छत्तीसगढ़
रात और दिन के तापमान में फिर इजाफा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 जनवरी। हवा का रूख दक्षिणी दिशा में होने से सप्ताहभर पड़ी ठंड एक बार फिर गर्मी में बदल गई है। गर्म मौसम के चलते लोगों के पसीने छूट रहे हैं। बताया जा रहा है कि अगले 3-4 दिनों तक बदली का मौसम होने से दिन का मौसम गर्म रहेगा। वहीं रात में मामूली ठंड बरकरार रहेगी। बदली होने से बुधवार को दिन में लोग पसीने से लथपथ नजर आए।
बीते सप्ताहभर से मौसम में ठंडकता रहने के चलते लोगों को कंपकपी का अहसास होने लगा था। लोग सुबह और शाम को गर्म कपड़ों का भी उपयोग कर ठंड से बचते नजर आए। वहीं कुछ लोग तो अलाव का सहारा भी ले रहे थे। इधर बुधवार को अचानक मौसम में तब्दीली के चलते तापमान में बढ़ोत्तरी हो गई। वहीं लोगों को दिन के तापमान में भी पसीने छूटने लगे थे। लोग बुधवार को दिन के समय पंखे का भी उपयोग करते दिखे। बुधवार को तापमान में जहां बढ़ोत्तरी होने से लोगों को अब गर्मी का अहसास भी होने लगा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार से हवा की दिशा बदल गई है। ऐसे में प्रदेश में शीतलहर चलने के संकेत भी मिल रहे हैं। लगातार जिले में तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति से लोगों की सेहत पर भी असर पड़ रहा है। ऐसे में अचानक दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी होने से लोग गर्म कपड़ों का उपयोग कम कर दिए हैं। वहीं लोग पंखे का उपयोग भी करने लगे हैं। इधर मजदूरी करने वाले और धूप में काम करने वाले लोग पसीने से तरतबतर हो रहे हैं।
तरेकेला-वृंदावन के पास हादसा
खरसिया, 20 जनवरी। मंगलवार शाम खरसिया पुलिस अनुविभाग के छाल थाना क्षेत्र के तरेकेला एवं वृन्दावन के बीच कोयला लदी एक ट्रेलर ने दो मोटर सायकल में सवार चार लोगों को ठोकर मार दी। घटना में एक युवती सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें रायगढ़ भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि भाई -बहन अपने पिता से मिलने कापू जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। आरोपी ड्राइवर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार 19 जनवरी की शाम करीब 5 बजे छाल थाना क्षेत्र के ग्राम तरेकेला एवं वृन्दावन के बीच मेन रोड पर कोयला लोड ट्रेलर के चालक ने तेज और लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए विपरीत दिशा से आ रही दो मोटर सायकल में सवार चार लोगों को ठोकर मार दी और मौके पर ही गाड़ी छोड़ कर फरार हो गया।
हादसे में एक युवती तमन्ना राठिया (19 वर्ष)ग्राम जोबी चौकी एवं नवरतन सिदार (35 वर्ष) ग्राम परसदा थाना भूपदेवपुर की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दो अन्य प्रदीप कुमार राठिया (25 वर्ष) ग्राम जोबी चौकी एवं देव प्रसाद सिदार ग्राम बगबुढ़वा थाना खरसिया 38 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि मृतका तमन्ना उर्फ रिपू राठिया अपने भाई प्रदीप राठिया एवं दो अन्य दोस्तों के साथ दो मोटर सायकल में मुनुंद जा रही थी, जहां से वह अपने पिता के पास कापू मिलने जाते, परंतु इसी दौरान एक कोयला लोड ट्रेेलर ने सामने से ठोकर मारते हुए निकल गया। ठोकर इतनी तेज थी कि दोनों मोटर सायकल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों दूर छिटक गये, परंतु दो की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतका का पिता कापू में शासकीय पद में पदस्थ ह
हादसे की जानकारी मिलते ही छाल पुलिस मौके पर पहुंच गई है और घायलों रायगढ़ जिला अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि ट्रेलर में कोयला लोड है जो कोरबा की ओर से आ रहा था और रायगढ़ की ओर जा रहा था। आरोपी ट्रेलर चालक मौके पर ही गाड़ी छोड़ कर फरार है।
टीआई थाना छाल विवेक पाटले ने बताया कि घटना में दो की मौत हो चुकी है, जिसमें एक युवती है और एक युवक है तथा दो घायल हैं। घायलों को रायगढ़ भेज दिया गया है।
पूर्व महापौर स्व. शोभा सोनी के रिक्त पद को भरने तेज हुई मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 जनवरी। राजनांदगांव जिला भाजपा की नई कार्यकारिणी में महिलाओं के लिए महामंत्री पद दिए जाने की मांग उठ रही है। महिलाओं की ओर से संगठन में 33 प्रतिशत आरक्षक दिए जाने के प्रावधान के तहत महामंत्री पद दिए जाने की पुरजोर आवाज उठते ही भाजपा में खलबली मच गई है। सियासी रूप से अध्यक्ष के बाद महामंत्री का पद प्रभावशाली माना जाता है।
माना जाता है कि भाजपा में महिला कार्यकर्ताओं की लंबी फेहरिस्त है। हाल ही के महीनों में जिले में भाजपा की राजनीतिक परिस्थितियां काफी बदली है। पार्टी ने कोरोना काल में शोभा सोनी जैसी चर्चित नेतृत्व को खो दिया। उनके मरणोपरांत से संगठन में महिला नेतृत्व को लेकर अकाल की स्थिति भी बनी हुई है। लिहाजा महिलाओं ने अब शोभा सोनी के निधन की भरपाई करने के लिए अब महामंत्री जैसा रूतबेदार पद पर अपना दावा ठोंका है। भाजपा ने महिलाओं को राजनीति में उचित स्थान देने के लिए कटिबद्ध रही है। संगठन में महिलाओं को तय आरक्षण के मुताबिक पद दिए जाने का भी प्रावधान है। जिला भाजपा अध्यक्ष के अधीन दो महामंत्री होते हैं। पिछले कुछ सालों से दोनों महामंत्रियों को अलग-अलग जिम्मेदारी के तहत संगठन को मजबूत करने का दायित्व सौंपा जाता रहा है।
बताया जा रहा है कि दोनों पद में से एक पर महिलाओं को मनोनीत किए जाने की मांग प्रबल रूप से उठी है। इस बीच मौजूदा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव के कार्यकाल को 14 माह हो चुका है। अब तक उनकी कार्यकारिणी अस्तित्व में नहीं आई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने प्रदेश भाजपा को अपनी कार्यकारिणी की सूची मंजूरी के लिए भेज दी है। तकनीकी कारणों से अब तक इस पर निर्णय नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि महामंत्री पद के लिए सचिन बघेल, राजेन्द्र गोलछा, दिनेश गांधी का नाम चर्चा में है। बघेल के लिए पूर्व सांसद अभिषेक सिंह प्रयासरत हैं। वहीं राजेन्द्र गोलछा के लिए खूबचंद पारख अड़े हुए हैं।
चर्चा है कि जिलाध्यक्ष यादव किसी नए चेहरे को मनोनीत किए जाने के पक्ष में है। उधर महिलाओं को महामंत्री पद में मनोनीत किए जाने के लिए जिले के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश नेतृत्व को बकायदा पत्र भी लिखा है। महिलाओं को महामंत्री पद दिए जाने का ज्यादातर वरिष्ठ नेता पैरवी कर रहे हैं।
देशद्रोह के आरोप में अपराध दर्ज करने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 जनवरी। आर-भारत टीवी के मालिक अर्णब गोस्वामी के विरूद्ध देशद्रोह का मामला दर्ज कराए जाने को लेकर राजनांदगांव मेयर हेमा देशमुख ने बुधवार को पुलिस अधिकारी से शिकायत की।
कोतवाली थाना में शिकायत करते महापौर श्रीमती देशमुख ने कहा कि न्यूज चैनल आर-भारत टीवी के मालिक अर्णब गोस्वामी द्वारा पार्थो दास गुप्ता के साथ की गई व्हाट्सएप के चेटिंग में यह स्पष्ट होता है कि अर्णब गोस्वामी द्वारा देश सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया है, जो गंभीर अपराध है।
ज्ञात हो कि जम्मू-काश्मीर के पुलवामा एवं बालाकोट आतंकी हमले में सेना के लगभग 80 जवान शहीद हुए थे। आतंकवादियों की इस कायराना करतूत के बाद भारतीय सेना द्वारा एयर स्ट्राइक कर आतंकवादियों का सफाया किया गया था। उक्त एयर स्ट्राइक की जानकारी तीन दिन पूर्व अर्णब गोस्वामी को होना एवं संबंधित स्थल पर पहले से ही अपने मीडियाकर्मियों को भेजना यह स्पष्ट करता है कि भारतीय सेना की खुफिया जानकारी अर्णब गोस्वामी को थी, जो कि देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने एवं भारतीय सेना की खुफिया जानकारी को लिक करने वाले अर्णब गोस्वामी के विरूद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज किया जाए। शिकायत करने के दौरान आसिफ अली, सतीश मसीह, राजेश गुप्ता चंपू, अमीन हुद्दा समेत अन्य लोग शामिल थे।
नांदगांव चेम्बर ऑफ कामर्स, बस ऑपरेटर समेत दीगर यूनियन एकजुट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 जनवरी। राजनांदगांव शहर से करीब 10 किमी दूर दुर्ग रोड में स्थित ठाकुरटोला में संचालित टोलप्लाजा को हटाए जाने संबंधी हाईकोर्ट में याचिका दायर होने के बाद नांदगांव शहर के नांदगांव चेम्बर ऑफ कामर्स, बस आपरेटर समेत दीगर यूनियन हुए एकजुट हो गए हैं। सर्वाधिक टैक्स देने वालों में यही वर्ग आता है। लिहाजा ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों को नियम विरूद्ध टैक्स लिए जाने के मामले में विरोध करने का अवसर मिल गया है।
हाईकोर्ट ने याचिका को स्वीकार कर टोल कंपनी समेत केंद्रीय परिवहन मंत्रालय से दो सप्ताह में जवाब मांगा है। यह हकीकत है कि कंपनी की मनमानी से नांदगांव का व्यापारी वर्ग बेहद परेशान रहा है। महज 30 किमी की दूरी में स्थित दुर्ग बायपास के टोलप्लाजा में भी वाहन चालकों को टैक्स चुकाना पड़ता था। यानी उक्त दूरी में दो बार टैक्स लेकर टोल प्रबंधन व्यापारियों समेत दूसरे वर्ग को खुलेआम चपत लगा रही थी। मामले को लेकर रईस अहमद शकील ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की जिसमें उन्होंने टोल प्रबंधन की अवैध वसूली को लेकर शिकायत की।
प्रथम दृष्टया हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता के द्वारा पेश किए गए तथ्यों को सही मानते हुए सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया है। बताया जा रहा है कि हाईकोर्ट में मामले के स्वीकृत होते ही सभ्ी वर्ग अब एकजुट होकर टोलप्लाजा को हटाने के लिए जुट गए हैं। नियमानुसार उक्त टोलप्लाजा नागपुर रोड स्थित टप्पा से संचालित होना था। इस मुद्दे को लेकर लगातार शहरी जनता आवाज उठाती रही है। राजनीतिक रूप से इस मामले को जनता के हित में नजर अंदाज किया गया। बताया जा रहा है कि भाजपा सरकार में यह मुद्दा काफी गरमाया रहा। भाजपा के आला नेताओं पर टोल प्रबंधन के साथ अघोषित रूप से सांठगांठ के आरोप लगे। भाजपा ने इसकी परवाह किए गए बगैर प्रबंधन को टैक्स लेने में कथित रूप से छूट दे दी। आखिरकार अब मामला हाईकोर्ट में चला गया है। बताया जा रहा है कि टोल प्रबंधन के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन भी शुरू हो सकता है।
गौरतलब है कि आक्रोशित लोगों ने सालभर पहले टोलप्लाजा में तोडफोड कर दी थी। इसके बाद से राजनंादगांव पासिंग गाडियों का टैक्स फ्री किया गया था। हालांकि आए दिन टोल प्रबंधन की ओर से आवाजाही के दौरान वाहन चालकों को परेशान किया जाता है। बताया जा रहा है कि वहीं शहरवासी शुरू से ही टोलप्लाजा का विरोध कर रहे हैं। टोल के लिए टप्पा में जमीन अलॉट है। इसके बाद भी कंपनी ने वहां टोल नहीं लगाया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 19 जनवरी। दंतेवाड़ा में घर वापस आइए अभियान से प्रभावित होकर आठ नक्सलियों द्वारा सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव और डीआईजी सीआरपीएफ विनय कुमार सिंह के समक्ष आत्मसमर्पण किया गया। इनमें चार नक्सलियों पर शासन द्वारा पुरस्कार घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने बताया कि नक्सलियों की प्लाटून नंबर 13 के सदस्य सुरेश ओयामी ने घर वापस आइए अभियान से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया। राज्य शासन द्वारा सुरेश की गिरफ्तारी पर 2 लाख रूपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। पेद्दारास एलओएस सदस्य जोगी माड़वी ने भी घर वापसी की। राज्य शासन द्वारा 1लाख रूपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
इसी क्रम में एलओएस सदस्य प्रदीप उर्फ पंडरू कोवासी ने भी आत्मसमर्पण किया। उक्त नक्सली की गिरफ्तारी पर भी 1लाख रूपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। प्लाटून डिप्टी कमांडर सुले मंडावी ने भी आत्मसमर्पण किया। फुले की गिरफ्तारी पर 1 लाख रूपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। आत्मसमर्पित नक्सलियों को नक्सलियों को 10 हजार की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त चार अन्य नक्सलियों ने भी घर वापसी की।
दंतेवाड़ा 19 जनवरी। जिले के गोगुंडा की पहाडिय़ों में पुलिस ने नक्सली कैंप की सूचना पर धावा बोला। जिला आरक्षी बल के जवानों ने नक्सलियों पर गोलीबारी की। करीब 2 घंटे की गोलीबारी के बाद नक्सली भाग निकले।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने बताया कि पुलिस को नक्सलियों लीडरों के मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके उपरांत जिला आरक्षी बल की टीम को तडक़े रवाना किया गया। घटनास्थल से एके-47 के खोके बरामद किए गए हैं, वहीं खून के धब्बे भी मिले हैं।
कुक्कुट पालक और ढाबा संचालकों की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 19 जनवरी। कलेक्टर रजत बंसल ने बस्तर जिले में बर्ड फ्लू के दो मामलों की पुष्टि को देखते हुए मुर्गे-मुर्गियों एवं किसी भी प्रकार पक्षियों की मृत्यु होने तथा किसी भी प्रकार के बीमारियों के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल इसकी सूचना देने को कहा, जिससे बीमारी फैलने पर रोकथाम हेतु समुचित व्यवस्था की जा सके।
श्री बंसल आज जिला कार्यालय के प्रेरणा कक्ष में जिले के बर्ड फ्लू की रोकथाम के संबंध में मुर्गे-मुर्गियों के विक्रेता और ढाबा संचालकों की बैठक ली। बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक झा, सहायक कलेक्टर रेना जमील, पशुधन विकास विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. लक्ष्मी अजगले, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आरके चतुर्वेदी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कहा कि मुर्गा मुर्गी खाने वालों को इस बीमारी को लेकर भय भीत होने की बिल्कुल भी आवश्यकता नही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बस्तर जिले में मुर्गे-मुर्गियों में बर्ड फ्लू के मामले सामने नहीं आये है। इसके साथ ही मुर्गे-मुर्गियों को 70 डिग्री के तापमान में पकाने से इसका वायरस खत्म हो जाता है। श्री बंसल ने लोगों को मुर्गे-मुर्गियों को अच्छे से पकाकर खाने की सलाह देने को कहा।
कलेक्टर ने कोरोना वायरस के रोकथाम के उपायों की तरह इस व्यवसाय से जुड़े लोंगो को दुकानों में अनिवार्य रूप से मास्क का प्रयोग करने तथा नियमित रूप से सेनेटाइज करने के अलावा हाथों की भी नियमित सफाई करने के निर्देश दिए।
पक्षियों के मरने की स्थिति में दुकान या कोई भी व्यक्ति इसे न उढ़ाये ऐसी स्थिति में तत्काल इसकी सूचना पशु चिकित्सा विभाग को दे। कलेक्टर ने कहा कि सभी व्यपारियो को इस संक्रमण से स्वयं की बचाव करने तथा इसके संक्रमण की रोकथाम की पुख्ता व्यवस्था करने की आवयश्कता है।
शिवानंद आश्रम गुमरगुंडा में आयोजन
दंतेवाड़ा 19 जनवरी। जिले के गीदम विकासखंड अंतर्गत गुमरगुंडा स्थित शिवानंद आश्रम में मंगलवार को सिद्ध तपस्वी प्रेमानंद सरस्वती की पुण्यतिथि में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शिरकत की। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1991 की 19 जनवरी को ही शिवानंद आश्रम के संचालक प्रेमानंद सरस्वती की आश्रम परिसर में हत्या कर दी गई थी।
मंगलवार सुबह से ही आश्रम परिसर में जिले के विभिन्न गांवों से श्रद्धालुओं के आने का क्रम शुरू हो गया था। भक्तों ने संत की समाधि में मत्था टेका। इसी कड़ी में जिस कुटिया में प्रेमानंद भक्तों से मिलते थे, उक्त कुटिया में भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। जिस स्थान पर स्वामी जी की प्रेमानंद जी की हत्या की गई थी,उक्त समाधि स्थल पर भी अनुयायियों ने पुष्पांजलि अर्पित की। भक्तों के आवागमन का क्रम देर शाम तक चलता रहा। इस दौरान दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले से सैकड़ों अनुयायियों ने प्रेमानंद जी के समाधि मंदिर में नमन किया। श्रद्धालुओं में महिलाएं पुरुष और बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल थे।
इस दौरान शिवानंद आश्रम परिवार द्वारा प्रवचन का आयोजन भी किया गया था। इसमें शिवानंद आश्रम ऋषिकेश से विशेष प्रवचनकर्ता पहुंचे थे। प्रवचन के दौरान वक्ताओं ने हिंदू धर्म के गूढ़ रहस्य को श्रद्धालुओं के समक्ष रखा।
इसके उपरांत भजन कीर्तन संपन्न हुआ। सम्मेलन के दौरान आयोजित भंडारे में हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 19 जनवरी। अपोलो अस्पताल के लैब टैक्नीशियन से मारपीट करने वाले एनएमडीसी कर्मचारी को काफी विरोध के बाद अब निलंबित कर दिया गया है।
घटना रविवार के शाम करीब 6.30 बजे की है। अपोलो स्टाफ की बैठक चल रही थी, तभी एनएमडीसी कर्मचारी विजय शर्मा जो कि डिपॉजिट 10,11 ए में कार्यरत है, वहां पहुंचते ही लैब टैक्नीशियन को लात घूसों से मारते हुए मारपीट शुरू कर दी। वहां बीच-बचाव करने आये अपोलो स्टाफ के साथ भी मारपीट की। इसके बाद वह वहां से चला गया। जिसके बाद अपोलो कर्मचारी व एसकेएमएस यूनियन ने मारपीट करने वाले पर कार्रवाई की मांग करते हुए अस्पताल परिसर में ही विरोध करने लगे। इसके बाद एसकेएमएस यूनियन ने इसके विरोध में एनएमडीसी चेक पोस्ट में प्रदर्शन करते हुए रात्रि पाली में जाने वाले कर्मचारी व बसों को चेक पोस्ट में रोककर उत्पादन ठप किया गया। बाद में मध्य रात्रि में एनएमडीसी के अधिकारी द्वारा मारपीट के आरोपी कर्मचारी को निलंबित करने के आदेश आने के बाद कर्मचारियों की ड्यूटी बसें रवाना हुई। कर्मचारी को निलंबित करने के बाद प्रबंधन के द्वारा जांच कमेटी बनाई गई। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले एनएमडीसी कर्मी की पत्नी भी अपोलो अस्पताल में कार्यरत हैं। अपने सहकर्मी लैब टैक्नीशियन पर मानसिक उत्पीडऩ का आरोप लगाया गया है। लेकिन पुलिस थाने में इसकी किसी प्रकार की एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
जगदलपुर, 19 जनवरी। कोतवाली थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग जगहों से पुलिस ने दो सटोरियों को गिरफ्तार किया । साथ ही आरोपियों के कब्जे से नगद रकम के साथ सट्टा - पट्टी की पर्चियां भी बरामद की।
कोतवाली टीआई एमन साहू ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि भगत सिंह स्कूल और सोढ़ी पेट्रोल पंप के सामने दो युवक लोगों से रुपये लेकर सट्टा खिलाने का काम कर रहे हैं। इसके साथ ही दोनों युवक लोगों से अवैध रूप से रुपये वसूली का भी काम कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों ही जगहों पर दबिश देते हुए युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने युवकों से कड़ाई से पूछताछ करना शुरू किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों हनी साहू (24) निवासी पथरागुड़ा और कुश यादव (29) निवासी लालबाग ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से 5 हजार 9 सौ रुपये नगद रकम समेत सट्टापट्टी की पर्चियां बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा के तहत अपराध पंजीबद्व कर लिया है।
जगदलपुर , 19 जनवरी। बस्तर अधिकार मुक्तिमोर्चा के संभागीय संयोजक नवनीत चाँद ने अपने जारी बयान में कहा कि एनएच 30 व एनएच 16 को जोडऩे वाली 19 किलोमीटर की मारेंगा बाईपास सडक़ पुन: निर्माण की बजाए मरम्मत करवाया जाना बस्तरवासियों से धोखा दिए जाना जैसा है।
निर्माण के भ्रष्टाचार में जांच के दौरान प्रथम दृष्टि में दोषी अधिकारी, कर्मचारियों व ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग व अब कार्रवाई में देरी का कारण जाने हेतु जिले के जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन व विभागीय अधिकारियों को ध्यानाकर्षण ज्ञापन सौंप व उनके हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन की प्रतिलिपि बस्तर पधार रहे, राज्य के मुख्यमंत्री को स्थानीय प्रशासन से मिलने का समय लें, बस्तर के सबसे बड़े भ्रष्टाचार व अब तक दोषियों पर कार्रवाई न होने की वजह पूछा जाएगा व उनसे निवेदन किया जाएगा, कि वह बस्तर के दौरे में ही जांच एजेंसियों की जांच रिपोर्ट तलब कर दोषियों पर कार्रवाई करें।
व बस्तर में एनएच 30 व 16 को जोडऩे वाली वैकल्पिक मारेंगा बाईपास सडक़ के पुन: निर्माण हेतु सम्भावित बजट राशि स्वीकृत करके जाएं, ताकि बस्तरवासियों को उनके विपक्षीय कार्यकाल के समय उनके वादों का जमीनी धरातल क्रियान्वयन की झलक महसूस हो सके वह भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लग सके।
भाजपा ने की भव्य स्वागत की तैयारियां
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 19 जनवरी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय 20 जनवरी को अपने तीन दिवसीय बस्तर प्रवास पर जगदलपर पहुँच रहे हैं। मौजूदा राजनीतिक वातावरण में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बस्तर दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
श्री साय 22 जनवरी को भाजपा द्वारा आहुत धान खरीदी में व्याप्त अनियमितता व कांग्रेस सरकार की वादा खिलाफी के विरोध में जिलास्तरीय धरना व रैली में भी शामिल होंगे। वहीं जिला भाजपा द्वारा अपने प्रदेश अध्यक्ष श्री साय के प्रथम बस्तर आगमन पर स्वागत की जोरदार तैयारियाँ की जा रही है। शहर आगमन के साथ ही कई स्थानों पर प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत भाजपा कार्यकर्ता करेंगे। जिसकी रूपरेखा को संगठन द्वारा जि़म्मेदारियाँ सौंप कर अंतिम रूप दिया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय सडक़ मार्ग से बुधवार को साढ़े 11 बजे जगदलपुर पहुँचेंगे। भाजपा जिलाअध्यक्ष रूप सिंह मंडावी ने बताया कि तीन दिवसीय बस्तर प्रवास पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहेंगे। जिनके भव्य स्वागत की व्यापक तैयारियाँ की जा रही है।
महाराणा प्रताप चौक आमागुडा़ में जिला भाजपा,स्टेट बैंक चौक में भाजपा पार्षद दल व चाँदनी चौक में नगर मंडल द्वारा स्वागत किया जायेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साय सीधे भाजपा जिला कार्यालय पहुँचेंगे। जहाँ भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक लेंगे। 21 जनवरी को श्री साय दक्षिण बस्तर दंतेवाडा़ प्रवास पर रहेंगे। 22 जनवरी को संभाग मुख्यालय जगदलपुर में भाजपा द्वारा आहुत जिलास्तरीय धरना व रैली में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय शामिल होंगे। भाजपा जिला अध्यक्ष श्री मंडावी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के आगमन से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। दो साल पुरानी कांग्रेस सरकार की नाकामी व वादा खिलाफी को लेकर भाजपा जनता के बीच पहुँच रही है। श्री मंडावी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम व बैठक में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने कहा है।
महिला आयोग अध्यक्ष से रिपोर्ट लिखाने की बात कही
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 19 जनवरी। छत्तीसगढ़ महिला आयोग अध्यक्ष किरणमयी नायक 18 जनवरी को महिला उत्पीडऩ मामलों की सुनवाई के लिए कलेक्टोरेट पहुंची थी। इस दौरान समाजसेवी बेला भाटिया के नेतृत्व में बीजापुर गंगालूर तहसील की ग्रामीण महिलाओं ने उनके साथ मारपीट और उनके गांव में निर्माणाधीन देवगुड़ी को डीआरजी व सीआरपीएफ के जवानों द्वारा जला दिए जाने और एक नाबालिग के साथ डीआरजी के जवानों द्वारा सामूहिक बलात्कार की शिकायत करने पहुंचे थे।
समाजसेविका बेला भाटिया ने बताया कि एक नाबालिग के साथ डीआरजी के जवानों द्वारा बलात्कार किए जाने और इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराए जाने पर उन्हें जान से मारने की धमकी देने के चलते पीडि़ता द्वारा थाना जाने से डरने की बात कही। उन्होंने पीडि़ता द्वारा पहचाने गए चारों डीआरजी जवानों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट लिखाने की बात कही। उन्होंने बताया कि जवानों द्वारा धमकी दिए जाने से डरे पीडि़ता के परिजन और ग्रामीण इस तरह डरे हुए हैं कि वह थाना भी नहीं जा रहे हैं । बेला भाटिया ने बताया कि ये महिलाएं जगदलपुर आने में भी डर रहे थे।
बेला भाटिया ने बताया कि 15 जनवरी को गांव पूसनार थाना गंगालूर और इससे लगे क्षेत्र के सुरक्षा बल कैंप से लगभग 300 सुरक्षा बल , जिसमें डीआरजी और सीआरपीएफ के जवान थे, दोपहर लगभग 3 बजे गांव के वड्डे पारा में निर्माणाधीन देवगुड़ी को आग लगा दी और आसपास उपस्थित बच्चे वृद्ध और महिलाओं के साथ मारपीट की है। इन दोनों मामलों की शिकायत करते हुए महिला आयोग की अध्यक्ष से न्याय दिलाने की मांग करने यह ग्रामीण महिलाएं पहुंची थीं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 19 जनवरी। आज जैन संत आचार्य श्री महाश्रमण जी की अहिंसा यात्रा जो कि बस्तर में चल रही है, का चित्रकोट विधायक राजमन बेंजाम ने अपने निवास ग्राम बास्तानार में हार्दिक अभिनंदन किया।
अभिनंदन पश्चात श्री बेंजाम ने आचार्य जी का ससम्मान अपने बस्तानार स्थित कार्यालय में स्वागत किया।
आचार्य जी की अहिंसा यात्रा के विषय पर चर्चा की साथ ही उनके साथ अमूल्य समय व्यतीत कर शुभकामनाओं के साथ आचार्य श्री महाश्रमण जी को विदाई दी ।
आज के इस अहिंसा यात्रा कार्यक्रम में चित्रकोट विधायक राजमन बेंजाम के साथ अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बस्तानार चंद्रशेखर ठाकुर, उपाध्यक्ष जगबंधु ठाकुर, देवेंद्र पोडिय़ाम, लक्ष्मण कर्मा, मनकू मुचाकी, लिंगु ठाकुर , सुखराम पोयाम, बबलू ठाकुर, ब्रिजनारायन ठाकुर व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दन्तेवाड़ा, 19 जनवरी। राज्य शासन की महत्वकांक्षी योजना पढ़ई तुंहर दुआर के अंतर्गत पारा मोहल्ला में चल रहे ऑफलाइन क्लास का संयुक्त संचालक लोक शिक्षण संभाग जगदलपुर के द्वारा आज विकासखंड कुआकोंडा के विभिन्न पारा मोहल्ला मे संचालित शालाओं का अवलोकन किया गया।
जे डी अमय लाल राठिया के द्वारा हुर्रापारा कुवाकोण्डा में कक्षा तीसरी की छात्रा तमन्ना कोर्राम और संजना से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली गई और आंकलन से संबंधित कुछ सवाल पुछे जिनका बच्चों ने आसानी से जवाब दिया। जे डी के द्वारा ठाकुरपारा नकुलनार में संचालित पारा मोहल्ला क्लास से बहुत प्रभावित हुए जहां पर बच्चों ने संयुक्त संचालक से अँग्रेजी में बात की। कुछ सामान्य बातें जे डी के द्वारा बच्चों से किया गया जिनका जवाब बच्चों ने अँग्रेजी में दिया जिसे सुनकर संयुक्त संचालक के द्वारा क्लास को सराहा गया। जे डी के द्वारा यहाँ के शिक्षक तोरण ध्रुव के कार्य को भी सराहा गया।
संयुक्त संचालक के द्वारा कक्षा तीसरी की छात्रा अफरिन, रितेश, कोमल, अनुराधा, प्रशांत, कृति मनीषा से पढ़ाई के संबंध मे जानकारी ली और कुछ सवाल भी पूछे। इस मौके पर जिला शिक्षा राजेश कर्मा, जिला मिशन समन्वयक एस एल शोरी, खंड शिक्षा अधिकारी बीना गौतम, सहायक परियोजना समन्वयक बुधराम कोवासी, राजेंद्र पांडे, चंद्रप्रकाश चौहान, खंड स्रोत समन्वयक राम कुमार मोहंती एवं संकुल समन्वयक धन सिंह उपेंडी, प्रतिमा वानखेडे, कृष्णा सोनी, सुनीता सिंह, नेहा राठौर एवं जीवरखान लाल निषाद मौजूद थे।
निधि समर्पण अभियान को लेकर जुटे लोग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भानुप्रतापुर, 19 जनवरी। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण अभियान को लेकर आज जामड़ी पाटेश्वर धाम बालोद के संत बालक दास का नगर आगमन हुआ। मेन चौक भानुप्रतापपुर में महाराज का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद अंतागढ़ रोड सांई मंदिर में इनका व्याख्यान हुआ।
उन्होंने कहा कि ये मंदिर नहीं भारत का नव निर्माण हो रहा है। इसके लिए कई सदियां बीत गई। कई साधु संत बलिदान हो गए। मंदिर बनाने के लिए साधु संतों ने यह निर्णय लिया कि 50 करोड़ लोगों की सहभागिता होनी चाहिए। छत्तीसगढ़वासियों को गर्व हैं कि कौशल्या माता का मायका प्रभु श्रीराम का ननिहाल छत्तीसगढ़ है। वनवास के समय प्रभु श्रीराम के वनवास के दौरान छत्तीसगढ़ की पावन धरा से होते हुए लंका की ओर सीता माता की खोज के लिए गए थे। राम मंदिर समस्त भारतवासियों की आस्था का प्रतीक है। संत बालक दासजी के समक्ष बड़ी निधि समर्पण राशि देने वाले दान दाताओं को कूपन काट कर दिया गया। इस अवसर पर सर्व हिन्दू समाज राम भक्तजन उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 19 जनवरी। कोण्डागांव में यातायात सुरक्षा माह 18 जनवरी से मनाया जा रहा हैं। सडक़ सुरक्षा माह के तहत सडक़ हादसों में कमी लाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाई जाएगी। जागरूकता कार्यक्रम के तहत कोण्डागांव के पुलिस अधीक्षक कार्यालय से छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम, कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा, एसपी सिद्धार्थ तिवारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
पुलिस मुख्यालय रायपुर व परिवहन विभाग मंत्रालय रायपुर के आदेशानुसार 18 जनवरी को दोपहर 12 बजे 32वां राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह का शुभारंभ छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम के माध्यम से यातायात रक्षक रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना कर किया गया। जिसके माध्यम से ट्रैफिक पुलिस कोण्डागांव द्वारा नियमित रूप से जिला कोण्डागांव के हर गांव बाजार, चौक-चौराहों में जाकर यातायात नियमों के संबंध में जानकारी दी जाएगी। इससे सडक़ दुर्घटना से होने वाली जन धन की हानि से बचा जा सके तथा आमजनों यातायात नियमों की जानकारी हो सके। कार्यक्रम की अगली कड़ी में हेलमेट बाईक रैली का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की अगुवाई में कलेक्टर कोण्डागांव, पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव, पुलिस के समस्त स्टाफ, जिले के जन प्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक सम्मलित हुए। बाईक रैली पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रारंभ होकर रायपुर नाका, जामकोट पारा, जयस्तम्भ चैक, रेस्ट हाउस चैक होते हुए एनसीसी ग्राउण्ड पर समाप्त किया गया। कार्यक्रम के आरंभ में स्कूली बच्चों द्वारा यातायात जागरूकता गीत प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के माध्यम से पिछले वर्ष की दुर्घटनाएं और उनसे हुए नुकसान का जिक्र करते हुए सडक़ सुरक्षा माह के महत्व को बताया गया एवं 1 माह तक होने वाले जागरूकता कार्यक्रम की जानकारी दी गई। इसी कड़ी में कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा द्वारा अपने कॉलेज के दिनों को याद करते हुए अन्य राज्यों में यातायात की स्थिति बताते हुए आंकड़ों द्वारा हेलमेट के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम द्वारा शहर के नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी देने एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने के विषय पर चर्चा किया गया। आयोजन के पहले पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी व यातायात के अधिकारी व सडक़ सुरक्षा समिति के सदस्यों की बैठक लेकर राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह के संबंध में होने वाले माहभर के कार्यक्रम की विस्तृत चर्चा कर रूपरेखा तैयार की गई है।
राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह 18 जनवरी से 17 फरवरी तक आयोजित है।
विधायक और कलेक्टर ने हेलमेट पहनकर कोण्डागांव के सडक़ों पर दौड़ाया बाइक
कोण्डागांव के विधायक व छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कोण्डागांव के सडक़ों पर हेलमेट पहनकर बाइक दौड़ाया। मोहन मरकाम के साथ-साथ जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातरम, कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी समेत जनप्रतिनिधियों और पुलिस अमला हेलमेट पहने हुए पीछे पीछे चल रहा था। विधायक और अधिकारियों के दल ने कोण्डागांव के सडक़ों पर सडक़ सुरक्षा का संदेश देते हुए हेलमेट पहनकर बाइक चलाया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 19 जनवरी। सरगीपाल ग्राम पंचायत में स्थित सडक़ किनारे की एक दुकान को पिछले दिनों ग्रामीणों द्वारा तोड़ा गया था। इस संबंध में छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस जे के पदाधिकारी नरेंद्र भवानी द्वारा स्थानीय पत्रकार भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि पूर्व जनप्रतिनिधियों के द्वारा भ्रष्टाचार के मामले को सरगीपाल के पंच मनीराम नाग द्वारा सूचना के अधिकार के तहत जानकारी हासिल कर उजागर किए जाने से बदले की भावना के साथ कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण के नाम पर दुकान को तोड़ा गया, जबकि पंच मनीराम नाग पिछले 25 वर्षों से उक्त स्थल पर अपना व्यवसाय संचालित कर रहे हैं जिन्हें बाहरी व्यक्ति के द्वारा अवैध कब्जा किया जाना बताकर तोड़ा गया, जबकि वह वर्तमान में सर्गीपाल पंचायत के पंच के रूप में जनप्रतिनिधि भी हैं।
इस दौरान उन्होंने पूर्व सरपंच सचिव सर्वेयर के द्वारा 25 लाख रुपए का घोटाला किए जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने पूर्व सरपंच पर अपने पिता के नाम से एजेंसी बनाकर मिट्टी, मुरूम ढुलाई का गलत भुगतान किए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उक्त मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग जिलाधिकारी से करेंगे।
पत्रकारवार्ता के बाद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की बात भी उन्होंने कही इस दौरान पीडि़त पंच मनीराम नाग ,सरपंच चंपा नाग एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
जगदलपुर, 19 जनवरी । अत्यंत नक्सल प्रभावित क्षेत्र के तौर पर जाना जाने वाले कोलेंग क्षेत्र की तस्वीर अब बदलने वाली है। कलेक्टर रजत बंसल ने इस क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ-साथ खेल और संस्कृति के विकास के लिए तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। मंगलवार को जिला कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने इस क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने मनवा नवा नार के तहत चयनित गांवों में भी सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराते हुए आदर्श गांव के रुप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन गांवों में पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी केन्द्रों के साथ ही उचित मूल्य की दुकानों में भी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन गांवों में ग्रामीणों को रोजगारमूलक कार्यों से जोडऩे के लिए मुर्गीपालन, अंडा उत्पादन, बकरीपालन, कृषि आदि कार्यों से जोड़ऩे के निर्देश दिए। बैठक में वन मंडलाधिकारी सुश्री स्टायलो मंडावी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंद्रजीत चंद्रवाल, अपर कलेक्टर अरविंद एक्का सहित जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने छिंदगुर के उप स्वास्थ्य के संचालन में किए जा रहे विलंब पर गहरी नाराजगी जताई और इस विलंब के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने सुपोषण के लिए चलाए जा रहे जनजागरुकता अभियान को एक कदम आगे बढ़ाते हुए पोषण पुनर्वास केन्द्रों के माध्यम से कुपोषित बच्चों का उपचार प्राथमिकता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए विशेष पोषण पुनर्वास केन्द्रों के स्थापना की बात भी कही।
कलेक्टर ने सामुदायिक वन संसाधन अधिकार के लिए विवादों का समाधान तत्परता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने जगदलपुर, बस्तर और बकावंड विकासखण्ड में इन विवादों के समाधान में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए एक सप्ताह के भीतर कार्य में गति लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने की नरवा सहित फ्लेगशिप योजनाओं की समीक्षा
जगदलपुर,19 जनवरी । प्राकृतिक सौन्दर्य से भरपूर बस्तर में कई झरने हैं। इन झरनों में कई ऐसे हैं, जिनमें शीत ऋतु के आते-आते जल का प्रवाह बंद हो जाता है। ऐसे झरनों में जलप्रवाह बढ़ाने के लिए नरवा कार्यक्रम के तहत कार्य करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर रजत बंसल ने मंगलवार को नरवा, वन धन और गोधन योजना की समीक्षा की। इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी सुश्री स्टायलो मंडावी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंद्रजीत चंद्रवाल सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास और वन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री बंसल ने इस अवसर पर कहा कि ये मुख्यमंत्री की फ्लेगशिप योजनाएं हैं और इन योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नरवा कार्यक्रम से भू-जल स्तर में वृद्धि के साथ ही मृदा अपरदन में भी कमी आती है। कार्बन सामग्री और नमी बढऩे से कृषि उत्पादकता में होने वाली वृद्धि को देखते हुए उन्होंने नरवा कार्यक्रम को पूरी गति के साथ क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नरवा कार्यक्रम के तहत स्वीकृत कार्यों के प्रगति की एक-एक कर समीक्षा की। उन्होंने इस कार्यक्रम के तहत चयनित नालों के आसपास गोठानों के निर्माण और चारागाहों के विकास पर भी जोर दिया, जिससे पशुओं को आसानी से पानी सुलभ हो। उन्होंने नरवा कार्यक्रम के तहत जिले के 65 नालों के आसपास जल संरक्षण और संवर्द्धन हेतु किए जा रहे कार्यों के प्रभाव का अध्ययन करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना की समीक्षा के दौरान गोबर खरीदी के लिए सभी समितियों को सक्रिय करने के साथ ही गोबर विक्रेताओं को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य आजीविका के रुप में वनोपज पर निर्भर यहां के ग्रामीणों के आर्थिक उत्थान के लिए वन धन योजना के तहत वन-धन केन्द्रों के निर्माण में तेजी लाने के साथ ही प्रसंस्करण के लिए आवश्यक उपकरण स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि वनोपज संग्राहकों को उत्पादों का उचित मूल्य उपलब्ध कराने के लिए 52 प्रकार के लघु वनोपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। शासन की मंशा को साकार करने के लिए ग्रामीणों को वनोपज का उचित मूल्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वनोपज क्रय के कार्य में लगी समूहों को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए। वनोपज खरीदने वाले व्यापारियों के कांटा बांट की जांच के निर्देश भी दिए गए, जिससे कोई ग्रामीण धोखाधड़ी का शिकार न हो। ग्रामीणों से धोखाधड़ी करने वालों पर कानूनी कार्यवाही के निर्देश दिए गए। आगामी वर्षा ऋतु में किए जाने वाले वृक्षारोपण के लिए अभी से तैयारी प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए कहा कि वृक्षारोपण के लिए स्थान का चयन करने के साथ ही गड्ढा खुदाई का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ करें।
जगदलपुर, 19 जनवरी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 26 जनवरी के अवसर पर दो दिवसीय जगदलपुर प्रवास पर 25 जनवरी को पहुंचने वाले हैं। तीन दिवसीय नौकायन प्रतियोगिता का समापन भी मुख्यमंत्री की उपस्थिति में होने की संभावना है। इसके पूर्व दलपत सागर को स्वच्छ बनाने और गुमटी निर्माण करने के लिए नगर निगम आयुक्त प्रेम कुमार पटेल अपने पूरे अमले के साथ जुटे हुए हैं जिसके चलते दलपत सागर भी स्वच्छ नजर आने लगा है वही गुमटीओ के निर्माण का कार्य भी तीव्र गति से चल रहा है।
बस्तर के ऐतिहासिक दलपत सागर के सफाई का कार्य तीव्र गति से चल रहा है वीड हार्वेस्टर मशीन के साथ ही आम जनों के सहयोग से दलपत सागर से जलकुंभी का कचरा प्रतिदिन निकाला जा रहा है इसके साथ ही नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा आइलैंड और दलपत सागर के किनारे स्थित झाड़ झंकार की भी सफाई की जा रही है जिसके चलते आईलैंड और दलपत सागर का पसरी घाट भी अब स्वच्छ नजर आने लगा है इस कार्य में नगर निगम आयुक्त प्रेम कुमार पटेल के साथ सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरे तत्परता के साथ जुटे हुए हैं।
दलपत सागर में पेडलबोट एवं मोटर बोट का संचालन पूर्व में हो रहा था, लेकिन वह सफल नहीं हुआ। जिसके चलते लगभग 6-7 बोट खराब हो गए, उन्हें दलपत सागर के विभिन्न जगहों पर डूबा दिया गया है जिसके चलते भी सफाई कार्य प्रभावित हो रही है। काफी कठिनाई के बाद इन बोट्स को निकाला जा रहा है। ताकि मुख्यमंत्री के जगदलपुर पहुंचने के पहले दलपत सागर की स्वच्छता का कार्य पूरी तरह से हो सके क्योंकि 26 जनवरी के अवसर पर प्रति वर्ष अनुसार इस वर्ष भी संभाग स्तरीय नौकायन प्रतियोगिता का आयोजन टीवी से 25 जनवरी के बीच किया जा रहा है और इस प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित होंगे और उनके हाथों विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा दलपत सागर को सुंदर बनाने की दृष्टि से आइलैंड के एक और गुमटीओ का निर्माण किया जा रहा है। इस कार्य को भी शीघ्र पूरा करने के लिए मजदूर लगे हुए हैं ताकि इन गुमटियो का भी लोकार्पण मुख्यमंत्री के हाथों किया जा सके।
दो नक्सलियों के मारे जाने व दो के घायल होने की खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 19 जनवरी। बासागुड़ा थाना क्षेत्र के पूर्वती के जंगल में पुलिस ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया हैं। घटना स्थल पर आईईडी ब्लास्ट होने से एक जवान भी घायल हो गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को सुरक्षाबल के जवान नक्सल विरोधी अभियान के लिए बासागुड़ा थाना क्षेत्र के पूर्वती के जंगलों की तरफ निकले थे। इसी बीच दोपहर में पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में जवानों ने एक नक्सली को मार गिरा दिया है। वहीं पुलिस ने दो और नक्सलियों के मारे जाने व दो नक्सलियों के जख्मी होने का दावा भी किया है।
घटना स्थल से एक 12 बार बंदूक, आईईडी, नक्सल वर्दी, बैटरी, बिजली तार के अलावा रोजमर्रा के सामान बरामद किए है। वहीं मुठभेड़ के दौरान आईईडी ब्लास्ट होने से डीआरजी में पदस्थ सहायक आरक्षक जागेश्वर पैकरा इसकी जद में आकर घायल हो गए। जवान को दाएं के पैर घुटने में चोट पहुंची है। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए बासागुड़ा अस्पताल लाया गया। यहां से जिला अस्पताल ले जाया जाएगा। जहां से स्थिति को देखते हुए एयर लिफ्ट कर रायपुर भेजा जाएगा। ज्ञात हो कि पूर्वती इलाके में मंगलवार को सुबह से ही अलग अलग हिस्सों में फायरिंग होती रही।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 19 जनवरी। बलरामपुर रामानुजगंज पुलिस ने 691 पेटी अवैध शराब कीमत 13 लाख रुपए को ट्रक समेत जब्त किया है। ट्रक चालक व परिचालक वाहन छोडक़र फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
मध्यप्रदेश में अवैध शराब को लेकर ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद अब छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा के रामानुजगंज बॉडर पर बड़ी कार्रवाई की गई है। शराब माफियाओं द्वारा छत्तीसगढ़ सेे होकर भारी मात्रा में शराब लेकर झारखंड जाने की फिराक में लगे हुए थे। लेकिन पुलिस ने उनको पकड़ कर उनके मंसूबे पर पानी फेर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शराब तस्कर ट्रक में धान की बोरियों के नीचे 691 पेटी रखकर छत्तीसगढ़ से होकर झारखंड की सीमा पर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। तभी पुलिस को शक हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। जिसका पीछा कर पुलिस ने बॉर्डर के उस पार से वाहन को पकड़ लिया।
वाहन तलाशी के दौरान पुलिस को धान की बोरियों के नीचे से 691 पेटी शराब मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर ट्रक सहित थाने ले आई। ट्रक चालक, परिचालक वाहन छोडक़र फरार हो गए, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा, इतनी मात्रा में शराब कहां से लाया जा रहा था और कहां ले जाकर खपाने की मंशा थी। पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों ने रामानुजगंज पुलिस टीम को 5 हजार नगद इनाम की घोषणा की गई। वहीं पुलिस अधीक्षक ने रामानुजगंज पुलिस टीम को बधाई भी दी है।
कोण्डागांव, 19 जनवरी। बस्तर के प्रवेश द्वार फूलों की घाटी केशकाल में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अध्यक्ष बनने उपरांत केशकाल प्रथम आगमन पर प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय के आगमन को लेकर भाजपा मण्डल केशकाल ने जोर शोर से स्वागत किया।
इस दौरान केशकाल पंचवटी से बाइक रैली निकाल केशकाल बस स्टैंड से होकर पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष कटारिया के निवास में सभा लेने पहुंचे, वही महिला मोर्चा टीम ने भी भव्य स्वागत किया। वहीं कार्यक्रम में पूर्व मंत्री व प्रदेश उपाध्यक्ष लता उसेण्डी भी मौजूद रही, कार्यक्रम भाजपा मण्डल अध्यक्ष रामेश्वर उसेण्डी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष के सामने रिटायर्ड शिक्षक मंगलू राम नाग व सखा राम समरथ ने भाजपा प्रवेश किया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय ने सभी कार्यकर्ताओं को जोश के साथ कार्य करने की बात कही। इस बीच उन्होंने बस्तर में होने वाले आगामी कार्यकम को लेकर भी कार्यकर्ताओ को एकजुट होने की बात कही। साथ ही जेल भरो आंदोलन को लेकर भी जिला मुख्यालय में 2000 से अधिक कार्यकर्ताओ के पहुंचने की बात कही। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री व प्रदेश उपाध्यक्ष लता उसेण्डी ने भी कार्यकताओ को प्रदेश की झूठी व वादा खिलापी सरकार द्वारा किसानों के साथ क्षल करने की बात कही।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला कोण्डागांव प्रभारी प्रफुल्ल विश्वकर्मा, बस्तर संभाग प्रभारी विधायक शिवरतन शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज जैन, जिला अध्यक्ष भाजपा दीपेश अरोरा, पूर्व विधायक सेवक राम नेताम, धरम राणा, राजेन्द्र नेताम, आकाश मेहता, अनिता नेताम, भूपेश सिंहा, अंजोरी नेताम, किशन पांडे, दुखा राम मरकाम, विजय पाया, आशा दीवान, धनराज पटेल, वीर बघेल, नवदीप सोनी, राजा गोयल, जित्तू साहू, जायसवाल, अजय मिश्रा, भूपेश चन्द्राकर, किष्णु यादव सहित भाजपा के महिला मोर्चा व विभिन्न प्रकोष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।