार स्टील प्लांट नहीं देते, इसलिए वह कह रहे हैं कि छत्तीसगढ़ में विकास नहीं हो रहा है। खदानें और नगरनार स्टील प्लांट उद्योगपतियों को देंगे, तभी विकास होगा।’’ उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास के लिए कांग्रेस को फिर सरकार बनानी है। आमसभा में अभनपुर के कांग्रेस प्रत्याशी धनेंद्र साहू, आरंग के डॉ. शिव डहरिया, राजिम के अमितेश शुक्ला एवं कुरूद के तारणी चंद्राकर मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news