बलरामपुर

आरक्षण खत्म नहीं होगा और न महतारी वंदन योजना बंद होगी- साय
27-Apr-2024 9:15 PM
आरक्षण खत्म नहीं होगा और न महतारी वंदन योजना बंद होगी- साय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 27 अप्रैल।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सरगुजा लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत वाड्रफनगर में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव काफी महत्वपूर्ण है, भारत को विश्व गुरु बनाने का चुनाव है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। 140 करोड़ जनता को मोदी जी अपना परिवार मानते हुए 24 घंटे में 18 घंटे काम करते हैं। आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और बहुत जल्द तीसरे पायदान पर पहुंच जाएगा।

श्री साय ने आगे कहा कि सरगुजा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी चिंतामणी महाराज को 7 मई को कमल फूल छाप पर बटन दबाकर भारी मतों से जीताकर सांसद बनाना है। चिंतामणी को दिया गया एक एक वोट नरेन्द्र मोदी जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाएगा।

उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से कहा कि जिस प्रकार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाना था, वैसे ही लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस का खाता नहीं खुलना चाहिए। सभी 11 सीटें भारतीय जनता पार्टी जीताना हैं। विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की लबरा और ठग कांग्रेस की सरकार को सरगुजा संभाग से उखाड़ कर फेंका। वैसे ही लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस को सरगुजा सहित छत्तीसगढ़ से उखाड़ फेंकना है। सरगुजा संभाग की जनता ने मोदी जी की गांरटी पर भरोसा जताया और पूरी 14 सीटें भारतीय जनता पार्टी को दी। इसके लिए धन्यवाद देता हूं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आगे कहा कि  कांग्रेस यह भ्रम फैला रही है कि चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी आरक्षण खत्म कर देगी और महतारी वंदन योजना बंद हो जाएगी, पर मैं आपको विश्वास दिलाता हूं जब तक छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार है महतारी वंदन योजना बंद नहीं होगी और केंद्र में मोदी जी की सरकार रहेगी। आरक्षण नहीं खत्म होगा। डॉ. रमन सिंह के 15 वर्षों के कार्यकाल में जो भी योजनाएं थी, उसे फिर से शुरू करेंगे।

सरगुजा लोकसभा सीट से प्रत्याशी चिंतामणि महाराज ने कहा कि  विधानसभा चुनाव में सरगुजा संभाग की जनता ने मोदीजी की गारंटी पर विश्वास जताते हुए संभाग की सभी 14 सीटें भारतीय जनता पार्टी को जीताकर दी। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने भी पुरस्कार स्वरूप क्षेत्र के आदिवासी समाज से आने वाले विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री और 4 को मंत्री बनाकर दिया। सरगुजा संभाग के मतदाताओं में वो ताकत है कि राजा को रंक और रंक को राजा बना सकती है। इसका उदाहरण अंबिकापुर में देख सकते हैं। 

चिंतामणि महाराज ने आगे कहा कि 7 मई को नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने मतदान करना है। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय की सरकार ने मोदी जी की गारंटी को पूरा कर दिया। अब सरगुजा की जनता मोदी जी को यह गारंटी दे कि तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाएंगे। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।

कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि सरगुजा लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी चिंतामणि महाराज को सांसद बनाकर भेजना है और मोदी जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है। मोदी जी ने नारा दिया है अबकी बार 400 पार। मोदी जी की गारंटी के तहत सब काम हो रहा है। 18 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। 2,100 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3,100 रूपए प्रत क्विंटल की दर से खरीदीं। तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5,500 रूपए प्रति मानक बोरा दिया जाएगा। महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिलना शुरू हो गया है।

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में पांच साल विकास कार्यों को रोक दिया था पर भारतीय जनता पार्टी विकास कार्यों की कमी नहीं होने देगी। अब 70 साल से अधिक आयु वाले बुजुर्गों का 5 लाख तक का मुफ्त में इलाज होगा। श्री नेताम ने उपस्थित जनसमुदाय से 7 मई को उत्साह के साथ मतदान करने की अपील की।

विधायक शकुंतला पोर्ते ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी अपने नाम के अनुसार ही काम कर रहे हैं। महिलाओं के खाते में सांय-सांय पैसा आ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बहुत ही सरल और सहज हैं। मुख्यमंत्री निवास जाने से पहले उन्होंने 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति प्रदान की तब मुख्यमंत्री निवास गये। 

संकल्प पत्र में किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस देने कहा था 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिन सुशासन दिवस पर वह भी दे दिया। मोदी जी की दी हुई गारंटी एक के बाद एक पूरी हो रही है। श्रीमती पोर्ते ने सरगुजा संभाग की महिलाओं से चिंतामणि महाराज को जीताने की अपील की।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news