सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,29 नवम्बर। नगर पंचायत में राज्य शासन के द्वारा मनोनीत पार्षद विकास गुप्ता का शपथ ग्रहण समारोह विधायक बृहस्पत सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल, उपाध्यक्ष बजरंग गुप्ता, वरिष्ठ पार्षद अशोक जयसवाल सहित नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में हुआ। नवनियुक्त मनोनीत पार्षद को एसडीएम गौतम सिंह के द्वारा पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर विधायक बृहस्पति सिंह ने नवनियुक्त पार्षद को बधाई देते हुए कहा कि आप नगर विकास में पूरे नगर पंचायत परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलें। नगर पंचायत के विकास के लिए मुझसे जो भी बन पड़ेगा, वह मैं करने के लिए तैयार हूं।
नगर पंचायत रामानुजगंज का विकास हो, ऐसा मेरा हर समय प्रयास रहता है। नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि हम सब मिलकर नगर पंचायत को और आगे ले जाएंगे, सामूहिक प्रयास से हम सब विकास के नए आयाम गढ़ सकते हैं।
पार्षद अशोक जयसवाल ने कहा कि विधायक हर समय नगर पंचायत के विकास के लिए चिंतित रहते हैं उनसे जब भी मदद मांगी जाती है वे सहर्ष मदद को तैयार रहते हैं।
इस दौरान पार्षद मुकेश जायसवाल,राजेश सोनी, कौशल जैसवाल, प्रमोद कश्यप, विकास दुबे राम जी बर्मन, अभिषेक सिंह, रमेश गुप्ता, उप अभियंता विनोद यादव, अजय गुप्ता, विनोद केसरी, जगरनाथ गुप्ता सहित नगर के गणमान्य नागरिक और नगर पंचायत के कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सीएमओ दीपक एक्का ने किया।