सरगुजा

आदित्येश्वर सर्वसम्मति से रेडक्रॉस सरगुजा के चेयरमैन बने
04-Jan-2021 8:19 PM
 आदित्येश्वर सर्वसम्मति से रेडक्रॉस सरगुजा के चेयरमैन बने

  रेडक्रॉस सोसायटी बेहतर समन्वय के साथ करें काम-सिंहदेव   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 4 जनवरी। जिला पंचायत सभा कक्ष सरगुजा में आज भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी की बैठक हुई, जिसमें रेडक्रॉस सोसायटी का चुनाव संपन्न हुआ। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा रखी तथा रेडक्रॉस में सदस्यों की संख्या, उपस्थित सदस्यों के संख्या की जानकारी दी तथा चुनाव की कार्रवाई शुरू की।

चेयरमैन पद के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने आदित्येश्वर शरण सिंह देव का नाम प्रस्तावित किया, जिसे श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष शफी अहमद एवं पूर्व चेयरमैन करता राम गुप्ता ने समर्थन दिया। जिसके बाद सभी सदस्यों ने उस समर्थन का स्वागत किया और आदित्येश्वर शरण सिंह देव सर्वसहमति से रेड क्रॉस सरगुजा के चेयरमैन बने। वहीं जिला पंचायत सरगुजा, अध्यक्ष मधु सिंह ने वाईस चेयरमैन हेतु डॉ पुष्पा सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे एमआईसी सदस्य एवं रेडक्रॉस के सदस्य द्वितेन्द्र मिश्रा ने समर्थन दिया, जिसका सभी सदस्यों ने समर्थन किया। इस तरह से सरगुजा रेड क्रॉस का चुनाव सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायत एवं स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंह देव ने कहा कि आप सभी ने बेहतर समन्वय के साथ चुनाव कराया है, इसके लिए आप सभी को साधुवाद। रेडक्रॉस सोसायटी बेहतर कार्य करें और समाज में जरूरतमंदों के मदद के लिए अपने ध्येय को लेकर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें।

चेयरमैन बनने के बाद रेडक्रॉस के ध्येय का शपथ लेने के बाद आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने कहा कि एक बार पुन: आप सभी ने नई जिम्मेदारी सौंपी है और मेरा प्रयास होगा कि आप सभी के सहयोग से आपके विश्वास पर खरा उतरूँ।

कार्यक्रम के दौरान वनौषधि एवं पादप विकास बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, कलेक्टर सरगुजा संजीव झा, महापौर डॉ अजय तिर्की, हेमंत सिन्हा सहित काफी संख्या में रेड क्रॉस सोसायटी के सदस्य उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news