छत्तीसगढ़ » रायपुर
रायपुर, 12 अक्टूबर। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 8 के नगर निवेश एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को अभियान चलाकर जोन 8 के जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव के निर्देश पर जोन के तहत माधव राव सप्रे वार्ड के रायपुरा क्षेत्र में स्थित मैडम डेयरी को गोबर, कचरा, गन्दा पानी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पंचनामा कार्यवाही कर स्थल पर नगर निवेश उपअभियन्ता रुचिका मिश्रा एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानंद साहू की उपस्थिति में ताला लगाकर सीलबंद करने की कड़ी कार्यवाही डेयरी की संचालक रमा शर्मा की उपस्थिति के दौरान की।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अक्टूबर। राज्य प्रशासनिक सेवा के जूनियर अफसर की संचालक पद पर पदस्थापना के विरोध में जनसंपर्क विभाग के अफसरों ने काली पट्टी लगाकर काम किया। इसके अलावा जनसंपर्क अफसरों की कमीश्नर दीपांशु काबरा के साथ बैठक भी हुई। बैठक में जनसंपर्क अफसरों ने अपनी आपत्तियां दर्ज कराई है।
जूनियर अफसर को हटाने की मांग पर जनसंपर्क अफसर अड़े हुए हैं, और वे मंगलवार को हड़ताल पर जा सकते हैं। छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रातांध्यक्ष कमल वर्मा ने जनसम्पर्क विभाग राजपत्रित अधिकारी संघ की मांगों का समर्थन करते हुए जनसम्पर्क विभाग में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के कनिष्ठ अधिकारी को संचालक पद से तत्काल हटाते हुए अन्य विभागों में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को हटाने की मांग की है। उन्होंने यह भी मांग की है कि अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को उनके स्तर के आधार पर राज्य प्रशासनिक सेवा के पदों पर पदस्थ किया जाए।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अक्टूबर। लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध, और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा व योगी सरकार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेसजनों ने मौन व्रत रखा। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और दंतेवाड़ा विधायक देवती कर्मा दंतेवाड़ा में दो घंटे का मौन धारण किया। कांग्रेस के मौन व्रत पर भाजपा ने तंज कसा है। पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मरकाम की कोई सुनता नहीं। ऐसे में उनके मौन व्रत का क्या औचित्य है।
लखीमपुर खीरी हिंसा में किसानों की मौत के मामले पर राजनीति गरम है। कांग्रेस पूरे देशभर में प्रदर्शन कर रही है। छत्तीसगढ़ में प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम धरने पर बैठे। उनके साथ देवती कर्मा और कांग्रेस के पदाधिकारी भी थे। कांग्रेस की मांग केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करने की है। साथ ही यूपी सरकार की बर्खास्तगी की मांग की गई है। कांगे्रस ने सभी जिलों में मौन धरना दिया। रायपुर में अंबेडकर प्रतिमा के सामने पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा और विकास उपाध्याय की अगुवाई में कांग्रेसजन धरने पर बैठे।
दूसरी तरफ, पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के मौन व्रत को राजनीतिक नौटंकी करार देते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मरकाम को स्वयं उनके विधायक मंत्री व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गम्भीरता से नहीं लेते कोई उनकी नहीं सुनता ऐसे में उनका मौन व्रत केवल राजनीतिक नौटंकी और अपने आपको कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष होने का अहसास करवाने का प्रयास हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के कांग्रेस विधायक दिल्ली शक्ति प्रदर्शन के लिए जाते हैं मोहन मरकाम को पता नहीं होता वे वीडियो जारी कर अपील करते हैं कोई गंभीरता से नहीं लेता उल्टे महापौर, निगम मण्डल अध्यक्षों की दिल्ली जाने कतार लग जाती हैं और कांग्रेस अध्यक्ष अपील करते ही रह जाते हैं यही कांग्रेस अध्यक्ष के अस्तित्व पर भी सवाल खड़ा करता हैं फिर उनके मौन व्रत का क्या औचित्य।
पूर्व मंत्री और भाजपा प्रवक्ता केदार कश्यप ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम से सवाल करते हुए कहा कि कहीं वे छत्तीसगढ़ में चल रही कुर्सी की लड़ाई के बीच चन्नी की भूमिका में अपने आपको तो नहीं देख रहे हैं? और इसी लिए मौन व्रत की राजनीतिक नौटंकी में लगे हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से मौन व्रत के औचित्य पर सवाल उठाते हुए उन्हें पदयात्रा के दौरान जनता के पास जा कुर्सी की लड़ाई के चलते छत्तीसगढ़ के विकास को बाधित करने के लिए जनता से माफी मांगने की नसीहत दी हैं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अक्टूबर। सीएम भूपेश बघेल ने सोमवार कोयला संकट पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार न खाद उपलब्ध करा पा रही है, और न ही कोयला। देश के कई बिजली घर बंद हो गए हैं। उन्होंने एसईसीएल और रेलवे के साथ बैठक का ब्यौरा दिया, और कहा कि कोयला आपूर्ति निर्बाध गति से जारी रहेगी, इसका भरोसा दिया गया है।
बघेल ने बेमेतरा रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में कहा कि एसईसीएल और रेलवे के अफसरों के साथ बैठक हुई है। रेलवे ने कोयला के परिवहन में कमी नहीं आएगी, इसका भरोसा दिया है। सीएम ने चावल घोटाले के भाजपा के आरोपों पर तीखा पलटवार किया, और कहा कि पूर्व सीएम रमन सिंह को बताना चाहिए कि नान घोटाले में दर्ज मैडम सीएम कौन हैं?
केंद्र द्वारा उपलब्ध कराए गए चावल के आबंटन में कमी के आरोपों पर सीएम ने कहा कि भाजपा आम लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड को आधार से लिंक कर दिया गया है। 98 फीसदी राशन कार्ड आधार से लिंक है। ऐसे में गड़बड़ी होने का सवाल ही पैदा नहीं होता।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अक्टूबर। दशहरा उत्सव की तैयारियों के निरीक्षण के लिए आज सुबह विधायक एवं समिति अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा महापौर एजाज ढेबर कलेक्टर, निगम आयुक्त और पुलिस अधीक्षक, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी रावण दहन स्थल डब्ल्यूआरएस मैदान पंहुचे।
कोरोना महामारी का ध्यान रखते हुए विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी मेघनाथ एवं कुंभकरण का दहन नहीं किया जाएगा। सिर्फ रावण का दहन किया जाएगा। इसके लिए सरकार द्वारा ऊंचाई निर्धारित की गई है। उसकी तैयारियों का निरीक्षण किया। आवागमन एवं मंच की व्यवस्था के लिए आयोजन समिति के सदस्यगण संजय पाठक, पूर्व पार्षद राधेश्याम विभार, नागभूषण राव यादव, आकाश तिवारी, एल्डर मेन सुनील भुवाल, संजय सोनी सत्तू सिंह, राकेश वाकड़े शरण ठाकुर, कमल धृतलहरे, श्याम सिक्का, राकेश नाडगे, सागर तांडी डी श्रीनिवास सहित सभी प्रमुखों के साथ बैठक कर व्यवस्था का निरीक्षण किए।
रायपुर, 11 अक्टूबर। राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक 1 जून 2021 से अब तक राज्य में 1262.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है।
राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून से आज 11 अक्टूबर तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार कोरबा जिले में सर्वाधिक 1530.1 मिमी और महासमुन्द जिले में सबसे कम 935.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अक्टूबर। सरकार द्वारा प्रदेश में खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को राज्य स्थापना दिवस के दिन 1 नवंबर को गुण्डाधूर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कार के रूप में उन्हें एक लाख रूपए नगद, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा सर्वोच्च खिलाडिय़ों से गुण्डाधूर सम्मान 2021-22 के लिए अनुशंसाए आमंत्रित की गई है। अनुशंसाए जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित है। इच्छुक खिलाड़ी अपना आवेदन खेल एवं युवा कल्याण, सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, जीई रोड, रायपुर अथवा खेल एवं युवा कल्याण के जिला कार्यालयों में निर्धारित तिथि में कार्यालयीन दिवस एवं समय पर प्रस्तुत कर सकते हैं।
खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय से मिली जानकारी के अनुसार गुण्डापुर सम्मान ऐसे पात्र खिलाडिय़ों को दिए जाएंगे, जिन्होंने वर्ष 2019-20 में ऐसे खेल जिन्हें भारत सरकार युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर के खेल अलंकरण हेतु विचार क्षेत्र में लिया जाता है।
ऐसे सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय चौम्पियनशिप या राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लेते हुए स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक प्राप्त किया हो या अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो। इस सम्मान के लिये उन खिलाडियों की उपलब्धियों पर विचार किया जाएगा, जो छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी है या उपलब्धि एवं पुरस्कार वर्ष में छत्तीसगढ़ राज्य की किसी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्था में नियमित अध्ययनरत है या उपलब्धि वर्ष एवं पुरस्कार वर्ष में छत्तीसगढ़ राज्य के शासकीय, अर्द्धशासकीय अथवा सार्वजनिक उपक्रम में निरंतर कार्यरत है। सम्मान हेतु वर्ष की गणना 01 अप्रैल से 31 मार्च तक होगी।
यह सम्मान विभाग के अन्य खेल पुरस्कारों के अलावा होगा जो खिलाड़ी को उसकी उपलब्धि के लिये दिया गया है, लेकिन महाराजा प्रवीर चंद भंजदेव सम्मान से अलंकृत खिलाड़ी इस सम्मान को प्राप्त करने के लिए पात्र नहीं होंगे। यह सम्मान किसी खिलाड़ी को उसके जीवनकाल में केवल एक बार ही दिया जाएगा। यदि किसी खिलाड़ी या दल को उपलब्धि वर्ष या सम्मान वर्ष में मान्यता प्राप्त खेल संगठन द्वारा राज्य या राष्ट्रीय चौम्पियनशिप से निष्कासित किया गया हो तो उसे संबंधित वर्ष के लिए यह सम्मान प्राप्त करने की पात्रता नहीं होगी।
गुण्डाधूर सम्मान के लिए उपरोक्त नियमों की विस्तृत जानकारी खेल विभाग के जिला स्तरीय कार्यालयों में भी देखा जा सकता है तथा निर्धारित प्रपत्र का प्रारूप प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा विभागीय वेबसाइट में आवेदन का प्रारूप प्राप्त किया जा सकता है।
-सीएम ने की कैम्पा के कार्यों की समीक्षा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि वनांचल में राज्य शासन द्वारा चलाई जा रही नरवा विकास योजना से वनवासियों के उत्थान सहित वन संवर्धन के कार्यों को काफी मजबूती मिली है। साथ ही वनाश्रितों को आगे बढऩे का बेहतर अवसर उपलब्ध हुआ है। वनक्षेत्रों में जल उपलब्धता की दृष्टि से नरवा विकास योजना वनवासियों के लिए संकटमोचक साबित होगी। इस योजना की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री बघेल आज राजधानी स्थित अपने निवास कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कैम्पा मद से नरवा विकास योजना के अंतर्गत वर्ष 2021-22 के लिए 392 करोड़ 26 लाख रूपए की स्वीकृत राशि के 37.99 लाख भू-जल संरक्षण संबंधी संरचनाओं का भूमिपूजन के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसके तहत राज्य के वनांचल स्थित एक हजार 962 नालों में भू-जल संरक्षण संबंधी विभिन्न संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। इससे क्षेत्र के 8 लाख 17 हजार हेक्टेयर भूमि उपचारित होगी।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नरवा विकास योजना शासन की एक महत्वपूर्ण योजना है, जो वनों के संरक्षण, भू-जल संवर्धन तथा जैव विविधता संरक्षण के साथ-साथ आदिवासियों, वनाश्रितों और किसानों के जीवन से सीधे जुड़ी हुई है। इस योजना के माध्यम से वनांचल में कृषि और वनोपज के उत्पादन में भी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में नरवा विकास योजना शुरू होने के बाद से अब तक बड़े पैमाने पर काम हो चुका है। यहां जल संरक्षण की दिशा में जो काम हो रहे हैं, इसकी सराहना राष्ट्रीय स्तर पर हो रही है। नरवा विकास कार्यक्रम के शुरूआती चरण में वर्ष 2020 में बिलासपुर और सूरजपुर जिले को नेशनल वॉटर अवार्ड से नवाजा जा चुका है।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि कोरोना संकट के समय नरवा विकास योजना भी वन क्षेत्रों के निवासियों के लिए बहुत मददगार साबित हुई। इस योजना के तहत बड़ी संख्या में वनवासियों को रोजगार मिलता रहा। आज नरवा विकास योजना के एक और चरण का शुभारंभ करते हुए मुझे काफी प्रसन्नता हो रही है। कार्यक्रम को वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर ने सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री श्री बघेल के कुशल निर्देशन में वन विभाग द्वारा वनों के विकास के साथ-साथ वनाश्रितों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य शासन की महत्वाकांक्षी नरवा विकास योजना के तहत वर्ष 2019-20 से 2021-22 तक भू-जल संरक्षण संबंधी संरचनाओं के निर्माण से वनांचल के 20 लाख हेक्टेयर भूमि उपचारित होगी। इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने भी संबोधित करते हुए वनांचल में संचालित नरवा विकास योजना की सराहना की। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री कवासी लखमा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुकमा से जुड़े हुए थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अक्टूबर। राज्य प्रशासनिक सेवा के जूनियर अफसर की संचालक पद पर पदस्थापना के विरोध में जनसंपर्क विभाग के अफसरों ने काली पट्टी लगाकर काम किया। इसके अलावा जनसंपर्क अफसरों की कमीश्नर दीपांशु काबरा के साथ बैठक भी हुई। बैठक में जनसंपर्क अफसरों ने अपनी आपत्तियां दर्ज कराई है।
जूनियर अफसर को हटाने की मांग पर जनसंपर्क अफसर अड़े हुए हैं, और वे मंगलवार को हड़ताल पर जा सकते हैं। छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रातांध्यक्ष कमल वर्मा ने जनसम्पर्क विभाग राजपत्रित अधिकारी संघ की मांगों का समर्थन करते हुए जनसम्पर्क विभाग में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के कनिष्ठ अधिकारी को संचालक पद से तत्काल हटाते हुए अन्य विभागों में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को हटाने की मांग की है। उन्होंने यह भी मांग की है कि अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को उनके स्तर के आधार पर राज्य प्रशासनिक सेवा के पदों पर पदस्थ किया जाए।
रायपुर, 11 अक्टूबर। विवेकानंद नगर निवासी श्रीमती लीलादेवी लूनिया (पत्नी स्व. कवरलालजी लूनिया) का देहांत गत रात्रि 11.30 बजे हो गया है।
अंतिम यात्रा 11 अक्टूबर, सोमवार को सुबह 11.30 बजे निवास स्थान राजगौरव, 62 विवेकानंद नगर, श्री संभवनाथ जिनालय के पास से निकली। अंतिम संस्कार मारवाड़ी शमशान घाट में किया गया। श्रीमती लीला देवी गौरव की दादी, राजेंद्र व रविन्द्र की बड़ी भाभी थीं।
रायपुर, 10 अक्टूबर। सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ ओडिशा मध्य प्रदेश महाराष्ट्र उत्तर प्रदेश आंध्र प्रदेश एवं अन्य राज्यों में भारत में बनी स्टारसाइन की स्मार्ट टीवी की भरपूर बिक्री हो रही है और सभी ग्राहक पूर्ण रूप से क्वालिटी को लेकर संतुष्ट है।
छत्तीसगढ़ टीवी की फैक्ट्री पहली बार अहम टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड ने नया रायपुर में स्थापित की और जल्द ही पूरे भारत में अपने प्रोडक्ट के जरिये छत्तीसगढ़ का काफी नाम हो रहा है। कंपनी मेक इन इंडिया स्कीम के तहत कर रहे मैन्युफैक्चरिंग कर रही है और छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार के अवसर दे रही है। अभी कंपनी के 24 इंच , 32 इंच, 40 इंच, 50 इंच और 55 इंच के मॉडल का उत्पादन करती है।
फैक्ट्री में विश्व स्तरीय डस्ट फ्री क्लीन रूम क्लास 1के स्टैण्डर्ड का लगा है जो की डिस्प्ले की विश्व स्तरीय क्वालिटी को सुनिश्चित करता है और आटोमेटिक प्रोडक्शन लाइन के जरिये प्रोडक्शन कैपेसिटी भी विश्व के किसी भी फैक्ट्री के बराबर है। आने वाले समय में कंपनी इलेक्ट्रॉनिक्स के अन्य प्रोडक्ट जैसे वाशिंग मशीन एयर कंडीशनर और किचन एप्लायंसेज में भी प्रवेश करने जा रही है। इससे पहले कंपनी चीन से टीवी इम्पोर्ट कर रही थी और वर्षा 2019 से मैन्युफैक्चरिंग स्टार्ट करके पुरे भारत में अपनी उछत्तम क्वालिटी से नाम कर रही है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने के लिए गोवा के मुख्यमंत्री डॉ.प्रमोद सावंत को छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से संसदीय सचिव यूडी मिंज ने आमंत्रण दिया।
उन्होंने इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ.सावंत को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एक नवम्बर को आयोजित राज्योत्सव में भी शामिल होने का न्यौता दिया। मुख्यमंत्री डॉ. सावंत ने राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव तथा छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में आमंत्रित किए जाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार विशेषकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार जताया।
संसदीय सचिव श्री मिंज ने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ.सावंत से मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित किए जाने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और उसके उद्देश्य के संबंध में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य की समृद्ध आदिवासी संस्कृति को देश-दुनिया में पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन राजधानी रायपुर में 28 से 30 अक्टूबर तक होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ.सावंत से गोवा के सांस्कृतिक दलों को भी राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में भेजने का आग्रह किया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल अभियंता संघ के राजेश कुमार पाण्डेय अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। जबकि महासचिव पद पर चंद्रशेखर सिंह का निर्वाचित घोषित किए गए।
शनिवार की रात वोटिंग के बाद मतों की गिनती शुरू हुई, और देर शाम चुनाव नतीजे घोषित किए गए। पॉवर कंपनी के एसई राजेश कुमार पाण्डेय अध्यक्ष बने हैं। चंद्रशेखर सिंह महासचिव निर्वाचित हुए हैं। दोनों एक ही पैनल के हैं।
इसके अलावा सचिव (वित्त) के पद पर राकेश कुमार शर्मा, शिखा मिश्रा, सुप्रिया रानी, मधु केरकेट्टा, सुशील यदु, ओमकार चंद्राकर, शशांक श्रीवास्तव, और राजकुमार वर्मा निर्वाचित हुए हैं। कार्यकारिणी सदस्य में महेश कुमार ठाकुर, नीरज कुमार वर्मा, आशीष हटवार, करूनेश कुमार यादव, अश्विनी कुमार गौराहा, मनोज कुमार जायसवाल, सतीश कुमार रस्तोगी, के नागभूषण राव, शरदचंद पाठक, अतुल श्रीवास्तव, और विनय कुमार कर हैं।
रायपुर, 10 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से विधायक विक्रम शाह मंडावी तथा विधायक अनूप नाग द्वारा मणिपुर के संस्कृति विभाग के सचिव एम.जॉय सिंह से मुलाकात कर उन्हें राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं राज्योत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में 28 से 30 अक्टूबर तक राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव तथा 1 नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार उक्त दोनों कार्यक्रमों में बतौर अतिथि देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री तथा प्रशासकगणों को आमंत्रित किया जा रहा है। इसी सिलसिले में विधायकद्वय श्री मंडावी तथा श्री नाग द्वारा इम्फाल, मणिपुर पहुंचकर उन्हें राज्य सरकार की ओर से आमंत्रण दिया गया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अक्टूबर। भारतीय पुलिस सेवा के आधा दर्जन अफसरों का तबादला हो सकता है। इस कड़ी में कुछ जिलों के एसपी को बदलने के साथ-साथ नए जिलों में भी पदस्थापना की जा सकती है।
सूत्रों के मुताबिक कवर्धा घटना के बाद एसपी मोहित गर्ग का तबादला हो सकता है। सरकार ने इस मामले में कुछ हद तक पुलिस-प्रशासनिक चूक को भी स्वीकार किया है। गर्ग के अलावा दंतेवाड़ा एसपी अभिषेक पल्लव को भी बदला जा सकता है।
पल्लव को चार साल से अधिक हो चुके हैं। उनकी कार्यशैली अच्छी मानी जाती है। यही वजह है कि उन्हें मैदानी इलाके में अहम पोस्टिंग दी जा सकती है। इसके अलावा बीजापुर एसपी कमल लोचन कश्यप और एक-दो अन्य का नाम भी चर्चा में हैं।
बताया गया कि नए जिले मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी, सारंगढ़, मानपुर-मोहला चौकी, और बिलाईगढ़ में पदस्थापना की जा सकती है। नए जिलों के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। एक नवम्बर से एसपी, और कलेक्टोरेट दफ्तर अस्तित्व में आ सकते हैं, और फिर एक जनवरी से जिला अस्तित्व में आ जाएगा। ऐसे में ओएसडी के रूप में अफसरों की पोस्टिंग की जा सकती है। फेरबदल आदेश जल्द जारी हो सकता है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अक्टूबर। तीसरी वाहिनी के सेनानी धर्मेन्द्र सिंह (भापुसे) के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत अभियान के तर्ज पर खारुन नदी के रिवर फ्रंट व्यू की सफाई बटालियन के अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा किया गया था। जिसमें सभी अधिकारी व जवानों द्वारा साफ सफाई नियमित किए जाने का संकल्प लिया था।
बटालियन के अधिकारी व जवानों द्वारा दुर्ग सीमान्तर्गत खारुन नदी पर बने (पचरी) नदी का किनारा अत्यंत कचरे से डंप व एकत्रित होने की सूचना सेनानी धर्मेन्द्र सिंह (भापुसे) को अवगत कराएं जाने पर 10 अक्टूबर को सेनानी महोदय के निर्देशन में खारुन नदी के तट की साफ सफाई अधिकारी व जवानों द्वारा किया गया। नदी के किनारे की गई सफाई को देखते हुए महादेव घाट के समिति के सदस्य द्वारा धन्यवाद ज्ञापित करते हुए साफ सफाई में समिति द्वारा विशेष ध्यान दिए जाने का भी आश्वासन दिया गया।
उक्त अभियान में धर्मेन्द्र सिंह (भापुसे) सेनानी, संजय दीवान, विजय तिर्की सहायक सेनानी, केपी जोशी, हरनाथ विमल सीसी, चंद्रशेखर तिवारी सूबेदार, संतोष साहू उनि, नीरज पारा, विनोद मिश्रा, मनप्रसाद पीसी, दिनेश कोशले एपीसी, कमलेश यदु सउनि अ एवं बटालियन के जवानों का विशेष योगदान रहा।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सारागांव चांपा की बिटिया प्रसिद्धि को अमेरिका वल्र्ड चैंपियनशिप रायफल शूटिंग में रजत पदक जीतने पर दी बधाई, शुभकामनाएं। बता दें, दक्षिण अमेरिका के देश पेरू की राजधानी लीमा में शूटिंग के विश्व चैंपियनशिप में 50 मीटर राइफल शूटिंग में रजत पदक जीत कर देश को गौरवान्वित किया है।
छत्तीसगढ़ के जिला जांजगीर चाम्पा के समाजसेवी परदेशी दास महंत की पोती है। उनके पिता डॉ. पीयुदेव महंत ने रेडियोलॉजी विशेषज्ञ के तौर पर जांजगीर जिला अस्पताल में एवं माता डा. सीमा महंत ने सारागांव में मेडिकल विशेषज्ञ के तौर पर अपनी सेवाएं दी हैं ।
वर्तमान में मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर भोपाल में कार्यरत हैं जिस कारण प्रसिद्धि की स्कूली शिक्षा भोपाल के सेंट जोसेफ कान्वेंट स्कूल में हुई एवं कक्षा 9वीं में एनसीसी के माध्यम से शूटिंग में रूचि जागने पर मध्यप्रदेश सरकार के खेल विभाग के टैलेंट हंट द्वारा मध्यप्रदेश शूटिंग एकेडमी में चयनित होकर वहां के प्रशिक्षकों के द्वारा ट्रेनिंग पाकर अपनी प्रतिभा को निखारा एवं भारतीय शूटिंग टीम में निरंतर जगह बनाई। यह उनका तीसरा विश्व चैंपियनशिप था जिसमें उन्होंने अपने टीम के साथी आयुषी पोद्दार एवं निश्चल के साथ अमेरिका की टीम से अंत तक जोरदार मुकाबला किया, जिसमें उन्होंने रजत पदक प्राप्त कर पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन किया। इसके पूर्व प्रसिद्धि राष्ट्रीय स्तर पर कई बार स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक जीत चुकीं हैं।
प्रसिद्धि के शुरुआती दौर से ही उनके छोटे दादा डा. चरणदास महंत व दादी श्रीमती ज्योत्सना महंत ने उनको हमेशा आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित किया। छोटे से शहर चांपा से शुरू होकर विश्व पटल पर नाम कर प्रसिद्धि ने बेटियों को आगे बढऩे व अपना मुकाम बनाने का संदेश दिया है। प्रसिद्धि की इस सफलता पर पूरा परिवार, प्रदेश व देश गौरवान्वित है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना कर रहा है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अक्टूबर। राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक 1 जून 2021 से अब तक राज्य में 1130.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून से आज 10 अक्टूबर तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार कोरबा जिले में सर्वाधिक 1530.1 मिमी और महासमुन्द जिले में सबसे कम 935.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है।
राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सरगुजा में 952.6 मिमी, सूरजपुर में 1275.4 मिमी, बलरामपुर में 1077.9 मिमी, जशपुर में 1131.7 मिमी, कोरिया में 1031.2 मिमी, रायपुर में 969.1 मिमी, बलौदाबाजार में 1026.6 मिमी, गरियाबंद में 1081.4 मिमी, धमतरी में 1035.6 मिमी, बिलासपुर में 1121.3 मिमी, मुंगेली में 1134.7 मिमी, रायगढ़ में 943.5 मिमी, जांजगीर चांपा में 1158.1 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 1418.9 मिमी, दुर्ग में 1018.2 मिमी, कबीरधाम में 983.1 मिमी, राजनांदगांव में 1010.4 मिमी, बालोद में 947.7 मिमी, बेमेतरा में 1239.9 मिमी, बस्तर में 1182.8 मिमी, कोण्डागांव में 1128.8 मिमी, कांकेर में 1049.3 मिमी, नारायणपुर में 1302.5 मिमी, दंतेवाड़ा में 1248.3 मिमी, सुकमा में 1453.5 मिमी, और बीजापुर में 1272 मिमी औसत वर्षा रिकार्ड की गई।
दंतेश्वरी मंदिर में श्रद्धालुओं ने सीएम की ‘लोकवाणी’ सुनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मासिक रेडियो वार्ता ‘लोकवाणी’ की 22वीं कड़ी का प्रसारण रविवार को नवरात्रि के मौके पर पुरानी बस्ती स्थित माता दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं ने भी सुना। ‘जिला स्तर पर विशेष रणनीति से विकास की नई राह’ विषय पर आधारित आज के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी वर्गों तक पहुंच रहे विकास कार्यों और लोगों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की चर्चा की।
सेवानिवृत्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी होरीलाल उपाध्याय ने ‘लोकवाणी’ सुनने के बाद कहा कि राज्य सरकार की नई पहल से लोगों को रोजगार और अच्छी कमाई के नए-नए विकल्प मिल रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम में जशपुर में कई जगहों पर चाय की सफल खेती की बात सुनकर कहा कि इससे स्थानीय लोगों को स्थाई रोजगार मिलेगा और उन्हें अच्छी आमदनी होगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए समस्याओं को चिन्हित करना, उनके समाधान की तलाश करना, उन्हें लागू करना और जनता को राहत दिलाना, जिला प्रशासन की केन्द्रीय भूमिका वाले इन कार्यों से राज्य के विकास को नई गति मिल रही है।
माता दंतेश्वरी मंदिर के नजदीक गोपिया पारा में रहने वाले रघुनंदन यादव ने कहा कि डीएमएफ के बेहतर उपयोग से प्रदेश के खनन प्रभावित क्षेत्रों में जनकल्याण के अच्छे कार्य हो रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने आज के कार्यक्रम में कबीरधाम जिले में इस मद से हुए कार्यों का उल्लेख भी किया है।
दुर्ग, 9 अक्टूबर। कोरोना काल में केन्द्र सरकार द्वारा जरूरतमंदों के लिए भेजे गए चावल की हेराफेरी का राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए भाजपा ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। भाजपा की स्थानीय इकाईयों द्वारा राशन दुकानों के सामने धरना दिया गया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा मांग की गई कि केन्द्र सरकार के भेजे चावल गरीबों तक पहुंचाया जाए। मुख्य कार्यक्रम चंडी शीतला मंडल भाजपा के अंतर्गत राजीव नगर वार्ड 2 व 4 स्थित राशन दुकान के सामने पंडाल लगाकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या बीपीएल कार्ड धारी महिलाएं हाथों में तख्ती लेकर धरना मे बैठकर जोरदार प्रदर्शन किया। जिसमें प्रमुख रूप से जिला भाजपा मंत्री दिनेश देवांगन, मंडल महामंत्री विजय ताम्रकार, पार्षदगण चमेली साहू, लीना देवांगन, पार्षद मनीष साहू, अजित वैद्य, आईटी सेल संयोजक राजा महोबिया सहित बड़ी संख्या बीपीएल कार्डधारी महिलाएं व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कवर्धा की दुर्भाग्यजनक घटना के लिए भाजपा को दोषी बताते हुए कहा कि कवर्धा सामाजिक समरसता का अभेदगढ़ रहा है । कांग्रेस विधायक मो. अकबर कवर्धा की शांति प्रिय जनता ने प्रदेश में सर्वाधिक मतों से विधानसभा में जिता कर यह बंतादिया है कि कवर्धा गंगा जमुनी तहजीब का शहर है यहां पर सांप्रदायिक तत्वो के लिए कोई स्थान नही है।
भाजपा के युवकों ने दो छोटे गुटो की आपसी लड़ाई को सांप्रदायिक तनाव में तब्दील करने का कुचक्र रचा पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि आरएसएस भाजपा विहिप और उसके अनुशांगिक संगठनों के लोग दुर्ग, भिलाई, रायपुर, कुरूद, राजनांदगांव से जाकर वहां माहौल को खराब करने का काम किया है। आईजी के बयान के बाद भाजपा नेताओं की तिलमिला हट बता रही है दाल में कुछ काला नहीं बल्कि पूरी की पूरी दाल काली है। भाजपा के नेता बृजमोहन अग्रवाल द्वारा प्रेसवार्ता कर कवर्धा की तरह ही रायपुर में भी घटना होने की तथा कथित आशंका से स्पष्ट हो जाता है कवर्धा के घटना के पीछे भाजपा से जुड़े लोगों का हाथ है वह घटना का प्रदेश भर में फैलाव करने का षडयंत्र कर रही।
मोहन मरकाम ने कवर्धा में अशांति फैलाने वाले लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की मांग करते हुए कहा कि कवर्धा के बुद्धिजीवी वर्ग चेंबर ऑफ कॉमर्स कई समाज के प्रमुखो ने शांति मार्च निकालकर शांति की अपील कर रहे हैं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि नवगठित ‘मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर‘ जिले को कैसे सजाना-संवारना है, यह उस क्षेत्र के नागरिक प्रेम, समन्वय, सहमति और भाई-चारे के साथ मिलकर तय करें।
मुख्यमंत्री श्री बघेल शनिवार को यहां अपने निवास में चिरमिरी से पद यात्रा कर रायपुर पहुंचे पदयात्रियों और नागरिकों के प्रतिनिधि मण्डल से चर्चा कर रहे थे। प्रतिनिधि मण्डल ने नए जिले के गठन और जिले के नाम में चिरमिरी का नाम भी शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर मनेन्द्रगढ़ विधायक डॉ. विनय जायसवाल और पाली तानाखार विधायक मोहित राम केरकेट्टा, चिरमिरी नगर निगम की महापौर श्रीमती कंचन जायसवाल भी उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधि मण्डल से कहा कि राज्य सरकार ने इस जिले का गठन कर क्षेत्र की वर्षों पुरानी बहुप्रतिक्षित मांग को पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रतिनिधि मण्डल में शामिल सभी लोगों को नवरात्रि महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पदयात्रियों को माता कौशल्या की नगरी चंदखुरी में माता कौशल्या मंदिर के लोकार्पण और राम वन गमन पर्यटन परिपथ के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक संध्या के आज आयोजित किए जा रहे समापन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
इस अवसर पर पदयात्रियों ने पदयात्रा के दौरान अपने अनुभव भी सुनाए। पदयात्रियों ने बताया कि उन्होंने 26 सितम्बर को चिरमिरी से पदयात्रा प्रारंभ की थी, 14 दिनों में लगभग 350 किलोमीटर की पदयात्रा कर वे आज रायपुर पहुंचे हैं। प्रतिदिन वे लोग लगभग 23-24 किलोमीटर की यात्रा करते थे। उन्होंने बताया कि वे लोग सवेरे 5.30-6 बजे यात्रा शुरू करते थे और 11 बजे विश्राम करने के बाद शाम 5 बजे से 9 बजे तक पदयात्रा करने के बाद ठहरते थे। शाहिद महमूद, संजय सिंह, शत्रुघन कश्यप सहित अनेक पदयात्रियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री श्री बघेल को धन्यवाद देते हुए कहा कि वर्षों पुरानी मांग को पूरी करते हुए आपके नेतृत्व में क्षेत्रवासियों को नए जिले की सौगात मिली है। इसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे।
विधायक डॉ. विनय जायसवाल ने भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि 38 वर्षों से क्षेत्र के लोग जिले की मांग कर रहे थे, जिसकी सौगात आपके द्वारा मिली। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों, गरीबों, मजदूरों सहित सभी वर्गों के लिए संचालित योजनाओं की सराहना की। डॉ. जायसवाल ने बताया कि उनका सपना भी अंग्रेजी स्कूल में पढऩे का था, लेकिन चिरमिरी के केन्द्रीय विद्यालय में एससीसीएल के अधिकारियों-कर्मचारियों के बच्चों को प्रवेश मिलता था।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ की गई स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल योजना के तहत चिरमिरी में प्रारंभ हुए स्कूल में अब गरीब बच्चे पढ़ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में 10 करोड़ रूपए की लागत वाली नल जल योजना की पाईप लाईन विस्तार की स्वीकृति देने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने उनके आग्रह पर विचार करने का आश्वासन दिया।
रायपुर, 9 अक्टूबर। भाजपा द्वारा चावल वितरण में गड़बड़ी बताकर किए गए प्रदेशव्यापी प्रदर्शन पर तीखा पलटवार करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी वरिष्ठ प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी ने कहा कि, मुद्दा विहीन भाजपा बेबुनियाद, तथ्यविहीन आरोपों के आधार पर जनता में भ्रम पैदा कर गुमराह करने का असफल प्रयास कर रही है। भूपेश सरकार गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की परिकल्पना के साथ जनता से किए गए वायदों को पूरा करते हुए अग्रसर है। भाजपा का यह प्रदर्शन नौटंकी मात्र है, झूठे आरोप है।
कोरोना काल से उपजे संकट के दौर में भाजपा मोदी सरकार की बेरूखी को देखते हुए, पूर्व से ही कांग्रेस भूपेश सरकार ने गरीबों को 35 किलो चावल मुफ्त वितरण देना शुरू करवाया था। बाद में केंद्र सरकार ने 5 किलो चावल देने की घोषणा की थी। केंद्र, राज्य के केवल 51. 20 लाख राशन कार्डधारियों के लिए प्रधानमंत्री योजना का निशुल्क चावल का आवंटन दिया गया है जबकि राज्य शासन द्वारा 58.91 लाख परिवारों को निशुल्क चावल का वितरण नवंबर 2021 तक किया जाएगा इससे स्पष्ट है कि केंद्र से प्राप्त आवंटन से अधिक चावल का वितरण राज्य शासन द्वारा किया जा रहा है, तथा अतिरिक्त वितरण किए जा रहे चावल की सब्सिडी राज्य शासन द्वारा वाहन की जा रही है।
तिवारी ने कहा कि छग देश का पहला राज्य है जहां आबादी की 97 प्रतिशत जनसंख्या को राज्य में पहली बार कांग्रेस भूपेश सरकार सर्वभौम पीडीएस के तहत अंत्योदय, अन्नपूर्णा, निराश्रित, नि:शक्तजन, एपीएल वर्ग को खाद्यान्न का लाभ दे रही है।
रायपुर, 9 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ हिन्दी साहित्य सम्मेलन द्वारा डॉ. उर्मिला शुक्ला के नवप्रकाशित उपन्यास ‘बिन ड्योढ़ी का घर’ पर रविवार को परिचर्चा का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम मायाराम सुरजन स्मृति ‘लोकायन’ रजबंधा मैदान में होगा।
परिचर्चा में अंचल के समीक्षक, और साहित्यकार डॉ. सियाराम शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में विचार रखेंगे। वरिष्ठ कवि, और साहित्यकार रवि श्रीवास्तव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अक्टूबर। संत कबीर की धर्म नगरी जिला कबीरधाम, कवर्धा में हुए विवाद के बाद आपसी सद्भाव बिगडऩे की घटना को लेकर छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत काफी चिंतित और व्यथित हैं।
विस अध्यक्ष डॉ. महंत ने कहा कि संत कबीर ने अपनी वाणी में कहा है, ईश्वर-अल्लाह एक है, नाम धराया दोय कहे कबीर दोई नाम सुन, भरम न करिए कोय अर्थात ईश्वर और अल्लाह दोनों एक हैं, का संदेश दिया है और कवर्धा उनकी नगरी है। संत कबीर के इस वाणी को आत्मसात कर दोनों संप्रदायों के लोगों को शांति कायम कर सांप्रदायिक एकता की मिसाल देनी चाहिए।
विस अध्यक्ष डॉ. महंत ने कवर्धा के नागरिकों एवं संप्रदाय के प्रमुखों से अपील की है कि वे प्रेम और सद्भाव बनाए रखें और इस विचारधारा को प्रोत्साहित करें। जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से कहा है कि जिन लोगों ने माहौल बिगाडऩे का काम किया है, ऐसे लोगों पर त्वरित कार्यवाही हो एवं ऐसे लोगो को किसी भी सूरत में न बख्शा जाए। विस अध्यक्ष डॉ. महंत ने पुन: कवर्धा वासियों से आग्रह किया है कि वे आपी प्रेम भाव और सद्भाव को बनाए रखें।