कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 2 अप्रैल। सिटी कोतवाली कोण्डागांव अंतर्गत चारगांव के पास एक सडक़ हादसा हुआ है। इस सडक़ हादसे में पत्थर ले जा रही मिनी पिकअप अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। इससे वाहन सवार एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं चालक और दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी को कोण्डागांव के जिला अस्पताल में दाखिल किया गया है।
विकासखंड कोण्डागांव के चारगांव पुल के पास एक सडक़ हादसा हुआ है। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार वाहन से निर्माण कार्य के लिए चारगांव में कहीं पत्थर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान चारगांव में ही ढलान मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे पलट गया।
इस हादसा में वाहन सवार मजदूर मैंगो (24) की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन चालक गुड्डू ठाकुर, मजदूर फूलचंद सोरी और फरेश नेताम को गंभीर रूप से घायल होने के चलते 108 एंबुलेंस के सहायता से कोण्डागांव के जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है।