रायपुर
रायपुर, 9 मई। छग सनातन दशनाम गोस्वामी समाज द्वारा महादेवघाट रायपुर में 12 मई को जगदगुरू शंकराचार्य प्राकट्य उत्सव का आयोजन किया गया है। इस आयोजन के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा होंगे। अध्यक्षता समाज के संस्थापक व नीति निर्धारण समिति के अध्यक्ष रमन गिरि गोस्वामी करेंगे। ऋषि आश्रम के संत नारायण दास त्यागी, संरक्षक उमेश भारती गोस्वामी एवं प्रदेश के श्रद्धेय महंतगण विशेष अतिथि होंगे।
पाल सामुदायिक भवन महादेवघाट रायपुरा में होने वाले इस कार्यक्रम में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जगदगुरू शंकराचार्य पर आधारित व्याख्यान होंगे। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त सामाजिक प्रतिभाओं का सम्मान, भगवदाचार्यों का सम्मान, विवाह योग्य युवक युवतियों का परिचय सम्मेलन भी आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के सुचारू संचालन हेतु प्रांताध्यक्ष अशोक गिरि, महासचिव भूपेन्द्र पुरी एवं कोषाध्यक्ष विश्वनाथ पुरी गोसाई के मार्गदर्शन में विष्णु गिरि को कार्यक्रम संयोजक, बद्री पुरी एवं घनश्याम पुरी को सहसंयोजक, पोखराज बन प्रांतीय संगठन सचिव को कार्यक्रम समन्वयक बनाया गया है। इसके अतिरिक्त रायपुर जिला कार्यकारिणी को आयोजन समिति का दायित्व सौंपा गया है।