महासमुन्द

जनपद अध्यक्ष खाली कुर्सी चुनाव
13-Apr-2021 7:37 PM
जनपद अध्यक्ष खाली कुर्सी चुनाव

जीत की खुशी में उड़ी सामाजिक दूरी की धज्जियां 

तहसीलदार द्वारा हाथ जोड़ते अपील काम नहीं आई   

धारा 144 के बीच जनपद से कांग्रेस भवन तक रैली भी निकली 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 अप्रैल।
कल जनपद अध्यक्ष महासमुंद का चुनाव संपन्न होने के बाद ड्यूटी में तैनात तहसीलदार मूलचंद चोपड़ा ने परिसर के अंदर कांग्रेसियों की भीड़ देखकर पदाधिकारियों के आगे हाथ जोडक़र कोविड.19 के गाइडलाइन का पालन करने की अपील की। इसके अलावा कांग्रेसियों को सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करने को कहा, लेकिन जीत की खुशी के सामने कांग्रेसी जिला प्रशासन के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए परिसर के अंदर ही आतिशबाजी व नारेबाजी करते रहे।

जबकि धारा 144 लागू रहा। यही नहीं जीत के बाद जनपद पंचायत परिसर से रैली निकाली गई, जो कांग्रेस भवन में समाप्त हुई। जीत दर्ज करने के बाद जनपद परिसर में ही विधायक विनोद चंद्राकर, नवनियुक्त अध्यक्ष यतेन्द्र कुमार साहू एवं कांग्रेसियों ने पूर्व अध्यक्ष भागीरथी चंद्राकर को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

मालूम हो कि जनपद पंचायत महासमुंद में एक बार फिर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। क्षेत्र क्रमांक 6 के जनपद सदस्य यतेन्द्र कुमार साहू ने सोमवार को हुए जनपद अध्यक्ष के चुनाव में निर्विरोध जीत दर्ज की। 

बता दें कि साल 2020 में संपन्न हुए पंचायत चुनाव के दौरान जनपद अध्यक्ष की कुर्सी पर कांग्रेस के भागीरथी चंद्राकर का कब्जा था और वो भी निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए थे। उनकी मौत के बाद यह पद खाली हो गया था। चुनाव के पीठासीन अधिकारी अपर कलेक्टर जोगेन्दर नायक थे। पुलिस सुरक्षा के बीच शांतिमय ढंग से चुनाव संपन्न हुआ।  अध्यक्ष पद के चुनाव में इस बार भी भाजपा ने अपने उम्मीदवार नहीं उतारा। चुनाव के बाद अध्यक्ष का प्रमाण-पत्र नव निर्वाचित अध्यक्ष यतेन्द्र कुमार साहू को सौंपा गया। पीठासीन अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार इस चुनाव में एक ही नामांकन दाखिल हुआ था। इसलिए यतेन्द्र कुमार साहू को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। अध्यक्ष पद के लिए 12 बजे निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हुई। दोपहर 1 बजे नामांकन जमा हुआ। इसी दौरान जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 6 के यतेन्द्र कुमार साहू ने नामांकन दाखिल किया। प्राप्त निर्देशन पत्र की संवीक्षा 1 बजे से सवा एक बजे तक हुई। पीठासीन अधिकारी ने अध्यक्ष पद के लिए एक ही नामांकन दाखिल होने के कारण यतेन्द्र को निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित किया। 

बता दें कि भाजपा के तीन सदस्य कोरोना पॉजिटव हैं। महासमुन्द जनपद के 24 सदसीय टीम में भाजपा के 8 सदस्य ही जीतकर पहुंचे थे। अत:भाजपा के शेष पांच उम्मीदवार ही बच गए थे। 

भाजपा ने इस चुनाव में पहले ही कन्नी काट ली थी। क्योंकि उन्हें मालूम था कि कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत है। भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने इसकी शिकायत मुख्य चुनाव आयुक्त से भी की है। संसदीय सचिव विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने बताया कि जनपद में कांग्रेस का बहुमत है। इसके कारण पूर्व में भी अध्यक्ष चुनाव में भागीरथी चंद्राकर निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए थे। आज भी हुए चुनाव में इन्हीं सदस्यों ने साथ दिया। जिसके कारण दोबारा कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया है।

गोरतलब है कि जनपद अध्यक्ष पद पर यतेंद्र के ताजपोशी की स्क्रिप्ट सप्ताह भर पहले ही लिख दी गई थी। दरअसल महासमुंद विधानसभा में साहू समाज का खासा वर्चस्व रहा है। वर्ष 2018 में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में साहू समाज ने मनोजकांत साहू को समर्थन दिया था और उन्होंने अच्छा खासा वोट हासिल किया था। जब जनपद अध्यक्ष के खाली पद के लिए चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हुई तभी यह तय कर लिया गया था कि अध्यक्ष पद के लिए किसी साहू का नाम आगे किया जाएगा। इसके रणनीतिकार संसदीय सचिव विनोद सेवन लाल चंद्राकर थे। अध्यक्ष चुनाव में वे फ्रंटफुट पर रहे। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news