बलरामपुर

रामनवमी पर निकाली शोभायात्रा, उमड़े भक्त
18-Apr-2024 8:10 PM
रामनवमी पर निकाली शोभायात्रा, उमड़े भक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 18 अप्रैल।
चैत्र नवरात्रि एवं रामनवमी के अवसर पर श्री रामनवमी महोत्सव आयोजन समिति के द्वारा नगर में श्री राम दरबार की ऐतिहासिक शोभायात्रा मध्य बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से निकाली गई। इस दौरान नगर सहित आसपास गांव के लोगों का जन सैलाब उमड पड़ा। 

शोभायात्रा की भव्यता देखते बन रही थी। शोभायात्रा में जहां परंपरागत नर्तक दल सम्मिलित थे, वहीं दर्जनों राम दरबार की एक से बढक़र एक झांकी ने लोगों का मन मोह लिया। शोभायात्रा के स्वागत में पूरा नगर उमड़ पड़ा।

गौरतलब है कि रामनवमी महोत्सव आयोजन समिति के संयोजक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में एक माह पूर्व से व्यापक स्तर पर रामनवमी की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई थी। रामनवमी आयोजन को लेकर कई दौर की चर्चा योजना बैठक भी आयोजित की गई थी। 

अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद आयोजित हो रहे रामनवमी आयोजन को वृहद एवं भव्य स्वरूप देने को लेकर नगरवासियों की मंशा अनुरूप श्री राम मंदिर में संध्या बेला में भव्य महाआरती, श्री राम जन्मोत्सव के समय रामायण पाठ एवं भंडारे के साथ साथ कई तरह के आयोजन संपन्न कराया गए।
 
श्री राम दरबार की शोभायात्रा का शुभारंभ नगर के प्राचीन हनुमान मंदिर से पूजा अर्चना कर प्रारंभ हुआ, जो नगर के प्रमुख चौक चौराहे से होते हुए गांधी मैदान पहुंचा, जहां पूजा-अर्चना, आरती भजन संध्या एवं भंडारे के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ।

गांधी मैदान में पंद्रह सदस्यीय निर्णायक मंडली द्वारा लिए गए निर्णय के आधार पर आयोजन समिति की ओर से वरिष्ठ समाज सेवी सुभाष जायसवाल, भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष आर के पटेल, एस.पी. निगम, पूर्व न.पं. उपाध्यक्ष शैलेष गुप्ता, सुभाष केशरी, अरुण केशरी, वरिष्ठ पार्षद अशोक जायसवाल, मुकेश जायसवाल, राजेश सोनी, विजय रावत सहित अन्य अतिथियों द्वारा श्री राम दरबार की झांकियों एवं शहर के विभिन्न स्थानों में झांकी दल का स्वागत करने वाले श्री राम भक्तों की टोली को सम्मानित किया गया। 

इस दौरान रामनवमी आयोजन समिति के संयोजक नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने नगर वासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए रामनवमी आयोजन के लिए विभिन्न सामाजिक धार्मिक संगठनों एवं मीडिया मित्रों के साथ साथ  पुलिस प्रशासन सहित आम जनमानस का प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम पूरे शहर का है और जिस प्रकार से नगर वासियों ने पूरे उत्साह के साथ इस आयोजन में अपनी सहभागिता दी है निश्चित रूप से आने वाले समय में यह आयोजन  और भी भव्य रूप से हो सकेगा।

उपरोक्त संपूर्ण आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजक रमन अग्रवाल, एस पी निगम, टी आर शर्मा, अजय तूतू गुप्ता, संतोष कुमार, अशोक गोड, प्रमोद कश्यप, श्री राम मंदिर पुजारी यशपाल दुबे, विनय पांडे, दीपक दूबे, अजय केशरी, ओमप्रकाश जयसवाल, विकाश दुबे, अमित मोबाईल, पियूष गुप्ता, मणि पासवान, अजय गुप्ता सहित बडी संख्या में सभी वर्ग से श्री राम भक्त धर्म प्रेमी नागरिक सक्रिय रहे।

सुप्रसिद्ध गायक राजेश जायसवाल एवं उनकी टीम के द्वारा राम भगवान एवं हनुमान जी के एक से बढक़र एक भजनों की प्रस्तुति ने देर रात तक लोगों को झूमने के लिए मजबूर कर दिया।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बाबा नर्मदेश्वर महादेव समिति के श्री राम दरबार की झांकी को 31000,द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रगति वन महिला समूह के श्री राम दरबार की झांकी को 21000 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले चार संगति महिला ग्रुप, ओंकारेश्वर महादेव मंदिर, दुखहरेश्वर महादेव मंदिर, श्री साई महिला समूह के श्री राम दरबार की झांकीयो को ग्यारह ग्यारह हजार रुपए नगद एवं सील्ड जहां प्रदान किया गया। 

वहीं श्री राम दरबार झांकी प्रतियोगिता में शामिल सभी झांकी दलों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 7100 नगद एवं सील्ड प्रदान कर उनका उत्साह वर्धन किया गया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news