बलौदा बाजार

कांग्रेस ने महिलाओं को सौ रु. तक नहीं दिया लाख रु. क्या देंगे-सुनीता वर्मा
19-Apr-2024 2:17 PM
कांग्रेस ने महिलाओं को सौ रु. तक नहीं दिया लाख रु. क्या देंगे-सुनीता वर्मा

बलौदाबाजार, 19 अप्रैल। भाजपा जिला मंत्री व पूर्व जनपद सभापति सुनीता वर्मा ने प्रेस नोट जारी कर कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सदैव महिलाओं के साथ छल करके केवल वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल करने का राजनीतिक चरित्र प्रदर्शित किया है। कांग्रेस ने 2018 के चुनाव में जब गंगा मैया की सौगंध खाकर महिलाओं से धोखा किया, तभी जनता के मन में आ गया था कि यह पार्टी अपने कार्यकाल में सिर्फ वादाखिलाफी करेगी।

कांग्रेस ने गंगाजल की सौगंध लेकर छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराबबंदी का वादा किया था, पर कांग्रेस की भूपेश सरकार को ही शराब की लत लग गई। शराबबंदी के नाम पर महिलाओं के साथ विश्वासघात करने वाली कांग्रेस की सरकार ने उसमें दो हजार करोड़ रुपए का घोटाला तक किया।

कांग्रेस ने यह भी वादा किया था कि महतारी सम्मान योजना के तहत प्रति माह 500 रुपए और विधवा और वृद्ध महिलाओं को 1000 रुपए दिया जाएगा, लेकिन पाँच साल में एक रुपया तक महिलाओं को नहीं दिया गया।

कांग्रेस ने कहा था कि महिला स्व-सहायता समूहों का कर्ज माफ किया जाएगा तथा महिला स्व-सहायता समूहों को धोखाधड़ी से बचाने एवं आर्थिक स्थिति सुधारने हेतु सख्त नियम बनाए जाएंगे। लेकिन कर्ज माफ तो किया नहीं, उल्टे रेडी टू ईट योजना का काम छीन कर उनको रातोरात बेरोजगार कर दिया।

प्रदेश में स्व-सहायता समूह की महिलाओं को कांग्रेस सरकार ने भुगतान नहीं किया और उनके द्वारा निर्मित उत्पादों को भी सही ढंग से नहीं बेचा।

कांग्रेस ने राज्य में महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त कर महिलाओं के संरक्षण के लिए कानून का सख्ती से पालन कराने और महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों को गम्भीरता से लेकर अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही थी और वादा किया था कि प्रत्येक थाने में एक महिला सेल स्थापित किया जाएगा जिसमें महिला अपराधों से सम्बन्धित स्वतंत्र जाँच की जाएगी। लेकिन कांग्रेस के पूरे पाँच साल के कार्यकाल में महिलाओं के साथ अनाचार, दुर्व्यवहार और हिंसा होती रही और कांग्रेस की सरकार आँखें मूंदे बैठी रही, कांग्रेस के नेता जुमलेबाजी और अवांछनीय बयानबाजी करते रहे।

कांग्रेस सरकार में प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अनाचार के 6900 के लगभग मामले, हत्या के 5000 से अधिक मामले सहित विभिन्न अपराध के मामलों में बढ़ोतरी हुई।

सार्वजनिक स्थानों एवं यातायात के साधनों को महिलाओं के अनुकूल एवं सुरक्षित बनाने का वादा भी कांग्रेस ने पूरा नहीं किया। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस ने इनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया और न ही इस दिशाओं में कोई प्रयास किया।

विधानसभा चुनाव में महिलाओं ने भाजपा पर भरोसा किया और भाजपा विधानसभा में 54 सीटों पर जीतकर सरकार बनाने में कामयाब हुई।

संसद और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण करके भाजपा ने महिलाओं को सौगात दी है।

विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जो वादे किए, उनमें से अनेक वादे पूरे करके भाजपा. महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

महतारी वन्दन योजना की शुरुआत कर प्रदेश की प्रत्येक विवाहित महिला को 12,000 की वार्षिक वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है।

प्रदेश में महिलाओं को सशक्त बनाने हेतु महिला स्व-सहायता समूहों को पांच लाख रुपए तक का ऋण न्यूनतम ब्याज दर पर प्रदान करेंगे एवं इन समूहों से शासकीय अधिग्रहण को प्राथमिकता दी जाएगी।

प्रदेश में रेडी-टू-ईट योजना की जिम्मेदारी फिर से महिला स्व-सहायता समूहों को देने का निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त इन महिलाओं को सांत्वना राशि भी दी जाएगी।

भाजपा की प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ में छात्राओं को स्नातकोत्तर तक नि:शुल्क शिक्षा प्रदान करेगी।

भाजपा की प्रदेश सरकार हर जिले में महिला (पिंक) थाने स्थापित कर महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्नातक स्तर तक बालिकाओं की शिक्षा भाजपा सरकार में नि:शुल्क कर दी गई। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 2023 तक छत्तीसगढ़ में 35 लाख से ज्यादा एलपीजी कनेक्शन जारी किये गए।

कांग्रेस ने केवल मुँहजुबानी जमाखर्च ही करके महिलाओं को सिर्फ धोखा दिया।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news