गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 19 जनवरी। अभनपुर क्षेत्र में बंदर ने आतंक मचाया हुआ है। यहां बंदर ने एक दर्जन से अधिक लोगों को शिकार बना लिया। ताजा मामला में ग्राम सारखी में एक महिला पर बंदर ने अचानक हमला कर लहूलुहान कर दिया।
जानकारी के अनुसार सारखी गांव के रहने वाले भगवत सिन्हा की पत्नी रोशनी सिन्हा घर पर कुछ काम कर रही थी। इस दौरान पीछे से आए बंदर ने महिला पर हमला कर दिया। महिला के पैर को बंदर ने दो जगह काटकर घायल कर दिया है। महिला को लहूलुहान हालत में अभनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया, जहां उपचार किया गया।
बंदर काटने से क्षेत्र में पिछले हफ्ते में अब तक 16 लोग घायल हो चुके हैं। आए दिन बंदरों के हमले से ग्रामवासी काफी दहशत है।
लोगों का कहना है कि कोई भी किसी काम से मकानों की छत, आंगन पर जाते हैं, तो वहां पर बंदर उन पर हमला कर उन्हें घायल कर देते हैं। क्षेत्र में इस तरह की दर्जनभर से अधिक घटनाएं हो चुकी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से बंदरों को पकडऩे की अपील की है।