राजनांदगांव

नांदगांव भाजपा की नई टीम में महिला के लिए उठी महामंत्री पद की मांग
20-Jan-2021 1:37 PM
नांदगांव भाजपा की नई टीम में महिला के लिए उठी महामंत्री पद की मांग

पूर्व महापौर स्व. शोभा सोनी के रिक्त पद को भरने तेज हुई मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 जनवरी।
राजनांदगांव जिला भाजपा की नई कार्यकारिणी में महिलाओं के लिए महामंत्री पद दिए जाने की मांग उठ रही है। महिलाओं की ओर से संगठन में 33 प्रतिशत आरक्षक दिए जाने के प्रावधान के तहत महामंत्री पद दिए जाने की पुरजोर आवाज उठते ही भाजपा में खलबली मच गई है। सियासी रूप से अध्यक्ष के बाद महामंत्री का पद प्रभावशाली माना जाता है। 

माना जाता है कि भाजपा में महिला कार्यकर्ताओं की लंबी फेहरिस्त है। हाल ही के महीनों में जिले में भाजपा की राजनीतिक परिस्थितियां काफी बदली है। पार्टी ने कोरोना काल में शोभा सोनी जैसी चर्चित नेतृत्व को खो दिया। उनके मरणोपरांत से संगठन में महिला नेतृत्व को लेकर अकाल की स्थिति भी बनी हुई है। लिहाजा महिलाओं ने अब शोभा सोनी के निधन की भरपाई करने के लिए अब महामंत्री जैसा रूतबेदार पद पर अपना दावा ठोंका है। भाजपा ने महिलाओं को राजनीति में उचित स्थान देने के लिए कटिबद्ध रही है। संगठन में महिलाओं को तय आरक्षण के मुताबिक पद दिए जाने का भी प्रावधान है। जिला भाजपा अध्यक्ष के अधीन दो महामंत्री होते हैं। पिछले कुछ सालों से दोनों महामंत्रियों को अलग-अलग जिम्मेदारी के तहत संगठन को मजबूत करने का दायित्व सौंपा जाता रहा है। 

बताया जा रहा है कि दोनों पद में से एक पर महिलाओं को मनोनीत किए जाने की मांग प्रबल रूप से उठी है। इस बीच मौजूदा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव के कार्यकाल को 14 माह हो चुका है। अब तक उनकी कार्यकारिणी अस्तित्व में नहीं आई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने प्रदेश भाजपा को अपनी कार्यकारिणी की सूची मंजूरी के लिए भेज दी है। तकनीकी कारणों से अब तक इस पर निर्णय नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि महामंत्री पद के लिए सचिन बघेल, राजेन्द्र गोलछा, दिनेश गांधी का नाम चर्चा में है। बघेल के लिए पूर्व सांसद अभिषेक सिंह प्रयासरत हैं। वहीं राजेन्द्र गोलछा के लिए खूबचंद पारख अड़े हुए हैं। 

चर्चा है कि जिलाध्यक्ष यादव किसी नए चेहरे को मनोनीत किए जाने के पक्ष में है। उधर महिलाओं को महामंत्री पद में मनोनीत किए जाने के लिए जिले के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश नेतृत्व को बकायदा पत्र भी लिखा है। महिलाओं को महामंत्री पद दिए जाने का ज्यादातर वरिष्ठ नेता पैरवी कर रहे हैं। 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news