ताजा खबर
संसद में लोगों की आवाज और बुलंद होगी : प्रियंका के वायनाड से उपचुनाव लड़ने पर गोगोई ने कहा
18-Jun-2024 8:35 AM
![संसद में लोगों की आवाज और बुलंद होगी : प्रियंका के वायनाड से उपचुनाव लड़ने पर गोगोई ने कहा संसद में लोगों की आवाज और बुलंद होगी : प्रियंका के वायनाड से उपचुनाव लड़ने पर गोगोई ने कहा](https://dailychhattisgarh.com/uploads/article/1718679918riyanka_ga.jpg)
नयी दिल्ली, 17 जून। कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने सोमवार को कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा की संसद में मौजूदगी से जनता की आवाज और बुलंद होगी।
गोगोई की यह टिप्पणी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की इस घोषणा के कुछ ही देर बाद आई, जिसमें कहा गया है कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से सांसद बने रहेंगे और और केरल की वायनाड सीट खाली कर देंगे।
पार्टी प्रमुख ने यह भी कहा कि प्रियंका गांधी वायनाड सीट पर लोकसभा उपचुनाव लड़ेंगी।
गोगोई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वायनाड की जनता को धन्यवाद और 18वीं लोकसभा में प्रियंका गांधी जी को अपना प्रतिनिधि बनाने के लिए हमारी ओर से अग्रिम शुभकामनाएं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘संसद में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, दोनों की मौजूदगी से लोगों की आवाज और भी बुलंद होगी।’’ (भाषा)