रायगढ़
धरमजयगढ़ में हुआ दाह संस्कार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 1 जनवरी। कोविड अस्पताल रायगढ़ में जिला पुलिस बल रायगढ़ के प्रधान आरक्षक शारदा टंडन, थाना धरमजयगढ़ के निधन पर गुरूवार को उनकी अंतिम यात्रा के पूर्व पुलिस लाइन रायगढ़ में कोविड नियमों का पालन करते हुए एसपी रायगढ़ संतोष सिंह द्वारा विभाग की ओर से श्रृद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात उनके पार्थिव शरीर को एम्बुलेंस के जरिये धरमजयगढ़ पुलिस कॉलोनी भिजवाया गया। जहां गाइड लाइन का पालन करते हुए परिवार व विभाग के सीमित लोगों के बीच उनके शव का दाह संस्कार किया गया।
हेड कांस्टेबल शारदा टंडन पिता राम सिद्ध टंडन 45 वर्ष मूल रूप से कैमूर बिहार के रहने वाले थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, दो पुत्र, तीन पुत्री हैं जो धरमजयगढ़ के पुलिस कालोनी में निवासरत हैं। प्रधान आरक्षक शारदा टंडन पिछले दो वर्षों से थाना धरमजयगढ़ में अपनी सेवाएं दे रहे थे। गत 22 दिसंबर को स्वास्थ्य ठीक नहीं होने से अपना कोविड जांच कराए। पॉजिटिव आने पर कोविड अस्पताल रायगढ़ में ईलाज करा रहे थे। जहां बीते दिन उन्होंने अंतिम सांसें ली। कोरोना संक्रमण के बीच अपनी सेवाएं देते हुए जिला पुलिस के अब तक 336 पुलिस अधिकारी व जवान संक्रमित हुए इनमें अधिकांश पुन: कार्य पर लौट आए हैं।