सूरजपुर

कुएं की मिट्टी धसकने से तीन दबे, दो के शव निकाले, बचाव जारी
30-May-2021 4:41 PM
कुएं की मिट्टी धसकने से तीन दबे, दो के शव निकाले, बचाव जारी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भैयाथान, 30 मई।
सूरजपुर जिले के विकासखण्ड ओडग़ी के धड़सेड़ी में शनिवार शाम को कुएं की मिट्टी धसकने से तीन मजदूरों की मलबे में दबने से मौत हो गई थी। शाम 4 बजे तक दो शव निकाले जा चुके हैं, वहीं एक की तलाश जारी है। 

बताया गया कि मजदूरोंं के ऊपर करीब 15 फीट मलबा लद गया, उनकी चीख तक नहीं निकली। मलबे के ढेर को हटाने के लिए 4 जेसीबी मशीन प्रशासन को लगाने पड़े। इस दौरान एसडीआरएफ अम्बिकापुर की टीम पूरी रात बचाव अभियान में लगी रही। रविवार सुबह 6 बजे एक शव को और दूसरे मजदूर के शव को दोपहर 3.30 बजे निकालने में कामयाब रही। 

4 जेसीबी मशीन के द्वारा सुबह तक कुएं से मिट्टी को नहीं निकाल जा सका तो आननफानन में प्रशासन को पोकलेन मशीन को मंगवानी पड़ी, दूसरी ओर पोकलेन मशीन के द्वारा मिट्टी हटाते दोपहर बाद दूसरे शव को निकाला जा सका है और तीसरे मृतक को भी अभी निकालने के लिए रेस्क्यू चल रहा है। 

गौरतलब हो कि ग्राम पंचायत धड़सेड़ी में मनरेगा योजना के तहत नान साय पंडो का कुआं स्वीकृत होकर खुदाई के बाद शनिवार शाम को कुआ बंधाई का कार्य चल रहा था। बंधाई कार्य में लगे हितग्राही नान साय पंडो, सज्जन सिंह, डेगेंद्र के ऊपर कुआं का एक हिस्सा अचानक उनके ऊपर गिर गया, जिससे उन तीनों की दबने से मौत हो गई। इस हादसे को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि मजदूरों को संभलने तक मौका नहीं मिला होगा। वहीं कुएं के दूसरी ओर कार्य में लगे तीन मजदूरों में 2 को मामूली चोटें आई थी, जबकि एक युवक सुरक्षित है। मृतकों में डेगेंद्र प्रसाद (34), सज्जन सिंह (45), नान साय पंडो (40) हैं।

देर रात पहुंचीं केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह
हादसे की सूचना पर रात करीब 12 बजे केंद्रीय राज्य मंत्री व सरगुजा सांसद रेणुका सिंह घटनास्थल पर पहुंची और उन्होंने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया और निर्माण कार्य में लापरवाही पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
अजजा मोर्चा के प्रदेश भाजपा महामंत्री सत्यनारायण सिंह ने घटना की सूचना मिलते रात में ही घटना स्थल पहुंच स्थिति का जायजा लिया और घटना की वस्तु स्थिति से उन्होंने भाजपा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक को अवगत कराया। जिस पर श्री कौशिक ने मृतक के परिजनों के प्रति शोक संवेदना जताई है। 

ग्राम धड़सेड़ी में हुई घटना की खबर जैसे ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को लगी तो उनके द्वारा घटना स्थल पहुंच कर मृतक के परिजनों से मिलकर ढाढ़स बंधाया, जिसमें भाजपा के पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा, प्रदेश कांग्रेस सचिव अखिलेश प्रताप सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष भगवती राजवाड़े, ओडग़ी भाजपा मण्डल अध्यक्ष राजेश तिवारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम कुशवाहा, शिव बालक यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष सूरज गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, प्रदीप राजवाड़े सहित अन्य लोग शामिल रहे।


घटना स्थल पर पूरी रात डटी रही जिला प्रशासन
घटना स्थल पर जिले के कलेक्टर गौरव कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा, जिला पंचायत सीईओ राहुल देव गुप्ता, अपर कलेक्टर एसएन मोटवानी सहित पूरे अमले के साथ रात भर घटना स्थल पर रहकर बचाव अभियान चलाया। वहीं रविवार दोपहर बाद सरगुजा आईजी आर पी साय भी घटना स्थल पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया।


बॉक्स
सीएम ने गहरा दुुख जताया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कल 29 मई को सूरजपुर जिले के ओडग़ी विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम धरसेड़ी आमापारा में कुएं की मिट्टी धसकने के कारण वहां कार्यरत तीन श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया है। 
श्री बघेल ने मृतक श्रमिकों के परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए तीनों श्रमिकों के परिजन को पांच लाख 25 हजार -पांच लाख पच्चीस हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि तत्काल प्रदान करने के निर्देश सूरजपुर कलेक्टर को दिए।
 जिसके परिपालन में सूरजपुर कलेक्टर द्वारा तीनों मृतक श्रमिकों के परिजन को 5.25 लाख-5.25 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत कर श्रमिकों के परिजन को प्रदान की जा रही है।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news